*** हिंदी प्रचार-प्रसार एवं सभी रचनाकर्मियों को समर्पित 'सृजन महोत्सव' चिट्ठे पर आप सभी हिंदी प्रेमियों का हार्दिक-हार्दिक स्वागत !!! संपादक:राजकुमार जैन'राजन'- 9828219919 और मच्छिंद्र भिसे- 9730491952 ***
Showing posts with label आलेख. Show all posts
Showing posts with label आलेख. Show all posts

Monday, 11 January 2021

वर्ष 2021 की चुनौतियां (आलेख) - प्रोफेसर शामलाल कौशल

वर्ष 2021 की चुनौतियां
(आलेख)

अब मेरे जीवन की सांझ होने वाली है। मैं बचपन से ही यह सुनता आ रहा कि देश मुश्किल हालात में से गुजर रहा है। 1947 मे जब भारत विभाजन हुआ तो लाखों लोग पाकिस्तान से भारत में और भारत से पाकिस्तान की तरफ गए। ना जाने कितने लोगों को बेरहमी से मार दिया गया, कितनी संपत्ति बर्बाद हो गई, आने-जाने के साधन ध्वस्त हो गए, न जाने कितनी मासूम अबलाओं की आबरू से खिलवाड़ किया गया। पाकिस्तान में रह रहे बहुत सारे हिंदुओं को कत्ल कर दिया गया और उनकी बहू बेटियों के साथ मुसलमानों ने निकाह कर लिया। जो हिंदू मुसलमान बनने के लिए राजी हो गए उन्हें छोड़ दिया गया और बाकियों को मौत के घाट उतार दिया गया। विभाजन के समय पाकिस्तान तथा हिंदुस्तान में जो दंगे हुए उनमें बंगाल के दंगे बहुत खतरनाक थे तभी तो स्वतंत्रता प्राप्ति वाले दिन महात्मा गांधी जी इन दंगों को शांत कराने के लिए बंगाल चले गए थे। विस्थापित लोगों को भारत में बसाना एक बहुत बड़ी चुनौती थी। लेकिन पाकिस्तान से उजड़ कर आए और अपना सब कुछ छोड़कर आई लोगों ने जिस बहादुरी से अपने आप को पुनर्स्थापित किया और आज उनमें से कईयों का नाम उच्च कोटि के लोगों में गिना जाता है, वह एक अनुकरणीय मिसाल है।

स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद देश का विकास करना एक बहुत बड़ी चुनौती थी। देश के प्रथम प्रधानमंत्री, जवाहरलाल नेहरू में देश में पंचवर्षीय योजनाओं को शुरू किया तथा देश में सार्वजनिक उद्योगों की आधारशिला रखी, भाखड़ा बांध समेत योजना शुरू की ताकि बिजली का उत्पादन हो सके, बाढ़ें रोकी जा सके तथा कृषि की सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध हो सके। वर्तमान समय में विश्व के अनेक देशों की तरह भारत में भी जो मंदी की स्थिति है उसका मुकाबला करने में हमारे देश के सार्वजनिक क्षेत्र की इकाइयां महत्वपूर्ण रोल अदा कर रही हैं।
जब देश आजाद हुआ तो यह एक पिछड़ा हुआ देश था। अंग्रेजों ने यहां खूब लूटमार की। यहां का धन दौलत इंग्लैंड ले गए और देश में उद्योगों को विकसित नहीं होने दिया गया। देश से कच्चा माल इंग्लैंड जाता था और वहां से बना बनाया उद्योगों का माल आयात किया जाता था। अनाज की कमी थी। भारत को भीख मांगने का कटोरा लेकर अमेरिका के पास पीएल 480 के तहत अनाज मंगवा कर लोगों का पेट भरना पड़ता था। इस बीच भारत के प्रधानमंत्री, बहादुर शास्त्री ने अनाज की समस्या के समाधान के लिए महीने में एक बार शाम के समय लोगों को भोजन ना करने और अनाज को बर्बाद ना करने का सुझाव दिया। 1965 में ही पाकिस्तान ने भारत पर हमला कर दिया और शास्त्री जी के नेतृत्व में पाकिस्तान को इसका मुंह तोड़ जवाब दिया गया। दोनों देशों में समझौते के लिए रूस की राजधानी, मास्को में पाकिस्तान के राष्ट्रपति अयूब खान तथा भारत के प्रधानमंत्री, श्री लाल बहादुर शास्त्री के बच युद्धविराम के लिए समझौता हुआ, लेकिन इसे भारत का दुर्भाग्य ही कहना चाहिए शास्त्री जी का मास्को में ही स्वर्गवास हो गया। इस तरह देश के सामने एक और चुनौती खड़ी हो गई।
भारत को बार-बार अमेरिका से पीएल 48 के तहत अनाज मंगवाने से बहुत शर्मनाक स्थिति का सामना करना पड़ा। इस समस्या को हल करने के लिए भारत में हरित क्रांति लाई गई जिसके तहत गेहूं, चावल आदि पांच फसलों के उन्नत बीज, खाद और सिंचाई की सुविधाएं उपलब्ध करा कर कृषि का उत्पादन बढ़ाया गया। हम ना केवल अनाज के मामले में आत्मनिर्भर हो गए बल्कि अनाज का निर्यात भी समय-समय पर करने लगी। इस तरह देश ने अनाज की कमी की चुनौती का सामना बहुत ही समझदारी से किया।
इस तरह हमारे देश को समय-समय पर कई प्रकार की चुनौतियों का सामना करना पड़ा है और देश ने उनका संतोषजनक ढंग से समाधान निकाला है।
लेकिन इसके बावजूद भी वर्ष 2021 भारत के लिए चुनौतियों से भरपूर वर्ष लगता है। इन चुनौतियों को हल करने के लिए भारत को आर्थिक, सामाजिक, सैनिक तथा विदेश नीति से संबंधित कुछ अहम फैसले करने होंगे। वर्ष 2020 में कोविड-19 ने देश में बहुत सारे लोगों को संक्रमित ही नहीं किया बल्कि बहुत सारे लोगों को मौत की नींद सुला दिया। संसार के अन्य देशोंकी तरह भारत में भी मंदी के कारण आर्थिक विकास अ पने निम्नतम स्तर पर पहुंच गया लोगों की आमदनी कम हो गई, बेकारी फैल गई, सरकार की आमदनी तो कम होगी लेकिन विभिन्न कारणों से सरकार का खर्चा बढ़ गया। इस तरह से सरकार के लिए वित्तीय संकट खड़ा हो गया। वर्ष 2021 इस दृष्टि से चुनौतीपूर्ण है। सरकार को ना केवल आर्थिकी को पुनर्स्थापित करना है, बेकारी दूर करनी है, लोगों की आय तथा मांग में वृद्धि करनी है बल्कि व्यापार तथा उद्योग को कुछ सुविधाएं देनी है ताकि वे अपने पैरों पर फिर से खड़े हो सकें। सरकार को जहां गैर उत्पादक खर्चों में कटौती करनी पड़ेगी वहां सरकार को अपने राजस्व में वृद्धि करने के लिए भी नए स्रोतों का पता लगाना होगा।
वर्ष 2020 में कोरोनावायरस महामारी ने देश का सत्यानाश कर दिया। लोगों में निराशा ही निराशा पैदा हो गई। बहुत सारे लोग मारे गए, बहुत सारे लोग संक्रमित हो गए। लोगों में हर समय मौत का साया मंडराने लगा। लोगों को अपने घरों में कैदियों की तरह रहना पड़ा, बाहर निकलने पर सोशल डिस्टेंसिंग तथा मास्क का पहनना और बार-बार हाथों को सेनीटाइजर अथवा साबुन से धोना जरूरी हो गया। यह खुशी की बात है कि कोरोनावायरस महामारी को रोकने के लिए अपने ही देश में दो प्रकार की वैक्सीन का आविष्कार कर लिया गया है और उसका प्रयोग आपात स्थिति को देखते हुए किया जा सकता है। भारत द्वारा कोरोना के इलाज के लिए वैक्सीन के आपात प्रयोग को डब्ल्यूएचओ ने अनुमति दे दी है। यह खुशी की बात है कि संसार के कुछ और देश जैसे चीन, रूस, इंग्लैंड आदि देशों ने भी इस महामारी के इलाज के लिए वैक्सीन तैयार कर ली है। हमारे देश में वैक्सीन को लेकर अनावश्यक राजनीति, आशंका तथा अनिश्चितता की जो स्थिति है उस चुनौती का मुकाबला करना सरकार तथा लोगों के लिए बहुत जरूरी है। आखिरकार कोरोनावायरस महामारी से हमें निजात तो पानी ही पड़ेगी।  इस बीच इंग्लैंड से पहले से भी ज्यादा खतरनाक कोरोनावायरस के कुछ मरीज आने तथा उनके मरने से दुनिया भर में आतंक की स्थिति पैदा हो गई है जो कि एक और प्रकार से चुनौतीपूर्ण कार्य है।
भारत के सामने एलएसी पर चीन के भारी सैनिक जमावड़े का सामना करना एक बहुत बड़ी चुनौती है। दोनों देशों के बीच लद्दाख क्षेत्र में चीनी सैनिकों द्वारा घुसकर कुछ इलाकों पर कब्जा करने की समस्या को हल करने के लिए दोनों देशों के बीच कई दौर की वार्ता हो चुकी हैं। दोनों देशों में 1990 में सीमा को लेकर जो सहमति हुई थी चीन उस पर अमल करने से इंकार कर रहा है। इतना ही नहीं वह दोनों देशों की सीमाओं के साथ-साथ अपने क्षेत्र में सड़कों का निर्माण कर रहा है ताकि आवश्यकता पड़ने पर अपने सैनिकों को जल्दी-जल्दी वहां पहुंचा कर भारत पर हमला कर सकें। कहने को तो चीन भारत के साथ अपनी समस्याओं को हल करना चाहता है लेकिन वास्तविकता यह है कि एक तरफ तो वह बातचीत करके हमें उलझाए रखना चाहता है और दूसरी तरफ दोनों देशों की सीमा पर भारी मात्रा में सैनिक तथा युद्ध सामग्री तैयार करके भारत को आंखें दिखाने की भी कोशिश कर रहा है। भारत चीन की इस चुनौती को समय आने पर वीरता पूर्वक हल करेगा क्योंकि 2021 का भारत 1962 का भारत नहीं है जब उसने हमें शर्मनाक पराजय दी थी। हमें चीन की चुनौती का मुकाबला करने के लिए ना केवल अपने आप को सैनिक दृष्टि से मजबूत करना पड़ेगा बल्कि चीन से मंगवाई जाने वाली वस्तुओं को अपने देश में पैदा करके आत्मनिर्भर बनना पड़ेगा। बहुत सारी विदेशी कंपनियां चीन से भारत में निवेश करना चाहती हैं, हमें उन्हें अधिक से अधिक सुविधाएं देकर उनका स्वागत  ही नहीं करना चाहिए बल्कि चीन के मुंह पर एक थप्पड़ भी मारना चाहिए। भारत को चीन को लेकर अपनी विदेश नीति में इस तरह से तब्दीली करनी चाहिए की अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उसको अपना मुंह छुपा ना मुश्किल हो जाए।
   1947 में भारत विभाजन के बाद पाकिस्तान ने हमें चैन से नहीं रहने दिया! जम्मू कश्मीर के महाराजा, हरि सिंह के द्वारा लिखित तौर पर देने के बाद कि उनका राज्य भारत में विलय चाहता है, श्रीनगर और कश्मीर में मुस्लिम बाहुल्य को ध्यान में रखते हुए पाकिस्तान ने इस पर कब्जा करने के लिए अपने सैनिकों को मुजाहिदीन के तौर पर भेज दिया और उन्होंने कश्मीर के एक भाग पर बलात कब्जा कर लिया जो कि आज तक भी कायम है जिसे कि आजाद कश्मीर कहा जाता है। संयुक्त राष्ट्र के हस्तक्षेप के द्वारा दोनों देशों में कश्मीर को लेकर युद्धविराम हुआ। लेकिन पाकिस्तान अभी भी कश्मीर को किसी न किसी प्रकार से हमारे से छीनना चाहता है। इस उद्देश्य की प्राप्ति के लिए भारत तथा पाकिस्तान में 1965, 1971 तथा 1999 में युद्ध हुए जिसमें भारत में पाकिस्तान को घुटने टेकने के लिए मजबूर कर दिया। 1971 के युद्ध में हमारे सैनिकों ने ऐसी व्यूह रचना बनाई कि पूर्वी पाकिस्तान बांग्लादेश के तौर पर एक अलग देश बन गया। भारतीय सैनिकों ने पाकिस्तान के 90000 सैनिकों को आत्मसमर्पण करने के लिए विवश कर दिया। अब भी समय-समय पर यही पाकिस्तान भारत में अपने यहां प्रशिक्षित आतंकवादियों को तोड़फोड़ की कार्रवाई के लिए भेजता रहता है, युद्ध विराम का उल्लंघन करके नागरिक क्षेत्रों पर बमबारी करता रहता है, जम्मू कश्मीर में वहां के निवासियों को भारत के खिलाफ बगावत करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रहा। उसे सबक सिखाने के लिए हमारे सैनिकों ने सर्जल स्ट्राइक कर के आतंकवादी के ठिकानों को नष्ट किया है। भारत के साथ युद्धकी स्थिति बनाए रखने के कारण तथा आतंकवाद का केंद्र होने के तौर पर बदनाम होने के कारण पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था चरमरा गई है, अंतरराष्ट्रीय क्षेत्र में उसे आर्थिक सहायता मिलनी बंद हो गई है, पाकिस्तान के आंतरिक क्षेत्रों में असंतोष और आतंकवाद अपनी चरम सीमा पर है। पाकिस्तान है कि वह अपनी भारत विरोधी शत्रुता तथा आतंकवादी तत्वों को जम्मू कश्मीर में तोड़फोड़ करने से बाज नहीं आता। 2021 की हमारी यह चुनौती रहेगी कि हम पाकिस्तान को हमेशा के लिए सबक सिखा कर उसे सही रास्ते पर लाएं। अगर दोनों देशों में युद्ध हुआ तो पाकिस्तान के कई टुकड़े हो जाएंगे।
भारत को अपनी विदेश नीति में परिवर्तन करना भी 2021 की एक बहुत बड़ी चुनौती होगी। हमें अपने पड़ोसियों जैसे नेपाल, श्रीलंका, मालदीप, म्यांमार आदि के साथ सौहार्द पूर्ण संबंध बनाने होंगे। चीन के द्वारा इन देशों में सैनिक ठिकाने बनाकर भारत को घेरने की कोशिश को निष्क्रिय करना होगा। हमें इन देशों में आवश्यक आर्थिक सहायता तथा निवेश के द्वारा अपनी जगह बनानी होगी। इसके अलावा भारत को ईरान के साथ संबंध और सुदृढ़ करने पड़ेंगे! क्योंकि ईरान अफगानिस्तान में तालिबान की हरकतों को पसंद नहीं करता! संबंध सुधरने की स्थिति में वह तालिबानियों को नियंत्रित करने में मदद करेगा। क्योंकि कभी ना कभी तो अमेरिका तथा उसके सहयोगी देश अपनी अपनी सेनाओं को अफगानिस्तान से निकाल ही लेंगे ऐसी स्थिति में भारत को अफगानिस्तान के सैनिकों को प्रशिक्षण देने तथा वहां पर विकासात्मक एवं कल्याणकारी कार्यों के लिए निवेश करने का मौका मिलेगा। ऐसी स्थिति में पाकिस्तान तथा चीन अफगानिस्तान में अपना हस्तक्षेप बनाने की कोशिश करेंगे जिसे कि भारत को रोकना होगा। अरब देशों के साथ कुल मिलाकर भारत के सौहार्दपूर्ण संबंध हैं। पाकिस्तान की छवि मुस्लिम देशों में दिन प्रतिदिन धूमिल होती जा रही है। सुरक्षा तथा कृषि संबंधी सहायता प्राप्त करने के लिए भारत के लिए इसराइल के साथ संबंधों को और सुदृढ़ बनाना एक चुनौती रहेगी। भारत और रूस के आपसी संबंध दीर्घ काल से ही सौहार्दपूर्ण रहे हैं।
भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय दृष्टि से अमेरिका के साथ संबंधों को सुदृढ़ बनाना एक बहुत बड़ी चुनौती रहेगी। अमेरिका के सभी राष्ट्रपति भारत के पक्ष में नहीं रहे। कुछ की नीति चीन के प्रति उदार रही जबकि कुछ अमेरिकन राष्ट्रपतियों ने कश्मीर के मामले में पाकिस्तान का साथ दिया। लेकिन बराक ओबामा के समय से भारत और अमेरिका के संबंध लगातार सुधरते रहे हैं। दोनों देशों में परमाणु कार्यक्रम तथा रक्षा संबंधी कई समझौते हुए। निवर्तमान राष्ट्रपति, डोनाल्ड ट्रंप और भारत के प्रधानमंत्री, श्री नरेंद्र मोदी के बीच में निकटतम व्यक्तिगत संबंध रहे हैं। आशा की जानी चाहिए कि अमेरिका के नए राष्ट्रपति जो बा्इडन के शासनकाल में दोनों देशों में संबंध और सुदृढ़ होंगे। अमेरिका ना केवल पहले की तरह भारत को सामरिक दृष्टि से सहायता देता रहेगा बल्कि सुरक्षा परिषद का स्थाई सदस्य बनने में मदद भी करेगा। भारत संयुक्त राष्ट्र का मौलिक सदस्य हैं। दूसरे विश्व युद्ध के बाद जब इसकी स्थापना हुई थी तो भारत इसका सदस्य बना था। भारत संयुक्त राष्ट्र की विभिन्न एजेंसियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुका है उसके लिए सुरक्षा परिषद का सदस्य बनाना एक बहुत बड़ी चुनौती होगी। भारत एक परमाणु संपन्न देश है, विश्व की पांचवी बड़ी अर्थव्यवस्था है, विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है, इसका महत्व अंतर्राष्ट्रीय क्षेत्रों में दिन प्रतिदिन बढ़ता ही जा रहा है। आशा करनी चाहिए कि अमेरिका कश्मीर के मामले में भारत का समर्थन करेगा।
  इस तरह वर्ष 2021 को लेकर भारत को बहुत सारी चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा। जिस तरह अतीत में हमने सभी चुनौतियों का सफलतापूर्वक निदान किया है तथा समाधान किया है आशा है कि इस वर्ष भी हम देश के समक्ष चुनौतियों को बहुत आसानी से हल कर लेंगे। इस समय जो खेती से संबंधित 3 कानूनों को लेकर पंजाब, हरियाणा, यूपी तथा देश के अन्य भागों के किसानों के द्वारा दिल्ली में जो आंदोलन किया जा रहा है आशा की जाती है इसका सौहार्दपूर्ण हल इस तरह निकाल लिया जाएगा के किसान संतुष्ट होकर अपनी-अपनी घरों में वापस जा सके। हर देश के सामने हर साल अपने-अपने ढंग से चुनौतियां आती हैं और सभी देश विवेकपूर्ण ढंग से उनको हल करने की कोशिश करते हैं।
-०-
पता: 
प्रोफेसर शामलाल कौशल
रोहतक (हरियाणा) 

-०-

प्रोफेसर शामलाल कौशल जी की रचनाएं पढ़ने के लिए शीर्षक चित्र पर क्लिक करें!

***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

Wednesday, 6 January 2021

मानसिक शान्ति (आलेख) - सुनील कुमार माथुर

 

मानसिक शान्ति 
(आलेख)
आज हर इंसान तनावपूर्ण जीवन व्यतीत कर रहा हैं । चूंकि भले ही उसकी कोई व्यक्तिगत समस्या न हो , कोई परेशानी न हो , लेकिन वह दूसरों की प्रगति  , उन्नति  , सेवा विस्तार, धन सम्पदा देखकर परेशान है  , चिन्तित है  , हैरान परेशान है  , दुखी हैं । अब वह मानसिक शांति चाहता हैं जो उसे कदापि नहीं मिल सकती । 

मानसिक परेशानी आपने स्वंय पैदा की हैं । अतः उसका समाधान भी आपको ही ढूंढना होगा चूंकि मानसिक शान्ति पाने के लिए आप भले ही किसी डाॅक्टर के पास चले जाईये वह आपको मानसिक शांति नहीं दे सकता । इस बीमारी का कोई भी टिका या दवाई नहीं है । अगर आप मानसिक शांति चाहते हैं तो अपने मन में दया , करूणा  , ममता  , वात्सल्य, प्रेम व विश्वास, स्नेह  , भाईचारे की भावना, पीडित व दुखीजन की निस्वार्थ भाव से सेवा करना जैसे भाव लाने होंगे जब तक आप ऐसे विचारों को मन में उत्पन्न कर उनको स्वंय अमल में नहीं लायेगे तब तक मानसिक शांति हासिल करना असम्भव ही हैं । 

मानसिक शान्ति कहीं बाजार में नहीं मिलती हैं । इसे तो प्रेम व स्नेह से ही मन मे लाया जा सकता हैं । हम समाज में सुधार तभी ला सकते हैं जब पहले हम अपने मन में सकारात्मक सोच विकसित करे । सकारात्मक सोच के साथ आगें बढें तभी दूसरों को वैसा करनें की सीख दे सकते हैं । आज हम दूसरों की प्रगति देखकर दुखी हो रहे है जो उचित नहीं है ।

हर इंसान में प्रतिभा छिपी होती हैं बस जरूरत है तो उस प्रतिभाव हुनर को निखारने की  । मगर हमें दूसरों की प्रगति देखकर जलन होती हैं जो उचित नहीं है । हमें हमारे मन में प्रेम  , करूणा, ममता व वात्सल्य का भाव हर वक्त जगाये रखना होगा । अगर हम किसी का भला न कर सके तो कोई बात नहीं लेकिन हमें किसी का बुरा नहीं करना चाहिए । मानसिक शान्ति और कहीं नहीं है वह हमारे मन में ही हैं लेकिन हम उसका इस्तेमाल नहीं कर पा रहें है ।

अगर हम किसी का भला करेंगे तभी हमें अपार शांति का अनुभव होगा । अतः प्यासे को पानी पिलायें, भूखे को भोजन करायें  , पीडित  , बीमार की सेवा करें  , पशु-पक्षी की सेवा करें  , उन्हें चारा व दाना डाले फिर देखिये कितनी मानसिक शान्ति मिलती है । अपना नजरिया बदले फिर देखिये चारों ओर शान्ति ही शान्ति है ।

हर फैसलें शांति के साथ लेने चाहिए चूंकि जल्दबाजी में लिए गये फैसलें कई बार गलत साबित होते हैं । अपनी सोच सकारात्मक रखें तो सदैव लाभ ही लाभ हैं । सभी के लिए सदैव अच्छा ही सोचे , कभी भी किसी के लिए बुरा न सोचें । हर कार्य मन लगाकर करें सफलता अवश्य ही मिलेगी । जो भी कार्य करना चाहें जरूर करें लेकिन फालतू समय कभी भी बर्बाद न करें । 

बिना मांगे कभी भी किसी को कोई भी राय न दें अन्यथा दूसरों को सीख देने के चक्कर में खुद का नुकसान कर बैठेंगे समय सदैव शुभ फल देने वाला ही होता है बस आप अपनी वाणी पर नियंत्रण रखें । अपने कॅरियर के प्रति हमेशा गंभीर निर्णय लें । कभी भी अपने आत्मविश्वास में कमी नहीं आने दे । सदैव स्वस्थ रहें  , मस्त रहें व व्यर्थ की चिन्ता छोड़ दें । चूंकि मानसिक शान्ति तो प्रेम  , करूणा  , ममता व वात्सल्य से ही प्राप्त की जा सकती हैं । 

इंसान कपडों से नहीं बनता है दिल से बनता है । मदद एक ऐसा इत्र हैं जो आप दूसरों पर जितना छिटकेगे , आप उतना ही अधिक  म हकेगे । इंसान भक्ति करके शक्ति पाता हैं और फिर वह शक्ति के आधिन हो जाता है और यही से व्यक्ति का विनाश शुरू हो जाता हैं । अतः कभी भी अपनी शक्ति का दुरूपयोग न करें । हमेशा अच्छे कार्य करें । व्यक्ति को अपने जीवन में सकारात्मक सोच रखते हुए अंतिम क्षण तक कुछ न कुछ नया सीखते रहना चाहिए ताकि आने वाली पीढी आप से कुछ जानना चाहे तो आप उसे आसानी से कुछ समझा सकें ।
-०-
सुनील कुमार माथुर ©®
जोधपुर (राजस्थान)

***

***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

Monday, 21 December 2020

गाँव का विकास (आलेख) - अ कीर्तिवर्धन

 

गाँव का विकास
(आलेख)
संत्री से मंत्री तथा प्रधानमंत्री तक गाँव के विकास या कहें अंतिम आदमी तक के विकास की बात नित प्रति बडे बडे सेमीनार तथा टीवी पर प्रायोजित भाषणों मे करते रहते हैं। अनेकों योजनायें भी ग्रामीण विकास को केन्द्र मे रखकर ही बनायी जाती हैं।
हमारी चुनाव प्रणाली का भी अध्ययन करें तो पायेंगे कि इस प्रक्रिया ये भी अन्तिम छोर तक का व्यक्ति विकास की इस प्रक्रिया से जुडा है। यहाँ हमे कुछ बातें समझनी होगीं जिसमें सर्वप्रथम गाँव के विकास के मायने क्या हों?
और इस विकास के होने अथवा नही होने देने के लिये कौन उत्तरदायी है? नेता-अधिकारी अथवा स्वयं जनता जिसके लिये विकास की बात की जा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में विकास के लिये क्या क्या सुविधाएं होनी चाहिये?
आज देश के लगभग सभी गाँव मे पक्की सडकें हैं। इन्टर तक के स्कूल आसपास के गाँव मे और डिग्री स्कूल भी हैं। पीने के पानी का प्रबन्ध भी अधिकतर है। वर्तमान युग की महत्वपूर्ण आवश्यकता इन्टरनेट सब जगह मौजूदहै।
ग्राम प्रधान, पंचायत अध्यक्ष विधायक, सांसद आदि के माध्यम से अत्याधिक धनराशि का आवंटन विकास के लिये किये जाता है। किसानों को कृषि यंत्र सरकारी सहायता छूट के माध्यम से न्यूनतम दाम पर उपलब्ध कराये जाते हैं। गांव मे विद्युत आपूर्ति बेहतर और न्यूनतम दाम पर उपलब्ध है। शिक्षा के क्षेत्र में पब्लिक स्कूलों की गाँव मे बाढ आ गयी है। जितने भी औद्योगिक क्षेत्र बनते हैं वह भी शहर से दूर ग्रामीण क्षेत्रों मे ही बनाये जाते हैं। ग्रामीणों के लिये अनेक लघु उद्योग योजनाओं को प्राथमिकता दी जाती है। गांव गांव में प्राथमिक चिकित्सा केन्द्र हैं। 
इतना सब होने के बावजूद गाँव और ग्रामीण का विकास न हो पाने के कारणों पर विचार करना आवश्यक है। विचार करें क्या किसी सरकारी मंत्रालय को सुदूर गाँव मे बनाया जा सकता है अथवा किसी अंतरराष्ट्रीय कम्पनी का कार्यालय स्थानांतरित किया जा सकता है? शायद आपका भी उत्तर होगा नही। विचार करना होगा कि क्यों हमारे बच्चे शहर से 5-10 किमी दूर गांव मे भी नही रहना चाहते? गांव के स्कूलों में पढना अपमान क्यों लगता है? सभ्यता संस्कृति और संस्कारों का निर्वाह क्यों भारी लगने लगा? शहर के बच्चे प्राइवेट सैक्टर मे नौकरी करने को वरीयता देते हैं और गांव के बच्चे चाहे सारा जीवन बीत जाये, मजदूरी करते रहें, मकान खेत बेच दे मगर उनका सपना है केवल सरकारी नौकरी जो एक बार लग गयी तो गांव आकर झांकना पसन्द नही करते।
एक प्रश्न आता है साफ सफाई का तो प्रधान तथा पंचायत क्यों सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति नही करते? गांव का आदमी अपने गाँव मे मजदूरी नही करना चाहता। इसे वह अपमान समझता है। भ्रष्टाचार भी बहुत बडा कारण है गाँव से पलायन का। प्रधान सचिव, पटवारी और भी न कितने लोग हैं जो हर कदम पर लूट मे शामिल हैं। खुद ग्रामीण भी इस लूट का हिस्सा हैं।
बातें बहुत हैं जो वहाँ पर रहकर ही समझी जा सकती हैं और विगत तीन वर्ष से इसका अध्ययन भी कर रहे हैं।
परन्तु यहाँ मेरा प्रश्न यह है कि 50 वर्ष मे गांव को स्मार्ट क्यों नही बना पाये, क्या अवरोध हैं और क्या सपने व मापदंड हैं उन कारणों पर रोशनी डाली जाये। 
-०-
पता: 
अ कीर्तिवर्धन



***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

Thursday, 17 December 2020

टीम गठन और मानव शरीर (आलेख) - डॉ अवधेश कुमार अवध

 

टीम गठन और मानव शरीर
(आलेख)
करोड़ों वर्षों के अनवरत जैव विकास के साथ मानव इस रूप को प्राप्त हुआ। यह भी कहना गलत नहीं होगा कि समस्त जैव जातियों- प्रजातियों में मानव सबसे बुद्धिमान प्राणी है, लिहाजा मस्तिष्क का प्रयोग भी सर्वाधिक करना स्वाभाविक है। स्वयं की शारिरिक संरचना जनित सुगम कार्य पद्धति से प्रभावित होकर मनुष्य आपसी मेल - जोल को सदैव महत्व देता रहा है और इसी से परिवार, समाज, समुदाय, जनपद, राज्य, भीड़, झुंड तथा टीम आदि व्युत्पन्न किये गये।

आज के उपभोक्तावादी प्रतिस्पर्धी समाज में औसत जीवन जीने के लिए "टीम" से जुड़ना सर्वाधिक महत्वपूर्ण है। टीम की परिकल्पना का आधार मनुष्य द्वारा स्वयं के शरीर को समझना ही रहा। मनुष्य ने महसूस किया कि मानव शरीर में सिर से पाँव तक विविध अंग हैं जो विविध कार्य करते हैं जो समग्र रूप से मस्तिष्क द्वारा निर्धारित उद्देश्य की दिशा में ही होते हैं। यह मस्तिष्क ही शरीर रूपी टीम का लीडर होता है और समस्त प्रमुख अंग इस टीम के मेम्बर।

कभी कभी देखा गया है कि मस्तिष्क जब अस्वस्थ होता है तो उसके द्वारा गलत या अनुचित निर्देश जारी किये जाते हैं। इसके कारण से हाथ या पैर उस निर्देश को मानकर कार्य को अंजाम देते हैं। परिणाम स्वरूप अंग भंग होने की सम्भावनाएँ बढ़ जाती हैं या दंड भोगना पड़ता है। फिर तो शरीर में असंतोष फैलने लगता है। ठीक इसी प्रकार टीम लीडर के गलत निर्णय या निर्देश के कारण टीम में बिखराव हो जाता है। इसके विपरीत अंगों के गलत कार्य का दुष्प्रभाव भी मस्तिष्क पर पड़ता है। उदाहरणार्थ उदर ने अधिक ऊर्जा का संचय कर लिया तो तमाम बीमारियाँ शुरु हो जाती हैं और दूसरे अंग कमजोर होने लगते हैं। टीम में भी सदस्यों के असंगठित होने का परिणाम टीम लीडर के साथ ही पूरी टीम पर पड़ता है।

जैसे एक मनुष्य अपने शरीर के समस्त अंगों के प्रति सजग रहकर उनको संगठित रखता है, देखभाल करता है और उचित तरीके से उत्तरदायित्व बाँटता है। एक टीम को भी वैसे ही चाहिए कि मानव शरीर से प्रेरणा लेकर स्वयं को संगठित रखकर निर्धारित उद्देश्य को प्राप्त करे। 
-०-
डॉ अवधेश कुमार अवध
गुवाहाटी(असम)
-०-


***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

Saturday, 12 December 2020

ग़रीबी और शहरी गरीबी क्या हैं (आलेख) - रेशमा त्रिपाठी

  

ग़रीबी और शहरी गरीबी क्या हैं
(आलेख)
ग़रीबी वह हैं जिसमें व्यक्ति के दैनिक जीवन निर्वाह के लिए बुनियादी जरूरतों की पूरा न कर पाने वाली स्थिति उत्पन्न होती है यह गरीबी किसी भी गांव के भूमिहीन श्रमिकों मजदूरों की शहरों में भीड़ भरी झुग्गी झोपड़ियों में रहने वाले लोगों की भी हो सकती हैं और उनकी भी को काम की तलाश में लाखों की संख्या में गाॅ॑व से शहर पलायन करने को मजबूर होते हैं इसका मुख्य कारण हैं जरूरत के मुताबिक भोजन, कपड़ा, मकान, गाॅ॑वों में बेसिक सुविधाएं जैसें सड़के,पानी,बिजली,उचित शिक्षा,रोजगार,सामाजिक भेदभाव होने के कारण सामान्यतः  उपलब्ध नहीं हो पाता हैं यहीं कारण हैं अधिकतर लोग शहरों की ओर पलायन करने को विवश होते हैं । माना जाता हैं कि एक गाॅ॑व या एक नगर का हर चौथा व्यक्ति इस गरीबी की श्रेणी में आता हैं जो रोजमर्रा की जिंदगी से रोटी के लिए जूझता हैं इनमें वैसे लोगों की संख्या अधिक हैं जो अधिकतर अनपढ़, अल्प साक्षर हैं ज्यादातर लोगों का मानना हैं कि यह मलिन बस्तियों के शहरी गरीबी की श्रेणी में आते हैं यह दैनिक वेतन भोगी या अल्प आमदनी के लोग भी हो सकते हैं इनमें बाल श्रमिक की संख्या ज्यादा होती हैं जो कम उम्र में चाय के ढांबे पर, जूता पॉलिश करने,कंपनियों में, कारखानों में काम करने वाले दिहाड़ी मजदूर के रूप में होते हैं । साथ ही भिखारी, खाना बनाने वाले,घर– घर कूड़ा उठाने वाले लोग भी हो सकते हैं । शहरों में असंगठित क्षेत्र के लोग गरीब वर्ग में आते  है जिन्हें भारत सरकार ने चार भागों में विभक्त किया है–व्यवसाय, रोजगार की प्रकृति, विशेष रूप से, पीड़ित श्रेणी एवं सेवा श्रेणी के लोग आते हैं । जिसमें कुल भारतीय कार्यबल के लगभग 90% औपचारिक क्षेत्र के गांव में खेती करने वाले लोग, सब्जी बेचने वाले, सिलाई, कढ़ाई, बुनाई करने वाले, निर्माण कार्य  करने वाले श्रमिक संघ के लोग आते हैं । रोजगार की प्रकृति में प्रवासी मजदूर, बन्धुआ मजदूर, दैनिक मजदूर आते हैं विशेष एवम् पीड़ित श्रेणी में दिहाड़ी मजदूर, बोझा ढोने वाले मजदूर,महिला मजदूर और अन्य काम करने वाले श्रमिक आते हैं असंगठित मजदूरों के बीच गरीबी और शहरी गरीबी के बीच गरीबी उन्मूलन एक सेतु का काम करती हैं इन सभी क्षेत्रों के निर्माण कार्य अनौपचारिक रूप से किए जाते हैं । यही गांवों से शहरों में पलायन का मुख्य कारण हैं किन्तु हाल ही यह पलायन शहरों से गांवों की ओर देखने को मिला इसका मुख्य कारण कोविद– 19 वायरस हैं जिससे पूरा विश्व प्रभावित हुआ हैं किन्तु सबसे अधिक श्रमिक वर्ग को इसका प्रभाव झेलना पड़ा है हालांकि सरकार सभी सुविधाएं मुहैया कराने का अथक प्रयास कर रही हैं किन्तु दैनिक वेतन भोगी श्रमिक वर्ग जिसे पीने का पानी भी सामान्यतः उपलब्ध नहीं हो पाता वह कई बार हाथ कैसे धुले,सेनिटाइजर ,मास्क जो कि मुख्य सुरक्षा कवच हैं वह कैसे मुहैया हो खास कर उसे जिसे भोजन एक समय का ठीक से नसीब नहीं होता हो ..उसके पास पलायन के सिवा दूसरा कोई विकल्प भी क्या हो सकता हैं  बहरहाल पूरे देश में 21 दिनों के बंद के सबसे ज्यादा तकलीफ देश दैनिक वेतन भोगी श्रमिकों को झेलनी पड़ रही हैं। फैक्ट्री बंद होने से काम न मिलने के कारण मजदूर मजबूरन भूख से या आत्महत्या करने को मजबूर हैं । बड़ी संख्या में मजदूरों ने एक राज्य से दूसरे राज्यों की ओर, अपने घर की तरफ पलायन कर दिया इससे कई मजदूरों को अपनी जिंदगी से भी हाथ धोना पड़ा साथ ही संक्रमित लोगों की चपेट में आने का खतरा बढ़ गया । सरकार ने पूरे देश में 21 दिन का सम्पूर्ण लॉकडाउन तो कर दिया, मगर इंतजाम देखकर लगता हैं कि सरकार ने गरीब मजदूरों के बारे में विचार नहीं किया। और यदि विचार किया भी तो कोई ठोस नीति नहीं अपना पाई  यही वजह हैं कि लाखों की तादाद में गरीब मजदूर महानगरों से अपने घर की ओर पलायन करने को मजबूर हैं। गरीब कामगारों के गांवों की पलायन की स्थिति भयानक रूप में देखने को मिली हैं आज देश का दैनिक वेतन भोगी दो जून की रोटी के लिए तरस रहा हैं ।सरकार को इस बात पर विशेष ध्यान देना चाहिए कि आखिर क्यों लाखों की तादाद में लोग शहरों से गांवों की और गांवों से शहरों की ओर पलायन करने को बाध्य हो जाते हैं इसके लिए ठोस आधार भूत स्तंभ क्या– क्या हो  सकते हैं । निश्चित रूप से यदि सरकार गांवों के परिवेश में विचार करें जैसे  उच्च शिक्षा संस्थान, रोजगार हेतु कम्पनियों,कारखानों का निर्माण,सड़क,बिजली,पानी की समुचित व्यवस्था ,कृषि , स्त्री शिक्षा पर विशेष बल , बच्चों की शिक्षा, जनसंख्या वृद्धि पर रोक आदि बिंदुओं पर यदि सारगर्भित विचार कर कार्य को क्रियान्वित करें तो निश्चय ही गरीबी कि दशा में सुधार होगा और इस तरह किसी संक्रमण काल में पलायन की भयावह स्थिति देखने को नहीं मिलेगी यकीनन ....यह महामारी का दौर गरीब तबके के लोगों के लिए एक अभिशाप के रूप में आया हैं  जो कि बेहद चिन्ता जनक  विषय है..।।
-०-
रेशमा त्रिपाठी
प्रतापगढ़ (उत्तर प्रदेश)

-०-

***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

Saturday, 15 August 2020

■■ देशभक्ति: आधुनिक परिप्रेक्ष्य में ■■ (आलेख) - अलका 'सोनी'

■■ देशभक्ति: आधुनिक परिप्रेक्ष्य में ■■

(आलेख)
' देशभक्ति या देश प्रेम ' की भावना का तात्पर्य है एक नागरिक का उसके राष्ट्र के प्रति समर्पण व प्रेम। यह किसी देश से उसके सांस्कृतिक ,ऐतिहासिक ,सामाजिक और राजनीतिक पहलुओं से जुड़ा होता है। देशभक्ति शब्द आते ही हमारी आंखों के सामने भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद, महात्मा गांधी और सुभाष चंद्र बोस जैसे महान क्रांतिकारियों की छवि उभर आती है। जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया था । यह देश प्रेम की पराकाष्ठा थी। ऐसे असंख्य क्रांतिकारियों और देश प्रेमियों की सूची है ,जिनका नाम इतिहास में स्वर्णाक्षरों में दर्ज है तो वहीं अनगिनत देशभक्तों की कुर्बानी अनाम ही रह गई।जिनका नाम इतिहास में दर्ज़ नहीं हो पाया। जब देश गुलाम था तब जनता में एक क्रांति की धारा बह रही थी ,एक तरह का जुनून था कि किसी तरह देश को पराधीनता से मुक्ति मिल जाए ।इसके लिए आबाल-वृद्ध ,स्त्रियां देश के लिए क्रांति और संघर्ष की राह पर चल पड़े थे।

काफी बलिदानों और संघर्षों के बाद आखिरकार 15 अगस्त 1947 को देश को स्वतंत्रता मिल ही गई। लेकिन लंबी गुलामी के बाद जो देश हमें मिला था अब उसके पुनरुत्थान के लिए नई चुनौतियों के दुष्कर मार्ग पर चलने की बारी आई। वर्षों की क्रांति ने देश को स्वतंत्र तो कर दिया, हमारा स्वयं का तिरंगा झंडा और संविधान तो अस्तित्व में आ चुका था लेकिन अब देश भक्ति का एक नया स्वरूप सामने लाने की बारी आई। जिसमें देश को प्रगति पथ पर अग्रसर करना था ।

दुनिया के बाकी देश तब तक विकास के मार्ग पर आगे बढ़ चुके थे और भारत में वह अपनी शैशवावस्था में था। साथ ही छुआछूत ,निरक्षरता ,सांप्रदायिकता पग-पग पर प्रगति के रथ को रोक रही थी जो कि पराधीनता स्वरूप देश में गहरे पैठ जमा चुकी थी।

हमारा देश इन धार्मिक, सामाजिक कुरीतियों से लड़ते -लड़ते अपनी विकास- यात्रा पर बढ़ रहा था। इसी बीच पड़ोसी देशों के आक्रमण का हमारे बहादुर सैनिकों ने जमकर लोहा लिया। पाकिस्तान को मुंह की खानी पड़ी। यह सब देशभक्ति का ही तो एक अलग रूप है। देश को विकास प्रदान करने के लिए सामरिक दृष्टिकोण से मजबूत बनने के साथ-साथ कृषि, अर्थव्यवस्था, अंतरिक्ष यात्रा भी करनी थी। इसी बीच पंचवर्षीय योजनाओं और श्वेत-हरित क्रांति की शुरुआत हुई। यह सब हमें देश के प्रति एक व्यापक दृष्टिकोण प्रदान करता है। अंग्रेजों के जाने के बाद भारत को फिर से विश्व के सामने मजबूती से खड़ा करने के लक्ष्य ने सभी देशवासियों को देशभक्ति का एक नया अवसर प्रदान किया।

इस दिशा में देश के कृषक, पशुपालक, वैज्ञानिक, चिकित्सक, सैनिक और आम जनता सभी क्रांतिकारियों की भूमिका में खड़े हो गए ।
जिसके फलस्वरूप दुग्ध और कृषि क्षेत्र में आशा अनुरूप वृद्धि हुई । विज्ञान और सैन्य शक्ति के क्षेत्र में भी देश अपने पैरों पर खड़ा होने लगा।
यह सब देशभक्ति का आधुनिक रूप ही तो था। जो भारत को विकसित राष्ट्र बनने की दिशा की ओर ले जाने लगा। आज हमारी अर्थव्यवस्था विश्व समुदाय में अपनी पहचान बना चुकी है । फिर भी इसकी चुनौतियां खत्म नहीं हुई है।

कोई भी देश तभी शक्तिशाली बन सकता है ,जब वहां की जनता में देशप्रेम और निष्ठा हो। वास्तविक रूप में हमारी कर्तव्य -परायणता और सद्चरित्रता ही देश को तरक्की के मार्ग पर ले जा सकती है। एक चरित्रहीन व्यक्ति कभी तरक्की नहीं कर सकता और यही आज देश भक्ति की मांग भी है कि हम अपनी -अपनी जगह पर रहते हुए एक अच्छे नागरिक बने। ऐसा कोई कार्य न करें जिससे देश की हानि हो। आज देश भक्ति केवल प्राण नहीं मांगती वरन हम छोटे-छोटे कार्य कर देश के विकास में सहायक बन सकते हैं।
जैसे घरेलू स्तर पर बिजली की बचत कर के, प्लास्टिक का उपयोग कम करके, इंधन को बचाकर। पेड़ लगाकर या फिर अपनी जरूरतें कम करके ,ताकि हर नागरिक को जीवन जीने के लिए 'बेसिक' चीजें मिलती रहें तथा पर्यावरण भी सुरक्षित रहें।

अगर देश में किसी तरह की आपदा भी आए तो उससे सूझबूझ से निपटना देश -भक्ति का ही एक रूप होता है । जैसे वर्तमान समय में संपूर्ण विश्व कोरोना से जूझ रहा है । भारत में भी इसका आंकड़ा चार लाख तक पंहुच चुका है। 4 महीने से हमारा देश अनेक तरह की परेशानियों से जूझ रहा है । प्रारंभ में ढाई महीने के लॉक डाउन के समय जनता को बेहद कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ा।
लेकिन हम सब ने धैर्य के साथ देश का साथ देकर देश भक्ति का अनुपम उदाहरण पेश किया।

वास्तव में देशभक्ति एक पवित्र और सुंदर भाव है जो हर देशवासी में होनी चाहिए । इससे देश बनता है और प्रगति के मार्ग पर चलता है।
देशभक्ति का यह अर्थ कदापि नहीं है कि हाथों में तिरंगा लेकर देश को हानि पहुंचाने का काम करते रहे। आज की युवा- पीढ़ी देशप्रेम का महत्व समझ कर उसका वास्तविक रूप अपनाये तो यह बेहतर होगा ।देश का भविष्य होने के नाते उनकी जिम्मेदारी बनती है कि वह आगे आकर देश की बागडोर अपने हाथों में लें।
-०-
अलका 'सोनी'
बर्नपुर (पश्चिम बंगाल)

-०-

***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

सृजन रचानाएँ

गद्य सृजन शिल्पी - नवंबर २०२०

गद्य सृजन शिल्पी - नवंबर २०२०
हार्दिक बधाई !!!

पद्य सृजन शिल्पी - नवंबर २०२०

पद्य सृजन शिल्पी - नवंबर २०२०
हार्दिक बधाई !!!

सृजन महोत्सव के संपादक सम्मानित

सृजन महोत्सव के संपादक सम्मानित
हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ