*** हिंदी प्रचार-प्रसार एवं सभी रचनाकर्मियों को समर्पित 'सृजन महोत्सव' चिट्ठे पर आप सभी हिंदी प्रेमियों का हार्दिक-हार्दिक स्वागत !!! संपादक:राजकुमार जैन'राजन'- 9828219919 और मच्छिंद्र भिसे- 9730491952 ***
Showing posts with label आलेख महोत्सव. Show all posts
Showing posts with label आलेख महोत्सव. Show all posts

Sunday, 10 January 2021

"मैं आज की नारी हूँ" (विचार) - भावना ठाकर

 

"पथ नहीं भूली"

(आलेख)

मेरे जीने का अंदाज़ जुदा है सबसे मेरे न्यायाधीश ना बनों, मेरी किस्मत का फैसला करने का हक मैंने किसीको नहीं दिया।

मैं अपने नियम खुद बनाती हूँ जो मैं खुद तोड़ती हूँ, जोड़ती हूँ, मोड़ती हूँ, मेरे उन्मीलन गन्तव्य में अर्गला ना बनों।

मेरी ज़िंदगी मेरी खुद की है तो आधिपत्य किसी और का क्यूँ हो, मैं अपनी शर्तो पर जीती हूँ, हर लम्हे को जी भरकर आनंद लेती हूँ, तो मेरी इर्ष्या क्यूँ ?

अपने सुख दु:ख में लीन हूँ किसी मोहरे की मोहताज नहीं, खुद पर शासन करना जानती हूँ, मेरे विचार से तुम्हारे विचार कतई नहीं मिलते ना मिलेंगे।

महिला और पुरुष के बीच दोहरा मानक क्यूँ? इस मानसिकता के तद्दन ख़िलाफ़ हूँ , हम सब इंसान है ना कोई मजबूत, ना कोई कमज़ोर है।

हाँ मैं जानती हूँ पुरुष की आँखों में आँखें डालकर बात करना, उनके कदमों संग मक्कम अपने कदम मिलाना, मर्द की आशक्त नहीं मैं सबको अपना आशक्त करना जानती हूँ।

मैं एक कुशल, आत्मनिर्भर और हवाओं के खिलाफ़ चलने वाली नारी हूँ, अवनीत की आदत नहीं पूर्णत: खिलना जानती हूँ ।

एक हुनरबद्ध प्रेमिका अपने खुद के प्रेम में व्यस्त हूँ, शलभ हूँ अपनी जीवन शमा की मेरा आंकलन मत करो 

में किसीकी सोच की कठपुतली नहीं, 

अपने साम्राज्य की रानी हूँ, मुझे समझो  मैं आज की नारी हूँ।

-०- 

पता 
भावना ठाकर
बेंगलोर (कर्नाटक)

-०-



***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

Friday, 8 January 2021

*काम का न धाम का दुश्मन अनाज का* (आलेख) - डाॅ० सिकन्दर लाल

 

*काम का न धाम का दुश्मन अनाज का*
(आलेख)

    प्रकृति प्रदत्त उपहार-माँ गंगा इत्यादि महान् नदियों के पवित्र तटों को  कब्जा करने वाले और भोले-भाले मानव को झूठ-मूठ का  प्रवचन देकर उनकी मेहनत की कमाई का धन छीनकर अपना घर-परिवार सजाने वाले तथा उन्हीं भोले-भाले मानवों से नहाने-धोने के लिए कहकर पवित्र जल को दूषित करने वाले और धर्म के नाम पर जमीन आदि को कब्जा करने वाले भारत माता रूपी धाम में मौजूद ये कुछ पाखण्डी बाबाओं एवं भ्रष्टाचार में लिप्त कुछ मूर्ख मनुष्य न तो किसी काम के हैं और जो भी ये राम-रहीम, आशाराम जैसे पाखण्डी बाबा लोग काम करते भी हैं उससे प्रकृति प्रदत्त उपहार-माँ गंगा इत्यादि महान् नदियों, और जल-जंगल-जमीन आदि का नुक़सान ही होता है  और तो और ये कुछ पाखण्डी, अंधविश्वासी बाबा एवं मूर्ख लोग धर्म के नाम पर माँ गंगा, यमुना, सरयू, मंदाकिनी, शिप्रा इत्यादि महान् नदियों के पवित्र तटों और जमीन  को कब्जा करने वाले, मेहनत से धरती माता में उगाये गये विभिन्न खाद्य पदार्थों (नारियल,लड्डू दूध, आरो का पानी) को धर्म के नाम पर चढ़वाते हैं जबकि भगवान् श्रीकृष्ण गीता में अर्जुन से विभिन्न प्रकार के खाद्य पदार्थों को किसी भूखे-प्यासे मानव एवं जीव को खिलाने-पिलाने की बात कही है जो कि भगवान् तक पहुंँचता है। लेकिन हमारे भारत माता रूपी धाम में मौजूद ये कुछ पाखण्डी बाबा लोग इस बात को भोले-भाले मानव को  न समझाकर अनावश्यक गलत बात बताकर एक तरफ ये कुछ पाखण्डी राम-रहीम ,आशाराम जैसे मूर्ख लोग जो कि अभी अधिकतर सरकार के पकड़ से दूर हैं, खाद्य पदार्थों की धर्म के नाम पर बर्बादी करवाते हैं और दूसरी तरफ भोले-भाले मानव एवं अधिक भ्रष्टाचार में लिप्त और बेईमानी से कमाकर इकट्ठा किये हुए कुछ धनवान् लोगों से रुपए-पैसे, सोना-चाँदी और यहाँ तक कि जमीन-जायदाद भी ठगकर अपना घर-परिवार सजाने में लगे हुए हैं और जन-सामान्य घर-गृहस्थी चलाने में परेशान रहता है। तभी तो परमज्ञानी सन्त तुलसीदास जी लिखते हैं कि-

*बहु  दाम  सँवारहिं   धाम  जती।*

*विषया हरि लीन्हि न रही बिरती।।*

*तपसी  धनवंत  दरिद्र  गृही ।*

*कलि कौतुक तात न जात कही।।* 

- सन्त तुलसीदास द्वारा रचित रामचरितमानस उत्तरकाण्ड, छंद- 01, पृष्ठ संख्या- 870 , संवत- 2058 तिरसठवाँ संस्करण, पुस्तक कोड- 82 , गीताप्रेस गोरखपुर |

  -- इसीलिए उपर्युक्त कहे गए भारत माता रूपी धाम में विराजमान् मानव एवं जीव-जन्तु रूपी मूर्तियों को  खाने-पीने के लिए विद्यमान विभिन्न खाद्य-पेय पदार्थो को नुकसान पहुँचाने वाले पाखण्डियों के संदर्भ में यह  कहावत कही गई होगी कि-

  *काम का न धाम का दुश्मन अनाज का "*

   मानव एवं जीव-जन्तु रूपी मूर्तियों का आधार पावन भूमि से युक्त भारत माता की जय! 

-०-

पता: 
डाॅ० सिकन्दर लाल 
प्रतापगढ़ (उत्तर प्रदेश)

-०-
डाॅ० सिकन्दर लाल  की रचना पढ़ने के लिए शीर्षक चित्र पर क्लिक करें! 

***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

Thursday, 24 December 2020

हिंदी साहित्य (कविता) - गजानन पाण्डेय

हिंदी साहित्य
(आलेख)

कहा जाता है ' साहित्य, समाज का दर्पण है।' वस्तुतः यह सच है , लेखक के सृजन में व्यक्ति, समाज व देश  तीनों होते हैं, इसलिए लेखक पर समाज को दिशा देने का गुरुतर भार होता है। 

 साहित्य- लेखन में, मानवीय संवेदना, स्मृतियाँ व समाज के विभिन्न वर्गों के नैतिक व सामाजिक मूल्यों का काफी प्रभाव पड़ता है। 

मुंशी प्रेमचंद ने अपने साहित्य में ' व्यक्ति, समाज व देश, तीनों की समस्याओं का बडी गहराई  से अध्ययन किया है। '

  इनके अलावा उस समय के साहित्यकार रेणु,शरतचंद्र, टैगोर,निराला , महादेवी वर्मा, पंत , प्रसाद आदि ने ऐसा साहित्य रचा है , जो आज भी उतना ही प्रासंगिक है। 

  गोस्वामी तुलसीदास जी की कृति ' श्रीरामचरितमानस ' आज भी घर - घर गाया व पढा जाता है।  वह तो ग्यान, भक्ति, वैराग्य व सदाचार की शिक्षा देनेवाला आदर्श ग्रंथ है। 

 तत्कालीन समाज में, बाल - विवाह, सती प्रथा,छुआछूत, जात - पांत  व धर्मान्धता जैसी  अनेक बुराइयाँ थीं। 

  भारतेन्दु युग के निबंधकार बालकृष्ण भट्ट द्वारा संपादित  ' हिन्दी प्रदीप ' नामक मासिक पत्र  के प्रकाशन का उद्देश्य व्यक्ति में, राष्ट्र- प्रेम  व भारतीयता की भावना  को जागृत करना रहा है। 

    इसी प्रकार, राष्ट्र कवि  मैथिलीशरण गुप्त की रचना ' भारत- भारती '  तो  ' स्वतंत्रता  - संग्राम का घोषणा पत्र बन गया था ।

   इसमें कवि ने भारतीय संस्कृति की  गौरव- गाथा का जहां गुणगान किया है वहीं आज के समाज  के पतन के कारणों का  खुलकर वर्णन किया है।  जनता में  ' नव- जागरण ' के  पुनीत कर्तव्य का कवि ने भली - भांति निर्वाह किया है। 

 वे लिखते हैं  - ' हम कौन थे , क्या हो गये हैं  और 

                   क्या होंगे अभी, आओ विचारे , आज मिलकर, यह         समस्याएं  सभी ।'

   भारत ने विश्व को युद्ध नहीं, बुद्ध दिये हैं।  भारतीय संस्कृति व हिन्दी साहित्य में देश को जोड़ने वाली बातें हैं ।

      भारत में  विभिन्न धर्म, भाषा व जाति के लोगों को अपने ढंग से जीने का समान अधिकार है ।यही ' अनेकता में एकता  ' ही हमारी संस्कृति की विशेषता है। 

        अतः आज के समय में, सभी को देश - निर्माण के यज्ञ में खुले दिल से सहभागी बनना होगा।  इस कार्य में साहित्यकारों की भूमिका काफी महत्वपूर्ण होगी, इसमें दो मत नहीं है। 

    हमारी समृध्द व गौरवशाली संस्कृति से सारा विश्व जुडना चाहता है  , इस कार्य में हिन्दी सेतु का कार्य कर रही है। 

     आइये हम  सभी भारतीय अपने कर्तव्य- पथ पर चलते हुए विश्व  के सामने मिसाल पेश करें। 

-०- 
पता 
गजानन पाण्डेय
हैदराबाद (तेलंगाना)

-०-



***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

Wednesday, 9 December 2020

सफलता क्या है? (आलेख) - धीरेन्द्र त्रिपाठी

 

सफलता क्या है?

(कविता)

जब हम, आप जन्म लेते हैं उसके कुछ समय पश्चात ही हमें सफलता नामक शब्द का ज्ञान अकारण, अकस्मात हो जाता है ।
न केवल हम वरन हमारे आसपास ,समाज व हर वर्ग , हर पीढ़ी इस सफलता नामक शब्द अथवा चिड़िया या जो भी आप कह ले उसके पीछे भागती रहती हैं किंतु सफलता का क्या आशय है? सफलता का क्या अर्थ है? यह हमें जाना और समझना बेहद आवश्यक हैं ।
सफलता का आशय लक्ष्य संधान अथवा किसी वस्तु की प्राप्ति से नहीं है अपितु सफलता का आशय स्वयं को आनेवाले कल में आज से बेहतर पाना है । 
किंतु आज की युवा पीढी सफलता के लिए कुछ भी कर सकने का जुनून रखते हैं किन्तु सफलता को कैसे प्राप्त किया जाए स्वयं को आज से बेहतर आने वाले कल में कैसे पाएं इसके लिए कुछ तथ्यों को जानना अथवा समझना अति आवश्यक है अथक प्रयासों के बाद अध्यात्म के आधार पर मनोवैज्ञानिक तर्कों के आधार पर सफलता के चार प्रमुख साथी (सूत्र )बताने का प्रयास किया गया है जो निम्न हैं 

1. परिवारिक स्थिति - हमारे सफलता के सबसे बड़े सहायक के तौर पर हमारे परिवार की स्थिति ही निकल कर सामने आती है। यहां पर पारिवारिक स्थिति का आशय आर्थिक स्थिति से लगाना न्याय संगत नहीं होगा, आपके पास ऐसे कई उदाहरण भरे पड़े है की परिवार आर्थिक रूप से सम्पन है किंतु पुत्र किसी कार्य का नही, आप ऐसा कोई उदाहरण नही दे सकते कि इस व्यक्ति के पिता बहुत ही पैसे वाले थे तो वह व्यक्ति बहुत महान हुआ।हमारे राष्ट्र और विश्व की महान हस्तियां जो सम्मान की दृष्टि से देखी जाती है उनका परिवार आर्थिक रूप से बहुत सक्षम नहीं था।परिवारिक स्थिति का अर्थ परिवार की अर्थ, समाज, शिक्षा, एवं संगत ,रिश्ते से है ।हमारे सफलता में परिवार का सहयोग सर्वप्रथम माना जाता है दूसरा स्थान आता है हमारे मित्रवत व्यवहार अथवा मित्र समूह का जो हमारे लिए एक वातावरण तय करते हैं। हमारे परिवार की आर्थिक स्थिति हमारे कार्य में बाधा बने न बनें किंतु हमारे परिवार की शैक्षिक स्थिति , हमारे रिश्तेदार , मित्रों का दृष्टिकोण हमारे सफलता के सबसे बड़ा सहायक होता है । अतः हमें अपने कार्य के लिए किसी भी व्यक्ति की टिप्पणी पर ध्यान ना देकर सबसे मधुर संबंध रख सफलता के लिए आगे बढ़ना है। सफलता के लिए अपने परिवार का साथ कितना आवश्यक इसके लिए हमें यह प्रसंग अकारण ही स्मरण हो जाता है जब राम ने रावण का वध किया तब शरीर त्यागने से पहले राम जी ज्ञान लेने के लिए रावण के पास गए तो रावण ने राम की जीत का सबसे पहला कारण यही बताया कि उनका भाई अर्थात उनका परिवार उनके साथ हैं और उसका भाई अर्थात उसका परिवार उसके विरुद्ध खड़ा है ।अतः हमें अपने परिवार को सफलता की सबसे बड़े पूरक तौर पर ही देखना चाहिए । 

2. समय - समय जीवन का वह कारक जिससे सफलता को असफलता और असफलता को सफलता में बदला जा सकता।यदि मनुष्य समय का भरपूर उपयोग करना शुरू कर दे,तो उसका मोल समय के मोल के बराबर हो जायेगा। समय को व्यर्थ गवाने से अथवा समय के साथ न चलने से हमारी कई शक्तियां, प्रतिभा, गुण स्वतः समाप्त हो जाते है।यदि समय समय पर इनका उपयोग किया जाए तो समय के साथ इनमें निखार आता है।हमें यह तय करना अत्यंत मुश्किल होता है कि कब,किसे और कैसे तथा क्यों समय देना है? मैंने अपने स्वयं के अध्यन में जो तथ्य पाया है,वह यह कि स्वयं को समय देना ही सबसे अचूक प्रयोगों में से एक है। यह प्रयोग कभी भी निष्फल नही होता है।हमें स्वयं को समय कैसे देना है,यह बात हमारे कौशल और सामाजिक परिवेश पर निर्भर करता है। हमे अपने अध्धयन और अपने समाज तथा अपने परिवार एवम राष्ट्र के मूलभूत तथ्यों को समय देना है,यह हमें अपने विवेक से तय करना है कि हम समय को कैसे भूनते है।जो व्यर्थता से परे होकर समय को भुनाने में सफल होता हैं, वह समय पर सदैव के लिये अपने मेहनत को स्थापित कर देता है,जिससे वह समय के साथ स्वयं को बेहतर पाता है और जैसा कि मैंने पहले ही लिखा है समय के साथ स्वंय को बेहतर बनाना ही सफलता है।

3. अध्यन - यह एक ऐसा सूत्र है,जिसका प्रयोग आजतक कभी भी निष्फ़ल नही हुआ। अध्य्यन का अर्थ,बहुत से लोग केवल पुस्तक पढ़ने से लागते है,किंतु अध्ययन का अर्थ- अपने भूत,वर्तमान और भविष्य के तथ्यो को मनोनयन करते हुए उनकी समीक्षा करने की क्षमता अध्य्यन है। हम इस बात को भी नकार नही सकते कि हमारे अध्ययन के सबसे बड़े सहायक पुस्तक है, किन्तु पुस्तकों के अध्ययन के पश्चात हम जो अपने निजी अनुभव वर्तमान में डालकर अपने भविष्य की कल्पना कर ,भविष्य को सुगम एवम उत्तम बनाने के प्रयास करते है,तब हमें अध्ययन का सही अर्थ पता चलता है।अब हमें अध्यन क्या करना है इस बात पर चर्चा कर लेते है, हमें हमेशा स्वयं का अध्ययन करना है।अब आप कहेंगे कि स्वयं के बारे में क्या अध्ययन हमें अपने बारे में सब पता है।किंतु यहां स्वयं का अर्थ स्वयं का इतिहास,स्वयं की संस्कृति, सभ्यता,स्वयं की पुरातन व्यस्था एवम वर्तमान तथा स्वयं के बुजुर्गों का विकास एवं अपना वर्तमान तथा आने वाले स्वयं के भविष्य का अध्धयन करना ही स्वयं का अध्ययन करना है। जिस मनोविज्ञान को हम सब सफलता का एक बड़ा साधन मानते है उस मनोविज्ञान का अर्थ ही स्वयं का अध्ययन है। हमें अध्ययन का क्या लाभ है यह स्वामी विवेकानंद के जीवन चरित्र को जाना जा सकता है।

4. दृष्टिकोण - हमारे जीवन में हमारे दृष्टिकोण का बड़ा महत्वपूर्ण स्थान है,हमारा दृष्टिकोण सीधा हमारे मनोदशा पर प्रभाव करता है।यदि हम नकारात्मक दृष्टिकोण रखते है तो हमें सब तथ्य ग़लत और अंसभव नज़र आता है और वही हम जब सकारात्मक दृष्टिकोण हो, सब अच्छा और सम्भव नज़र आता है। सकारात्मक दृष्टिकोण का यह फायदा है कि सकारात्मक दृष्टिकोण न केवल सकारात्मक अपितु नकारात्मक दोनो का पर विचार करना कि स्वतंत्रता देता है और इसके ठीक विपरीत नकारात्मक दृष्टिकोण बस और बस नकारात्मकता को ही दर्शाता है।इसका स्प्ष्ट आशय यह है कि जब हम सकारात्मक दृष्टिकोण रखते है तो हम सही और गलत चुनने में सक्षम होते है और यदि हम नकारात्मक दृष्टिकोण रखते है तो हम केवल और केवल गलत और बेकार फ़ैसले चुनते हैं और व्यक्ति के व्यक्तित्व का आकलन भी नहीं कर पाते। मनोविज्ञान के के खण्ड मनोदशा जिसमें व्यक्ति की पढ़ा जाता है उसमें द्रष्टिकोण का बड़ा महत्व बताया गया है। उसमें बताया गया है कि हम यदि नकारात्मक दृष्टिकोण रखते है तो हम स्वयं को बीमार महसूस करते है औऱ फिर हमारी मनोदशा एक बीमार व्यक्ति के जैसी हो जाती है,वही हम यदि सकारात्मक दृष्टिकोण रखते है तो हम स्वयं को उर्जावान एवं स्वस्थ्य महसूस करते है।जिससे हमें नकारात्मक व्यक्ति के अपेक्षा हम किसी परिस्थिती से जल्दी ही निकल सकते है। अर्थात सकारात्मक दृष्टिकोण ऊर्जा का बहुत बड़ा स्रोत है।अतः हम बिना सकारत्मक दृष्टिकोण के सफल नहीं बन सकते है।
अर्थात पारिवार एवम अध्यन के सहायता से अपने दृष्टिकोण को , समय के साथ निष्कर्ष में बदलना ही सफलता में है। 
-०- 

पता 
धीरेन्द्र त्रिपाठी
सिद्देधार्शथनगर (उत्तरप्रदेश)
-०-



धीरेन्द्र त्रिपाठी जी का लेखन पढ़ने के लिए उनके शीर्षक चित्र पर क्लिक करें.
***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

"पथ नहीं भूली" (आलेख) - भावना ठाकर

"पथ नहीं भूली"

(आलेख)

गर पतझड़ ही ना होती तो भला कहाँ फूलों को मुरझाने का शौक़ होता है...
मैं पथ नहीं भूली.....ज़िंदगी की भूलभूलैया ने गुम कर दिया है मुझे अपनों के पेट की ज्वालाएँ उठती सीधा मेरे उर को जलाती थी। दुन्यवी मायाजाल से बचती बचाती उलझती रही आख़िर बना दी गई कोठे की शान।
गंधडूबी काया अंदर ही अंदर अश्कों से नहाती पाक साफ़ पड़ी है। उपरी त्वचा के मोहाँध के हाथों रात की रंगीनियों के आगाज़ से लेकर सुबह तक ना जानें कितने हाथों से गुज़रती हूँ चाय की किटली पर पड़े इकलौते अखब़ार कि तरह। मेरे तन के स्नेह में भिगते कोई पढ़ता है मुझे तो कोई कुचलता है। किसीको सज़ल मेरी पुतलियों की नमी क्यूँ नहीं भिगोती। मेरा मन आकाश निर्लेप सा अड़ग खड़ा है। स्पंदन नहीं गलते किसी छुअन से मेरे, अग्नि की आँच में जैसे मोम पिघलता है।
ये रंजो गम का सफ़र आसान नहीं रूह ही नहीं रूह की परछाई तक छलनी है मेरी। बस कोई मेरे एहसास को हवा दो थोड़ी तो महसूस हो मुझे की मैं भी ज़िंदा हूँ अभी। ज़हर भी पीकर देखा ज़माने के हाथों आँख ही नहीं लगती। मेरी त्वचा पर असंख्य किड़े रेंगते अपनी छाप छोड़ गए है कोई ऐसी फूँक मारो की सारे दाग उड़ जाएं। आँचल उतरने वाले ही मिले किसीने पाक दुपट्टे के दामन से मेरे छरहरे बदन को ढ़कने की कोशिश तक नहीं कि। "कहाँ मैं किसीकी अपनी थी"
मेरे रक्तकणों में बह रही तरह तरह की हवस की बदबू खेल रही है। मणिकर्णिका से जब आख़री आँच उठेगी मेरी चिता से तब नासिका मत सिकुड़ लेना सब। काया भले ही मिट रही होगी कोठे वाली की पर मेरी छलनी रूह कान्हा की मुरली से प्रीत गुण्ठन करते अनंत के संग मिलन साध रही होगी।
ना कोई महफ़िल का शोर होगा ना उन्मादीत साँसों की गंध। झंझा से विमुख होते अन्तहीन निरवता के लय कणों में सोना है मुझे मधु-प्रभात के इंतज़ार में हंमेशा के लिए। ज़िंदगी की आपाधापी को झेलते कोठे वाली का तन भले अपवित्र हो चुका आत्मा की शिखा पाक सी दिपदिपाती है।

-०-
पता
भावना ठाकर
बेंगलोर (कर्नाटक)

-०-



***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

Wednesday, 2 December 2020

ऑनलाइन: तब और अब (आलेख) - कमलेश व्यास 'कमल'

  

ऑनलाइन: तब और अब
(आलेख)

सदी के महानायक अमिताभ बच्चन ने एक डायलॉग किसी फिल्म में बोला था जो इस प्रकार है - "हम जहाँ खड़े होते हैं, लाइन वहीं से शुरू होती है।" सोचो अगर यही डायलॉग समर्थ अभिनेता ए. के. हंगल साहब ने बोला होता तो कैसा लगता..? खैर ...बात यह नहीं है, यह तो यूँही परिहास में लिख दिया। हंगल साहब उच्च कोटि के अभिनेता थे, उन्होंने जो डायलॉग बोले हैं वे अमिताभ बच्चन के द्वारा कहने पर निश्चित ही उतने प्रभावशाली ना लगें। सबका अपना एक दायरा होता है, दिशा होती है,लकीर होती है,इसीलिए तो कई लोग लकीर के फकीर होते हैं...! लकीर को लाइन भी कहते हैं और सबकी अपनी-अपनी लाइन होती है। अमिताभ बच्चन ने जिस लाइन की बात कही थी वह ज़मीन से जुड़ी हुई लाइन थी, जिसे वे ज़मीन पर खड़े होकर बोले थे, परंतु ज़माना बदल चुका है, अब तो जिसे देखो वह ऑनलाइन है...! लेकिन यह लाइन वह लाइन नहीं जो बच्चन साहब की थी,यह तो वह लाइन है जिसमें अमिताभ बच्चन खुद कहीं न कहीं ऑनलाइन रहते हैं...और यह लाइन जमीनी नहीं, हवा-हवाई है...!!

बच्चन साहब ही क्या, आजकल तो जिसे देखो वह ऑनलाइन दिखाई पड़ता है...मंत्री से लेकर संत्री तक,बिजनेसमैन से लेकर कॉमनमैन तक, व्यापारी, नेता, अभिनेता, खिलाड़ी, अनाड़ी, जिसे देखो वह ऑनलाइन दिखाई देता है...!! बुद्धिजीवी, साहित्यकार, कवि,शायर, यत्र-तत्र सर्वत्र ऑनलाइन दिखाई पड़ते हैं...कुछ लोग तो सुबह से लेकर देर रात तक ऑनलाइन दिखाई पड़ते हैं...!! पता नहीं ये लोग नित्यकर्म कब,कैसे,कहाँ करते होंगे..?

हमारे यहाँ जितने भी न्यूज चैनल्स हैं, उन सब पर कुछ चेहरे इतने कामन हैं कि आप जब भी न्यूज देखने बैठो, उन चेहरों में से कोई न कोई, किसी न किसी न्यूज चैनल पर ऑनलाइन डिबेट करता हुआ दिख ही जाएगा...!! उनकी बौद्धिक क्षमता कितनी है, यह तो मुझ जैसा मूढ़ नहीं बता पाएगा पर उनके धैर्य को नमन करने का मन जरूर करता है...!

वास्तविकता में रचनात्मक और साहित्यिक गतिविधियाँ शायद उतनी नहीं होती होगी, जितनी आजकल ऑनलाइन होने लगी है। ऑनलाइन एकल रचना पाठ, ऑनलाइन कवि गोष्ठी,ऑनलाइन कवि सम्मेलन इत्यादि, फेसबुक एवं वाट्सएप पर ग्रुप बनाकर इस तरह की गतिविधियों की धूम मची हुई है। अच्छा है, कम ज कम इसी बहाने रचनात्मक सक्रियता तो बनी रहती है...अपनी वे रचनाएँ जिन्हे कई संपादकों द्वारा "रिजेक्शन" का "सर्टिफिकेट्स" मिल चुका है, उसे रचनाकार ऑनलाइन बेझिझक सुना तो सकता है...जिससे उस रचनाकार के रचनाकर्म में किए गए परिश्रम का पारिश्रमिक स्वयं की मानसिक संतुष्टि के रूप में मिल जाता है...!!

खैर, यह तो एक छोटा सा उदाहरण है...देखा जाए तो क्या नहीं हो रहा है आजकल ऑनलाइन...चैटिंग, डैटिंग,शापिंग से लेकर शादी-ब्याह तक, सब कुछ ऑनलाइन हो रहा है...अब तो मरने पर दाह संस्कार भी ऑनलाइन होने लगा है...!! लब्बेलुआब यह कि आजकल 'जीवन,मरण,परण,सब कुछ ऑनलाइन होने लगा है...! घर में राशन नहीं है, ऑनलाइन मँगवा लीजिए...अजी राशन को मारो गोली...ऑनलाइन मँगवा भी लो पर पकाना तो पड़ेगा...इसलिए सीधा पका पकाया मँगवाइए...बिल चुकाया,आया, खाया, डकारा और सो गए...!!    हाँ यह माना कि ऑनलाइन के द्वारा वर्तमान समय में बहुत कुछ अच्छा भी हो रहा है, दूर देश में रह रहे अपने बच्चों, परिजनों से रूबरू वार्तालाप हो जाता है। माता-पिता, नाते-रिश्तेदारों को चैन व सुकून मिल जाता है। ऑनलाइन आवेदन,ऑनलाइन शिक्षण-प्रशिक्षण,निरिक्षण, साहित्यकारों,कवियों,कलाकारों को एक मंच मिल जाता है। आलोचकों,समीक्षकों द्वारा समय-समय पर मार्गदर्शन मिल जाता है...कुछ लोगों को आपत्ति हो सकती है कि समीक्षकों, आलोचकों से मार्गदर्शन..? तो भैया इनकी कही बातों को सकारात्मक दृष्टिकोण से देखोगे तो मार्गदर्शन, अन्यथा मगज घर्षण...!! अपना-अपना नजरिया है...खैर। जरूरतमंदों को अपनी जरूरत का सामान मुहैया हो जाता है।

फास्ट फूड वालों को फास्ट फूड, ड्राय फूड वालों को ड्राय फूड, भोजन की कामना रखने वालों को पका पकाया भोजन...इतना सब कुछ होने के बावजूद भी विश्व भर के वैज्ञानिक अभी वह उपलब्धि हासिल नहीं कर पाए, जहाँ ऑनलाइन के माध्यम से मनुष्य को भूख लगने पर सीधा पेट भर जाए...!! जबकि हमारे ऋषि,मुनि,योगाचार्य सदियों पहले इस उपलब्धि को पा चुके थे। 'योगकुण्डल्युपनिषद्' , 'घेरण्ड संहिता' और इन जैसी अन्य पुस्तकों में इस विषय पर विस्तार से वर्णन है।  'खेचरी मुद्रा' और इस जैसी अन्य क्रियाओं द्वारा हमारे महान ऋषियों, मुनियों, योगाचार्यों, तपस्वियों ने अपने तपोबल और योगबल से जो उपलब्धियाँ प्राप्त की थी वह सब आज भी लिपीबद्ध है, परंतु आज उन्हें क्रियान्वित करने की क्षमता शायद ही किसी में हो...वे योगी अपने योगबल से विभिन्न स्वादों का रसास्वादन कर अपनी क्षुधा शांत कर लिया करते थे,सशरीर तीनो लोकों में भ्रमण कर आते थे, और आज...आजकल तो योग भी ऑनलाइन किया, करवाया जा रहा है...!

आज हमें ऑनलाइन होने के लिए मोबाइल, लेपटॉप, कंम्प्यूटर इत्यादि साधनों की आवश्यकता पड़ती है परंतु उन मनीषियों ने तो अपने तपोबल,योगबल साधना से अपने  शरीर को ही  ऑनलाइन कर रखा था, जो एक साधारण मनुष्य न तब कर सकता था न अब...क्योंकि योग की यह कठोर साधना अत्यंत दुर्लभ है। परंतु यम, नियम, संयम द्वारा फूल नहीं पाँखुरी तो हासिल की जा सकती है...चाहे ऑनलाइन ही सही...!! 

-०-
कमलेश व्यास 'कमल'
उज्जैन (मध्यप्रदेश)

-०-




***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 


Tuesday, 1 December 2020

लॉकडाउन के कारण बढ़े सोमेटिक डिसऑर्डर के रोगी (आलेख) - संदीप सृजन

 

लॉकडाउन के कारण बढ़े सोमेटिक डिसऑर्डर के रोगी
(आलेख)
दिन-रात कोरोना के बारे में सुनने, देखने और पढ़ने के कारण कुछ लोग बेहद डरे हुए हैं और बार-बार कोरोना के बारे में ही सोच रहे हैं। उनके लक्षणों के बारे में जान रहे हैं। इससे शरीर और मन का संबंध टूट रहा है। यदि किसी व्यक्ति को किसी प्रकार का दर्द या अन्य कोई शिकायत होती है तो वे उसे कोरोना से जोड़कर देख रहे हैं। मौसम में बदलाव आता है तो हर साल सर्दी और गर्मी आने पर सर्दी-जुकाम के मरीज बढ़ते हैं। कोरोना भी ऐसे समय पर आया है। बुखार, सर्दी-जुकाम होने के कारण लोग घबराए हुए हैं। बार-बार इंटरनेट पर कोरोना के लक्षण जानना, उनके बारे में पढ़ना, सर्च करने के कारण एक दिमागी बीमारी भी हावी हो जाती है। छोटी सी परेशानी भी कोरोना का लक्षण दिखाई देती है।

लॉकडाउन के कारण आजकल मानसिक रोगों से संबंधित समस्याओं में वृद्धि हो रही हैं। इसके प्रमुख कारण हमारी बदलती हुई लाइफस्टाइल है। रोज के काम से दूर दिन भर घर में फ्री बैठे कुछ लोग जो बीमार नहीं हैं, लेकिन मानसिक रूप से वे अपने आपको कोरोना का मरीज समझने लगे हैं। ऐसे लोग न तो अपनी नींद पूरी कर पा रहे हैं और न ही किसी को बता पा रहे हैं। अस्पतालों में और डॉक्टरों के पास आए दिन इस तरह के केस आ रहे हैं। डॉक्टरों का कहना है कि सामान्य सर्दी-जुकाम, सीने में दर्द, सिर दर्द या खांसी होने पर भी लोग भयभीत हो रहे हैं। वे हेल्पलाइन नंबर या डॉक्टरों को फोन कर कोरोना की जांच कराने का कह रहे हैं। मनोचिकित्सकों ने इस बारे में बताया कि यह कोरोना नहीं है, बल्कि एक प्रकार का सोमेटिक डिसऑर्डर है, यह एक मानसिक बीमारी है। यह किसी भी बीमारी को लेकर हो सकती है।

आज के समय में कुछ बीमारियाँ बहुत ही सामान्य बन चुकी हैं जैसे लो ब्लड प्रेशर, हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज इत्यादि. हालाँकि, ये सभी शारीरिक समस्या हैं लेकिन ये मनावैज्ञानिक कारणों जैसे तनाव और चिंता से उत्पन्न होती हैं। जिन्हें साइकोसोमेटिक डिसऑर्डर अथार्त मनोदैहिक विकार कहते है, इसके कारण मनोवैज्ञानिक होते है। इसके विपरीत सोमेटिक डिसऑर्डर अथार्त दैहिक विकार है दैहिक समस्याएं हैं। वे विकार हैं जिनके लक्षण शारीरिक है परंतु इनके बायोलॉजिकल कारण सामने नहीं आते है। जैसे कि कोई व्यक्ति पेट दर्द की शिकायत कर रहा है लेकिन व्यक्ति के पेट में कोई समस्या नहीं होती है। बस बार बार पेट के बारे में सोचने, ज्यादा खाना खा लेने के बाद व्यक्ति को लगता है कि बस अब पेट दर्द होगा या हो रहा है।

जैसे किसी को पहले से ब्लडप्रेशर की समस्या है। बदलते मौसम और फ्रिज में रखे ठंडे पदार्थ खाने से गले में खराश हुई और नमक की अधिकता से ब्लडप्रेशर भी असामान्य हो गया। रोग पुराना है पर कोरोना का भय हावी है इससे ब्लडप्रेशर और भी असामान्य हो जाएगा। और दिमाग सीधा कोरोना की तरफ ही जाएगा। लेकिन इसका कोरोना से कोई लेना-देना ही नहीं है। आजकल लोग हर बात से डर जाते हैं।

डॉक्टरों की माने तो अभी सोमेटिक डिसऑर्डर रोगियों की संख्या में 20 से 30 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। स्वास्थ्य विभाग, पुलिस और ऐसे लोग जो फील्ड में जुटे हैं, उनके अलावा जो लोग घरों में बंद हैं, उन्हें भी यह डर सता रहा है। कि कहीं वे कोरोना की गिरफ्त में तो नहीं आ गये। ये लोग बिना किसी विशेष कारण के डरे हुए है, भयभीत महसूस कर रहे है और परेशान हो रहे है।

मनोचिकित्सकों के अनुसार इससे बचने के लिए सुबह व्यायाम करे,ध्यान, योग करें या किताबें पढ़ें। घर के अंदर या कमरे में घूमें। घर से आफिस का काम कर रहे हैं तो कुछ अंतराल में ब्रेक देते रहे। शाम को भी जब भी समय मिले हल्का व्यायाम करें, जिससे दिमाग दूसरी तरफ जाएगा। तथा रोजाना गर्म पानी का सेवन करे तथा यदी संभव हो तो गिलोई, अदरख आदि रोग प्रतिरोधक औषधियों के काढे का सेवन करते रहे जिससे रोग प्रतिरोधक क्षमता भी बढ़ेगी। कोरोना पर खबरें पढ़े, देखे लेकिन उसका समय निश्चित करें। परिवार के साथ समय बिताएं और सुरक्षा रखें।

कोरोना न होने के बावजूद भी लोगों को इसका डर है। इसलिए उनकी रात की नींद भी पूरी नहीं हो रही है। लोगों को समझना होगा कि कोरोना के मरीज बहुत कम है। यदि खुद की और परिवार की सुरक्षा रखी जाए तो इससे बचा जा सकता है। कोरोना प्रत्येक व्यक्ति को नहीं होता। किसी भी व्यक्ति की यदि रोग प्रतिरोधक क्षमता अच्छी है तो उसे कोरोना नहीं हो सकता है। यदि हुआ भी है तो वह आसानी से निकल जाएगा और व्यक्ति को पता भी नहीं चलेगा। यदि आप लॉकडाउन में हैं और किसी के संपर्क में नहीं आ रहे हैं तो आपको कोरोना नहीं हो सकता।
-०-
संदीप सृजन
संपादक-शाश्वत सृजन
उज्जैन (मध्य प्रदेश)
-०-



संदीप सृजन जी की रचनाएं पढ़ने के लिए शीर्षक चित्र पर क्लिक करें! 

***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

Tuesday, 24 November 2020

भ्रष्टाचार एवं अन्धविश्वास का अन्त होना आवश्यक (आलेख) - डाॅ० सिकन्दर लाल

भ्रष्टाचार एवं अन्धविश्वास का अन्त होना आवश्यक
(आलेख)

कोरोना वायरस तो मानव एवं जीव-जन्तु के लिए खतरनाक है लेकिन इस वायरस से कहीं अधिक हमारे देश के लिए वो लोग भी खतरनाक हैं जो भारत देश रूपी पावन धाम में, जान - बूझकर लूट-घसोट एवं बेईमानी आदि करके, आय से अधिक धन- दौलत रखे हुए हैं| कुछ मूर्ख लोग विना अपने विद्यालय/महाविद्यालय आदि जैसे अन्य सरकारी संस्थानों में गये वेतन अर्थात् पैसा आदि ले रहे हैं, जिस संस्थान की कमाई खा रहे हैं उसी को,फर्जी बिल-बाउचर के माध्यम से तो कहीं अधिक बढ़ा कर , कम पैसे का सामान अधिक पैसों में दिखाकर, नोच रहे हैं या फिर फर्जी बिल- बाउचर लगाकर पूरा का पूरा सरकारी पैसा निकाल ले रहे हैं  |यहाँ तक कि सरकारी पैसे से कुछ मूर्ख लोग इतना अधिक कमजोर सामान खरीदते हैं जिससे कि वह बहुत दिन तक न चलकर शीघ्र ही टूट- फूट या खराब हो जाता है | इसी तरह अधिकतर भ्रष्टाचारी एवं बेईमान लोग अपने-अपने तरीके से अपने-अपने  विभागों में चोरी एवं घूसखोरी आदि करते हैं तभी तो ये मूर्ख लोग अपने सम्पूर्ण सम्पत्ति का ब्यौरा सरकार को नहीं देते हैं, दिया भी तो आधा- अधूरा|जिससे भारत देश में रहने वाले अधिकतर मानव एवं जीव-जन्तुओं  की समुचित व्यवस्था ( रोटी, कपड़ा, घर, मकान, उत्तम स्वास्थ्य, समुचित शिक्षा तथा जीवों की भी  रहने आदि का पर्याप्त रूप में जगह न मिलना) नहीं हो पा रही है| जहाँ कुछ मूर्ख लोग अपने ज्ञान,पद- प्रतिष्ठा आदि का दुरुपयोग कर भारत देश रूपी पावन धाम में विराजमान् मानव एवं जीव-जन्तु रूपी मूर्तियों का, शोषण करते हुए अपना घर-परिवार सजाने में लगा हुये हैं वहीं धर्म के नाम पर कुछ मूर्ख एवं पाखण्डी साधु दिनों- दिन जमीन को कब्जा करके,जमीन को कम करते जा रहे हैं तथा माँ गंगा जैसी महान् नदियों के पावन तट को भी कब्जा करके,जल को दूषित करने में लगे हुए हैं | किसान देवता कहाँ से अधिक अनाज पैदा करे और माँ गंगा जैसी महान् नदियों का जल कैसे स्वच्छ हो, यह हमारे पावन देश में विराजमान् कुछ बुद्धिजीवियों के लिए बहुत बड़ी चुनौती है| सरकार बुद्धिजीवी मानवों के सहयोग से समान दंड व्यवस्था और कठोर कानून बनाकर आय से अधिक सम्पत्ति रखने वाले भ्रष्टाचारी एवं बेईमान मनुष्यों से सम्पूर्ण पैसा तथा जमीन- जायदाद आदि जब्त कर ले तथा इस बचे हुए जमीन और पैसों को, पक्षपात रहित होकर, उन लोगों के विकास में लगाये जायें, जो भारत देश रूपी पावन धाम में रहने के बावजूद भी, अभी तक पर्याप्त शिक्षा, रोटी,कपड़ा तथा घर आदि से वंचित हैं| इसी तरह सरकार कठोर कानून से धर्म के नाम पर जमीन कब्जा करके झूठ- मूठ का प्रवचन देकर भोले-भाले मानव को ठग कर अपना घर-परिवार सजाने वाले पाखण्डी एवं मूर्ख साधु रूपी भस्मासुरों से भी जमीन को छीन ले और साथ ही माँ गंगा जैसी महान् नदियों के पावन तटों को खाली करा दे तो मुझें लगता है पुनः वेद सम्मति राज आ जायेगा अर्थात् अन्न पैदा करने के लिए जमीन निकल आयेगी और माँ गंगा जैसी महान् नदियों का जल कुछ हद तक स्वच्छ हो जायेगा जिससे भारत देश रूपी पावन धाम में विराजमान् मानव एवं जीव-जन्तु रूपी मूर्तियों के जीवन में कुछ और अधिक सुख-शान्ति की वृद्धि हो जायेगी| अत: स्पष्ट है कि भ्रष्टाचार में लिप्त कुछ  बेईमान मनुष्यों तथा धर्म के नाम पर जमीन एवं माँ गंगा जैसी महान् नदियों के तट को कब्जा करने वाले कुछ मूर्ख  साधु कोरोना वायरस से लाखों गुना, हमारे भारत देश रूपी पावन धाम के लिए खतरनाक हैं, अत:  भारत भूमि  की रक्षा करने हेतु, मानवों द्वारा भ्रष्टाचार एवं अन्धविश्वास आदि जैसे कुरीतियों का निराकरण करना आवश्यक है|

-०-
पता: 
डाॅ० सिकन्दर लाल 
प्रतापगढ़ (उत्तर प्रदेश)

-०-
डाॅ० सिकन्दर लाल  की रचना पढ़ने के लिए शीर्षक चित्र पर क्लिक करें! 

***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

Tuesday, 17 November 2020

नमस्ते बाइडेन, बाय-बाय ट्रम्प (व्यंग्य आलेख) - आशीष तिवारी निर्मल

नमस्ते बाइडेन, बाय-बाय ट्रम्प

(व्यंग्य आलेख)
जी हाँ!
एक दम सही पढ़ा आपने
दुनिया के सर्व शक्तिशाली शख्स का तमगा अपनी छाती पर लादकर बाइडेन अब व्हाइट हाउस की गद्दी में बैठने जा रहे हैं।सर्वशक्तिशाली देशों की सूची में ओहदा रखने वाले अमेरिका को नया राष्ट्रपति बाइडेन के रूप में मिल गया है।वैसे अमेरिका के नये राष्ट्रपति के समक्ष चुनौतियां भी कम नहीं होंगी जब दुनिया कोरोना महामारी से जूझ रही है और इसका सबसे ज्यादा शिकार अमेरिका ही हुआ है,,अमेरिका जैसे देश की अर्थव्यवस्था खस्ताहाल है, लाखों लोग बेरोजगार हैं।ऐसे में देखना यह भी होगा कि इन सभी हालातों से बाइडेन कैसे निबटते हैं।बहरहाल उगते सूरज को सलाम करने की हमारी सनातनी परम्परा रही है और आगे भी रहेगी।हमारे हिन्दुस्तान में उगते सूरज को सलाम करने के लिए इस समय देश की महनीय कुर्सी पर दो गुजराती भाऊ बैठे हैं और गुजराती भाऊ बिजनेस और रिश्ते बनाने के मामले में अन्य भारतीयों की तुलना में अधिक निपुण होते हैं ।ये गुजराती भाऊ कुछ करें ना करें लेकिन वह दिन दूर नहीं जब अमेरिका के नये राष्ट्रपति बाइडेन से अपना कोई ना कोई पुराना दोस्ती,यारी का रिश्ता अवश्य निकाल लेंगे और फिर शुरू होगा बाइडेन द्वारा भारत और इन दोनों गुजराती भाऊ के तारीफ का सिलसिला। यह भी संभव है कि ये दोनों गुजराती भाऊ अमेरिका के नये राष्ट्रपति को शीघ्र ही भारत दौरे पर ले आएं और उस कार्यक्रम नाम रख दें "नमस्ते बाइडेन" । बाइडेन और उनके साथ अमेरिका से आने वाली अमेरिकी बारात का स्वागत पान पराग से करा दें।फिर शुरू होगा नये अमेरिकी राष्ट्रपति द्वारा इन गुजराती भाऊ के सामने पानी भरने का दौर।
 हालांकि हमारे इन दोनों गुजराती भाऊ का मीडिया मैनेजमेंट इतना सालिड है कि यदि बाइडेन इन दोनों गुजराती भाऊ के सामने एक बाल्टी पानी भरते हैं तो देश की जनता को वह पानी दस बाल्टी बताया जा सकता है। खैर यह तो बात तब की है जब बाइडेन भारत दौरे पर आएंगे अभी तो हम सभी को उनका इंतजार ही है।
इसके पूर्व जो व्हाइट हाउस की गद्दी में जिल्लेइलाही बैठे थे वो झूठ की चलती फिरती दुकान थे वो सत्य को उतना ही नापसंद करते थे जितना पाकिस्तान, हिन्दुस्तान को। ट्रम्प असत्य के प्रति निष्ठावान थे और हैं! ट्रम्प ने झूठ बोलने में कभी कोताही नही बरती चाहे वो भारत दौरे पर ही क्यों ना रहे हों।
ट्रम्प की इस झूठ बोलने की प्रतिभा के आगे हमारे हिन्दुस्तानी नेता पानी भरते थे। इन हिन्दुस्तानी नेताओं को ट्रम्प से प्रेरित होने के लिए ही गुजराती भाऊ लोगों ने ट्रम्प का दौरा भारत के लिए कराया था।बहरहाल भारत के नेता ट्रम्प से क्या कुछ सीख पाए या नही ये तो वक्त ही बताएगा लेकिन अभी तो दुनिया की निगाह बाइडेन पर टिकी हुई है।बाईडेन के बारे में अभी कुछ भी लिखना या बोलना थोड़ा जल्दबाजी कहलाएगी इसलिए बूंद को समंदर समझते हुए मैं बाइडेन को नमस्ते और ट्रम्प को बाय-बाय कह रहा हूँ।
-०-
पता: 
आशीष तिवारी निर्मल 
रीवा (मध्यप्रदेश)
-०-


-०-

आशीष तिवारी निर्मल  जी की रचनाएं पढ़ने के लिए शीर्षक चित्र पर क्लिक करें!

***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

Friday, 13 November 2020

"दिवाली मन गई" (आलेख) - भावना ठाकर

"दिवाली मन गई"

(आलेख)

ऑबरोय हाउस में आज दिवाली की रौनक और महफ़िल खूब जमी थी। मिस्टर अशोक ऑबरोय दिल्ली के जाने माने बिल्डर और बिज़नेस मेन है और अरबपति की श्रेणी में विराजमान है। हर दिवाली उनकी हवेली दोस्तों और रिश्तेदारों की दावत और महफ़िल से गूँजती रहती है। आज भी सुबह से अशोक ऑबरोय की पत्नी मायादेवी मेहमानों की ख़ातिरदारी में व्यस्त थी। दस दिन पहले आई नई कामवाली रजनी को मायादेवी ने सारा काम समझा दिया था। रजनी बाईस साल की छरहरे नैंन नक्श वाली दिखने में सुंदर और स्मार्ट थी। पर कहते है ना गरीब के घर रतन पैदा हुआ बस उपर वाले ने वही किया एक रुपवती को गरीब की झोली में ड़ाल दिया था। बहुत कम समय में रजनी ने सारा काम बखूबी समझ लिया। अपनी काम करनेकी कुशलता और सहज स्वभाव से सबका मन जीत लिया था। हर कोई हर छोटे बड़े काम के लिए रजनी को ही आवाज़ लगाते। रोशनी, पटाखें, रंगोली, मेहमानों के ब्रांडेड कपड़े और परफ़्यूम से पूरी हवेली चहक महक रही थी। और फिर बड़े लोग, बड़ा घर बड़ी शानो शौकत की बड़ी आदतें उसमें  शराब कबाब की कमी तो रहेगी ही नहीं। विहान अशोक ऑबरोय और मायादेवी का बड़े बाप का बिगड़ा हुआ बेटा था। दिवाली मनाने अपने सारे दोस्तों के साथ हवेली की पाँचवी मंज़िल पर जश्न मना रहा था। शराब, सिगरेट, जुआ और चरस के नशे में चूर सब झूम रहे थे की शराब के लिए बर्फ़ खत्म हो गई। विहान ने रजनी को इंटरकोम से बर्फ़ लाने के लिए बोला। रजनी अपनी ड्यूटी निभाते बर्फ़ लेकर पाँचवी मंज़िल पर गई। आज दिवाली थी तो मायादेवी ने रजनी को गुलाबी रंग की महंगी सलवार कमीज उपहार में दी थी। जिसमें रजनी का रुप झील में तैरते कमल सा खिल उठा था जिसे देखकर विहान के सारे दोस्तों के दिमाग में वासना के साँप लौटने लगे। जैसे ही बर्फ़ की ट्रे रखकर रजनी जाने के लिए मूड़ी एक लड़के ने रजनी की कलाई पकड़ ली और अपनी तरफ़ खिंचकर जबरदस्ती करने लगा, तो सारे लड़को के दिमाग पर पर कामदेव का भूत नाचने लगा। फिर क्या ? इतने सारे मजबूत हाथों की हथेलियों ने रजनी के तन को मच्छर की तरह मसल दिया। रजनी के  मुँह में रजनी के ही सिने से उतरा दुपट्टा ठूँस कर ज़ालिमों ने रजनी की इज्ज़त को तार-तार कर दिया। छटपटाते हिरनी शांत हो गई। मायादेवी बहुत समझदार थे रजनी को नीचे आने में देर हुई तो समझ गए। अलमारी से एक चीज़ निकाली और पाँचवी मंज़िल पर पहुँच गए। और वहाँ का नज़ारा देखते ही समझ गए।गहरी साँस लेते बेटे का मोह त्याग कर एक बेटी की इज्ज़त का बदला लेने की ख़ातिर  बिना कोई शोर शराबा किए शांत सहज और निर्लेप भाव से साड़ी के पल्लू से एक छोटा सा शस्त्र निकाल कर अपने बेटे के सर का निशाना लगाया, और पटाखों की गूँज के साथ एक चीख मिलकर हवेली के चिराग को बुझा गई। मायादेवी इतना ही बोले आज असत्य पर सत्य की विजय हुई। राम जी ने शायद  रावण की देह में थोड़ी जान बख़्श दी थी जो आज शायद मेरे हाथों शांत होनी थी। मैं आज बहुत खुश हूँ मेरी दिवाली मन गई।

-०-
पता
भावना ठाकर
बेंगलोर (कर्नाटक)

-०-



***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

Saturday, 7 November 2020

"कहीं ना कहीं कुछ" (आलेख) - भावना ठाकर

"कहीं ना कहीं कुछ"

(आलेख)

खिड़की आत्मा की खोलते ही दिखेगी हरसू हर नज़ारे में जीवंत सी परछाईयां, महसूस करो तो हर चीज़ों के भीतर कोई गहन अर्थ छिपा होता है। बादलों के झुरमुट में कुछ बूँदें छुपी होती है तड़ीत के प्रहार मे रोशनी छुपी होती है।
जैसे दिल के गुल्लक में एहसासों की ज़मीं छुपी होती है। या मन की संदूक में भावों की बारिश छुपी होती है। कभी-कभी मुस्कान के भीतर आहों की ख़लिश छिपी होती है, तो कभी अश्कों में खुशियाँ अनमोल छिपी होती है।
महसूस करो कभी अपनों के मौन में छिपे चित्कार को या अनकही बातों में छिपे असबाब को। कहीं आबशार की गति में धुंधुआता वेग छिपा होता है और पर्वतों के भीतर आबशारों की नमी छिपी होती है। उपनिषद में गीता का सार छिपा होता है, तो मेघदूत में कालिदास की कल्पनाओं का निनाद छिपा होता है। होता है ना हर इंसान के भीतर एक बालक छिपा हुआ, और साँसों की लय के भीतर छिपी मौत की रागिनी होती है। धरा के भीतर धधकता ज्वालामुखी छिपा होता है और चाँद के भीतर पृथ्वी की छाया छिपी होती है। गंगा की लहरों में श्रद्धा की पावकता छिपी होती है और जमुना में ताज की परछाई छिपी होती है। छुपी होती है हर शै में कहीं ना कहीं रानाइयां ज़िंदगी की बहुत सी चीज़ें छुपी होती है हर चीज़ के भीतर कहीं ना कहीं। मन की आँखों से नकारात्मकता का झीना पर्दा हटाकर देखो दुन्यवी गतिविधियों में सुंदरता का परिमाण छिपा होता है।

-०-
पता
भावना ठाकर
बेंगलोर (कर्नाटक)

-०-



***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

Friday, 6 November 2020

💐💐शक्ति नहीं, शक्ति पुँज हैं हम💐💐 (आलेख) - राजकुमार अरोड़ा 'गाइड'

 

💐💐शक्ति नहीं, शक्ति पुँज हैं हम💐💐
(आलेख)
मनुष्य की शक्ति का एहसास स्वयं उसके सिवा और कौन कर सकता है?अपने अन्दर की ऊर्जा को तभी  जान  पायेंगे,जब  आप उमंग से भर कर कुछ नया करने की ठान लेंगे।विभिन्न वैज्ञानिकों ने बहुमूल्य खोजों से जहाँ जीवन को इतना आसान बना दिया उसके पीछे उनके अंतर्मन की शक्ति थी,जो एक शक्ति पुंज के रूप में उभरी और वो कर दिखाया जो कभी सबकी कल्पना से परे की बात थी।आज जल,थल,नभ, अंतरिक्ष पूरे ब्रह्मांड में मनुष्य ने अपना अधिपत्य सा जमा लिया है। यह सब तभी तो सम्भव हुआ जब उसने अपने अन्दर की उस शक्ति को पहचाना,जिसे केन्द्रबिन्दु में रख कर परमात्मा ने मनुष्य का निर्माण किया था।
शक्ति एक एहसास है, एक आभास है, अपने सम्पूर्ण होने के गर्व का,अधूरापन तो टूटन का ही प्रतीक है, उसको हर हाल में,पूरा करने के प्रयास में जुटे रहकर विजय पा कर ही दम लेना है। हम में से कोई भी अपनी आंतरिक शक्ति के बल पर दिखने  में अशक्त होते हुए भी बड़ी चुनौती को पार कर एक अलग ही नया इतिहास रच सकता है। अधिक दूर क्योँ जायें,हमें तो हमारे राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने इसी आंतरिक  शक्ति के बल पर ब्रिटिश साम्राज्य से  टक्कर ले भारतमाता को स्वाधीनता की बेड़ियों से मुक्त कराया। हमें स्वयं को सदा यही विश्वास दिलाना है कि हमें समस्याओं के सही समाधान हेतू व आजीवन सुखी रह कर, अद्भुत, अभूतपूर्व,आसाधारण जिन्दगी जीने के लिये बनाया गया है।अपने विचारों व भावनाओं के द्वारा ही हम अपने आसपास सकारात्मकता या नकारात्मकता का वातावरण बना देते हैं।
केवल एक शब्द  ही हमें जीवन के सारे बोझ व दर्द से मुक्ति दिला देता है,वह शब्द है-प्रेम,हमारे मन मे जो भी बनने, करने या पाने की प्रबल इच्छा है, वह प्रेम की वजह से ही उतपन्न होती है।यह प्रेम व्यक्तिगत या आपसी भी हो सकता है,देश या धर्म के प्रति भी।यही प्रेम ही तो शक्ति के रूप में प्रस्फुटित होता है। यही  कुछ कर गुजरने के हमारे इरादे को मज़बूत कर हर हाल में सफलता की ओर अग्रसर करता है-"बांधे जाते इंसान कभी,तूफान न बांधे जाते हैं।
काया जरूर बांधी जाती, बांधे न इरादे जाते हैं।।
यही इरादा ही मंजिल तक ही पहुंचा देता है।कामयाबी की नई इबारत लिख देता है। हमें तो बस यही करना है,जटिलता में सरलता खोजें,विवाद में सद्भाव खोजें,अवसर तो वास्तव में मुश्किलों के बीच में ही छिपा होता है।यदि हम अनावश्यक छोटी छोटी  बातों को ज्यादा महत्व देंगें तो न अच्छा महसूस कर पाएंगे,न ही कुछ नया रच पायेंगे।कोई भी चीज़ अच्छी या बुरी नहीं होती,सिर्फ हमारी सोच ही उसे वैसा बना देती है।हमें तो अपनी सोच  में परिवर्तन कर स्वयं को शक्ति का प्रतीक बन यह एहसास कराना है--"हम उफनती  नदो हैं, हमको अपना  कमाल मालूम है। जिधर भी चल देंगे,रस्ता अपने आप बन जायेगा।जायेगा।"
रूद्रावतार संकटमोचक हनुमानजी को विशाल शक्ति पुंज होते हुए भी,हज़ार योजन का समुन्द्र लांघने के समय नल नील जामवंत आदि को उनकी महान शक्तियों का,जो किसी श्राप के कारण उनको विस्मृत थीं, याद दिलानी पड़ी थी।आज हम भारतीयों को फिर से अपने प्राचीन गौरव को अक्षुण्ण बनाये रखने के लिये अक्षुण्ण बनाये रखने के लिये अपनी शक्तियों का स्मरण करना होगा ,ऐसे हालात में जब पूरा विश्व एक महामारी के संकट से जूझ रहा है।
विश्व में कोरोना संक्रमितों के लगातार बढ़ने से  परिस्थिति भयावह हो रही हैं, काल का ग्रास बनने वालों की संख्या भी बढ़ रही है,सन्तोष की बात यही है कि उपचार के बाद ठीक होने वालो की संख्या में भी दिन प्रतिदिन इज़ाफ़ा हो रहा है। भारत में तो यह प्रतिशत विश्व की दर से कहीं ज्यादा बेहतर स्थिति में है।संक्रमितों की संख्या भी अब कम गति से बढ़ रही है।चीन से उपजी इस महामारी के आगे अमेरिका,रूस, स्पेन,जापान,ब्रिटेन,फ्रांस,जर्मनी,ब्राज़ील आदि महाशक्तियों ने  इस के आगे घुटने टेक दिये हैं।विदेशों में भी कुछ समय संक्रमितों की संख्या में कमी आने के बाद फिर बढ़ रही है। ऐसा ही अब भारत में भी हो रहा है।
कोई निदान न मिलने के कारण पहले  सब अपने अपने घरों में पूरी तरह कैद थे,अब अनलॉक की स्थिति में व्यापारिक गतिविधियां,आवागमन,कार्यस्थल आदि खुलने से राहत मिली है तो थोड़ी सी लापरवाही से आफ़त बढ़ने की भी पूरी उम्मीद है।कुछ असुर प्रवर्ति के लोगों की नासमझी के कारण हालात भयावह होते जा रहे हैं,प्रशासन पूरी ताकत व ऊर्जा के साथ सामना करने में जुटा है,अतीत में,भारत ने विश्वगुरू बन कर पहले भी गौरव अर्जित किया है,अब भी कुछ वैसा ही करना होगा!
अब सभी को एक शक्ति का स्त्रोत बन कर जूझते हुए विजय पानी है,अपनी शक्तियों का फिर नये सिरे से स्मरण कर,शक्तिपुंज बन,नया इतिहास ही रच देना है,हम में वो शक्ति है,हम में वो शक्ति है,हम ऐसा कर सकते हैं,कर के रहेंगे,करना ही है।
"कौन कहता है,आसमां में छेद नहीं हो सकता, एक  पत्थर  तो तबीयत से  उछालो  यारो!" तबीयत से उछाला गया यह पत्थर एक नए युग का सूत्रपात करेगा।उठो,जागो,इस बार युद्ध क्षेत्र में नहीं, कर्तव्य निर्वाह के लिये बहुत जरूरी होने के अतिरिक्त घर में ही डटे रह कर,आने वाली पीढ़ियों के लिये एक नया विलक्षण और अनुपम इतिहास रच दो!
-०-
पता: 
राजकुमार अरोड़ा 'गाइड'
बहादुरगढ़(हरियाणा)


-०-

***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

Sunday, 25 October 2020

रावण के दश मुख नहीं थे (आलेख) - डाॅ. महेंद्रकुमार जैन ‘मनुज’

 

 

महात्मा के महात्मा
(आलेख)
रामायण का कथानक बहुत प्रसिद्ध है लेकिन यह कथानक और इसके पात्रों के नाम अलग अलग धर्मों ही नहीं लेखकों के अनुसार भी कुछ परिवर्तित हैं। जैन परम्परा में भी रामायण कई आचार्यों द्वारा लिखी गई है। राम यशोरसायन, जैन रामायण, पहुम चरिउ और पद्मपुराण आदि। इनमें पद्मपुराण अधिक प्रसिद्ध है। पद्म नाम रामचन्द्र जी का है इसलिए उनके पौराणिक कथानक को पद्मपुराण नाम दिया गया है। जैन साहित्य में त्रेषठ शलाका महापुरुषों के जीवन चरित्रों का वर्णन होता है। 24 तीर्थंकर, 12 चक्रवर्ती, 9 बलभद्र, 9 नारायण एवं 9 प्रतिनारायण ये सब मिलकर 63 हुए। जो त्रिषष्ठि शलाकापुरुष कहलाते हैं। पद्मपुराण के अनुसार राम आठवें बलभद्र थें, लक्ष्मण आठवें नारायण और रावण आठवें प्रतिनारायण थे। प्रतिनारायण अत्यन्त बलशाली व बुद्धिमान विवेकी सम्राट होता है, वह अपने बल से तीन पृथ्वी को जीतकर अर्द्धचक्रवर्ती सम्राट बनता है और बहुत लम्बे समय तक सुखों का भोग करता हुआ निराबाध राज्य करता है। उसके 18 हजार रानियां होती हैं और 16 हजार मुकुटबद्ध राजा उसकी सेवा में तत्पर रहते हैं।
ऐसे प्रतिनारायण को अपने बड़े भाई बलभद्र के सहयोग से जीतकर नरायण अर्द्धचक्रवर्ती सम्राट बनता है। नारायण की भी प्रतिनारायण से अधिक विभूति होती है। यह सब डाॅ. शुद्धात्मप्रभा ने अपनी पुस्तक राम कहानी में विसतार से लिखा है।
जैन मान्यतानुसार रावण राक्षस वंशी था, उसके दश सिर नहीं थे, एक ही था। किन्तु उसका नाम दशानन था। इसका भी अलग प्रसंग है। रत्नश्रवा के यहां बालक के जन्म के समय कई विचित्र घटनायें हुईं। बहुत पहले मेघवाहन के लिए राक्षसों के इन्द्र भीम ने जो हार दिया था, हजार नागकुमार जिसकी रक्षा करते थे, जो बहुत कांतिमान था और राक्षसों के भय से इसे किसी ने नहीं पहना था। ऐसे हार को उस बालक ने अनायास ही हाथ से खींच लिया। बालक को मुट्ठी में हार लिये देख माता घबड़ा गई, उसने बालक के पिता को बुलाया, पिता ने यह दृश्य देखकर कहा यह अवश्य ही कोई महापुरुष होगा। माता ने निर्भय होकर वह हार उस बालक को पहना दिया। उस हार में जो बड़े बड़े स्वच्छ रत्न लगे हुए थे उनमें असली मुख के सिवाय नौ मुख और भी प्रतिबिम्बित हो रहे थे इसलिए उस बालक का नाम दशानन रखा गया।
जैन मान्यता के पद्मपुराण के अनुसार दशानन का रावण नाम कैलाश पर्वत उठाते समय की घटना के कारण पड़ा था। मान्यतानुसार दिग्विजय के समय रावण बालि से युद्ध के लिए तत्पर हो गया था, इस घटना से बाली ने दिगम्बरी दीक्षा ले ली। एक बार रावण नित्यलोक की रत्नावली कन्या से विवाह करके सपरिवार आकाशमार्ग से लोट रहा था। मार्ग में कैलाश पर्वत के ऊपर उसका विमान रुक गया। अपने मंत्री से कैलाश पर्वत पर बाली मुनि तपस्या कर रहे हैं यह सूचना पाकर क्रोधित हो दशानन ने अपने विद्याबल से बाली सहित कैलाश पर्वत उखाड़कर समुद्र में फेकना चाहा। पर्वत उठाया ही था कि बाली मुनि ने सोचा ऐसे तो इस पर बने अनेक जिनालय नष्ट हो जायेंगे और वन्दना करने वाले मनुष्य व अनेक प्राणी मर जायेंगे। उन्होंने अपने पैर के अंगूठे से पर्वत के मस्तक को दवा दिया, इससे दशानन अत्यंत व्याकुल होकर चिल्लाने लगा। क्योंकि उसका शरीर कैलाश पर्वत से दबने लगा था। करुण चीत्कार की रव के कारण तब से वह दशानन रावण के नाम से जाना जाने लगा। रावण की पत्नी मन्दोदरी की अनुनय पर बाली मुनि ने अपना अंगूठा शिथिल किया। बाल्मीकि रामायण के अनुसार शिवजी ने अपना अंगूठा दवाया था। शेष घटना लगभग समान है।
रावण में अनेक गुण होते हुए भी वह सीता पर मोहित हो गया और सीता का हरण कर लिया। किन्तु  उसका यह नियम था कि जब तक कोई स्त्री स्वयं नहीं चाहेगी तब तक वह उसे छुएगा भी नहीं। इसलिए उसने सीता को अनेक प्रलोभन दिये, बहुत समझाया पर सीता ने तो अन्न-जल भी त्याग दिया था। उल्लेख आता है कि बाद में रावण के परिणाम बदल गये थे, उसने सीता को वापिस करना चाहा किन्तु उसका बलशाली होने का अभिमान आड़े आ गया था और उसने कहा में राम को जीतने के बाद ही उन्हें सीता वापिस करूॅंगा। और वह युद्ध में राम के हाथों मारा गया। जैन ग्रंथानुसार नारायण के द्वारा ही प्रतिनाराण मारा जाता है, इस नियमानुसार राम के सहयोग से लक्ष्मण के द्वारा रावण मारा गया।  
-०-
पता:
डाॅ. महेंद्रकुमार जैन ‘मनुज’
इंदौर (मध्यप्रदेश)

 

डाॅ. महेंद्रकुमार जैन ‘मनुज’ जी  की रचनाएं पढ़ने के लिए शीर्षक चित्र पर क्लिक करें! 

***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

Sunday, 18 October 2020

रंगोली सजाओ (आलेख) - डा. नीना छिब्बर

 

रंगोली सजाओ
(लघुकथा)
  "हरी हरी वसुंधरा पे नीला नीला ये गगन
  के जिस पे बादलों की पालकी उड़ा रहा पवन
   दिशाएं देखो रंगभरी ,चमक रही उमंग भरी
  ये किसने फूल फूल पे किया सिंगार है
  ये कौन चित्रकार है ,ये कौन चित्रकार है "।

   रंग जीवन में नवचेतना संचारित करते हैं।
ईश्वर की  हर एक कृति  दूसरी कृति से अलग है , भिन्न है । रूप रंग ,आकार प्रकार, सुगंध सौंदर्य का अनंत विस्तृत  फलक चारों और फैला है ।हर रंग का अपना सौंदर्य है।रंगो को देखकर मन में अनेक भाव आते हैं। चटकीले खुशनुमा रंग देखकर उदास और निराश मन भी प्रफुल्लित हो जाता है।
     भारतीय संस्कृति में तो सुख दुख ,हर्ष विषाद ,विवाह ,जन्म मरण के भी रंग निर्धारित हैं ।रंगो को हमने दैनिक जीवन में रचाया बसाया है। घरों के बाहर अल्पना ,रंगोली, मांडना  ,कोलम  खूबसूरत रंगो में सजा कर  घर की सुंदरता के साथ भीतर की कलात्मकता को भी नये आयाम देते हैंं हम भारतीय।
    रंगोली एक संस्कृत शब्द है। जिसका अर्थ है रंगो के जरिए भावनाओं को अभिव्यक्त करना। भारत के कुछ क्षेत्रों में इसे अल्पना भी कहते हैं। यह  संस्कृत शब्द " अलेपना " से बना है। जिसका अर्थ है लीपना या लेपन करना  क्योंकि रंगोली बनाते समय दीवारों पर या जमीन पर लेपन ही किया जाता है। अल्पना वात्सायन के काम-सूत्र में वर्णित चौंसठ कलाओं में से एक है। 
रंगोली का वर्णन मोहनजोदड़ो और हड़प्पा की सभ्यता में भी मिला है। इस कला का सीधा संबंध 5000 वर्ष पूर्व की सभ्यता में भी मिलता है।
रंगोली में मुख्यतः  सूखे और गीले रंग, पिसे हुए चावल, सूखे पत्तो का पाउडर, चारकोल, लकड़ी का बुरादा ,फूल उपयोग में लाए जाते हैं ।यह अधिकतर आँगन के मध्य, बेल के रूप में चारों ओर,कोनों पर,मुख्य द्वार पर, भगवान की चौकी के पास, दीप के सामने  और दीवारों पर भी बनाई जाती है ।इसमें अधिकतर ज्यामितीय आकृतियाँ और पुष्प अंकित किये जाते हैं ।ये आकृतियाँ त्रिभुज, वृत षटकोण, सीधी रेखाएं, तरंगित रेखाएं  होती हैं जिन के द्वारा रंगोली या अल्पना बनाई जाती है ।  बिंदुओं को मिला कर भी रंगोली बनाई जाती है। यह  रंगोली  सीखने का सब से पुराना तरीका है। पुष्प की आकृतियाँ सामाजिक और धार्मिक पर्वों  एवं जादू टोनें से जुड़ी हैं । ज्यामितीय आकृतियाँ तंत्र -मंत्र एवं तांत्रिक रहस्यों से जुड़ी मानी जाती है । स्वास्तिक हमेशा बनाया जाता है ।
    भारतीय परंपराओं में हर कार्य या अनुष्ठान के साथ कुछ मान्यताएं जुड़ी रहती हैंं ।रंगोली के साथ भी क्षेत्र ,राज्य और धर्म के अनुसार कुछ प्रचलित मान्यताएं हैंं ।  हिंंदू धार्मिक मान्यता के अनुसार रंगोली की आकृतियाँ घर से बुरी आत्माओं वं दोषों को  दूर करती है। इसी के साथ सुंदर रंगोंली  घर में खुशहाली, सुख और स्मृद्धि लाती है। कुछ क्षेत्रों में तो रंगोली बनाते हुए कन्यायें लोकगीत भी गाती  हैं। रंगोली नकारात्मक ऊर्जा को मार्ग में ही रोक देती हैं  और घर की सकारात्मक उर्जा को बाहर नहीं निकलने देती है ।
 रंगोली के साथ कुछ और लोक कथाएं भी जुड़ी हैंं। भारत के दक्षिण राज्य तमिलनाडु मे यह माना जाता है कि पूज्यनीय देवी (  माँ थिरूमल) का विवाह मर्गा जी महीनें में हुआ था इसीलिए इस पूरे माह कन्यायें घर में सुबह उठकर ,स्नान कर रंगोली बनाती हैं ।द.भारत में रंगोली को " कोलम " भी कहते हैं। इसके लिए चावल के आटे का घोल इस्तेमाल किया जाता है। इसके पीछे यह  मान्यता है कि चींटी को भी खाना खिलाना चाहिए। माना जाता है कि कोलम के बहाने प्रत्येक जीव -जन्तु को भोजन मिलता है। जिससे प्राकृतिक चक्र की वृद्धि और रक्षा होती है। 
पुरानी कथा यह भी है कि एक बार राजा चित्रलक्षण के दरबार में उनके जाने माने पुरोहित के पुत्र का अचानक देहांत हो गया।
पुरोहित अत्यंत दुखी हुए । उनके दुख को कम करने के लिए राजा ने ब्रह्मा जी से प्रार्थना की। ब्रह्मा जी आये और जिस पुत्र की मृत्यु हुई है , दीवार पर उस पुत्र का चित्र बनाने के लिए कहा । ब्रह्मा जी के कथनानुसार दीवार पर पुरोहित के पुत्र का चित्र बनाया गया और देखते ही देखते  वह पुत्र जीवित हो गया। 
  अन्य एक कथा है कि ब्रह्मा जी ने सृजन के उन्माद में आम के पेड़ से रस निकाल कर उसी से जमीन पर एक स्त्री की आकृति बनाई जो अप्सराओं से भी सुंदर थी। बाद में वही उर्वशी कहलाई। ब्रह्मा जी द्वारा खीची गई यह आकृति रंगोली का प्रथम रूप  मानी जाती है । इसी प्रकार लंकेश का वध करके चौदह सालों बाद जब श्री राम,लक्ष्मण और सीता जी वापस लौटे तो अयोध्या के नगरवासियों ने अपने घर आँगन रंगोली से सजाए। सीता के विवाह के अवसर पर भी सम्पूर्ण नगर रंगोली से सजाया गया था। यहाँ भी रंगोली को सीता विवाह से जोड़ा गया है ।
  दिवाली और रंगोली का तो अटूट नाता है। रंगोली के साथ लक्ष्मी जी के चित्र और पग -चिन्ह भी बनाए जाते हैं ।
  रंगोली का एक और नाम है "अरिपन रंगोली " । यह बिहार की लोक चित्रकला है। अरिपन मिथिला कला का एक रूप है। यह बिहार के मिथिला क्षेत्र विशेषकर मधुबनी गाँव की विशेषता है। हर उत्सव त्योहार में आँँगन और दीवारों पर मधुबनी चित्रकारी बनाने की पुरानी प्रथा है। इसमें मुख्यतः  रामायण और महाभारत की छवियाँ होती हैं ।
 उतराखंड़ में रंगोली को ऐपण रंगोली का नाम दिया गया है। "  ऐपण" कुमाऊं की पारंपरिक प्रथा है।यह उतराखंड़ में भी प्रचलित है । यह पूजा के स्थान, घरोंके प्रवेशद्वार , दीवारों को सजाने के लिए भी बनाई जाती है । यह बड़े पैंंमाने पर इस्तेमाल किए जाने वाली सजावटी प्रपत्र है। ऐपण के डिजाइन एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी को स्थानांतरित किए जाते हैं । इसका सामाजिक, सांस्कृतिक और धार्मिक महत्व है।
 इसी तरह राजस्थान ,मालवा और निमाड़ क्षेत्र में रंगोली का एक रूप "मांड़ना" भी है। मांडना "मंडन " शब्द से लिया गया है ।.जिसका अर्थ है सजाना। मांडने को विभिन्न उत्सव और ऋतुओं के आधार पर वर्गीकृत किया गया है।
 चतुर्भुज आकृति का चौक मांडना समृद्धि के लिए किया जाता है।जबकि त्रिभुज, वृत, शतरंज का पट और स्वास्तिक लगभग हर उत्सव और पर्व पर बनाया जाता है। 
   रंगोली की लोक परंपराएं, कथाएं ,मान्याताएं चाहे थोड़ी बहुत भिन्न हों पर अंतर्निहित तरंग एक ही है उत्साह, आनंद,पवित्रता और सकारात्मक ऊर्जा का सम्पूर्ण पृथ्वी पर साम्राज्य बना रहे।
  पौराणिक कथाएं,मान्याताएं धार्मिक ,सामाजिक  महत्व और  घर परिवार को सकारात्मक ऊर्जा से सराबोर करने के लिए रंगोली आज भी अपना वर्चस्व बनाए हुए है ।
आधुनिक युग में रूप बदल गया है । कुछ नवीनीकरण हो गया है। ट्यूब क्लर, प्लास्टिक के स्टीकर, साँचे, छलनी में डिजाइन, रंगोली के लिए  कट -आऊट ,  लकड़ी के बेलनाकार साँचे ,रंगीन पेन आदि। यानि कि मशीनीं युग में सबकुछ तेज। पर संतोष इसी बात से है कि नयी पीढ़ी पुरानी पीढ़ी का अनुसरण कर रही है बस तरीका नया है। नयी रंगोली पद्धति चाहे जो हो आकार प्रकार, फूल पतियाँ वही हैं। उत्साह भी चौगुना है।  हमारी सांस्कृतिक जड़ें गहरी हैं और  विश्वास है कि सदा पल्लवित पुष्पित रहेंगीं।
 हम फिर गुनगुना सकते हैं।
" रंगोली सजाओ रे...."

-०-
डा. नीना छिब्बर
जोधपुर(राजस्थान)

-०-

***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

Wednesday, 14 October 2020

फुर्सत के क्षण (आलेख) - सुनील कुमार माथुर

फुर्सत के क्षण
(आलेख)
कामकाजी , मैहनती , कलाप्रेमी बालिकाएं व महिलाएं फुर्सत के समय केवल बेकार की गपशप कर अपना कीमती समय बर्बाद न करें अपितु इस खाली समय में बैठकर वे कढाई - बुनाई  , कसीदाकारी  , पेंटिंग, सिलाई - बुनाई कर समय का सदुपयोग कर सकती है 

प्राचीन समय में घूंघट प्रथा के चलने के बावजूद भी महिलाएं व बालिकाएं घर के कामकाज से निपटने के बाद फुर्सत के समय में फालतु न बैठकर इस अमूल्य समय में वस्त्रों पर कढाई  , कुर्ते पर सुन्दर डिजाइन, पर्दे  , मेजपोश , टी वी कंवर, तकिये की खोली पर कसीदाकारी, आइल पेंट से ड्राईग रूम की दीवारों, कमरे की छत , मकान की फर्श पर भी नयनाभिराम सरल , सुन्दर व आकर्षक बेले , पेंटिंग व नाना प्रकार की डिजाईन का कार्य करती थी । वहीं ओढनी पर भी अपनी कला दिखाकर उस पर चार चांद लगाती थी व मन पसंद धागे से कढाई करती थी ।

मगर आज समय बदल गया हैं । कई परिवारों में घूंघट प्रथा खत्म हो चुकी है और स्त्री व पुरूष दोनों आज नौकरी पेशा हो गये हैं । पति - पत्नी दोनों कमाते है । धन की कोई कमी नहीं है । आज बाजार में हर चीज उपलब्ध हैं बस पैसा फैको और तमाशा देखों की कहावत चरितार्थ हो रही हैं । 

पैसे के अंहकार ने बाजार में हर चीजों के दाम बढा दिये है । पांच रूपये की वस्तु आज बाजार में सौ रूपये में बेची जा रही हैं । इससे पैसे वालों पर कोई फर्क नहीं पडता है लेकिन गरीब  व मध्यम वर्गीय परिवार के लिए समस्या पैदा हो जाती हैं और बाजार में एक बार दाम बढ जायें तो फिर कम होने के कोई आसार नहीं है ।

बढती मंहगाई का एक कारण यह हैं कि आज कामकाजी महिलाएं मेहनत से जी चुराती हैं । वे कढाई  - बुनाई  , कसीदाकारी, पेंटिंग के बजाय क्लब संस्कृति को अपना रही हैं जहां केवल गपशप व खाना पीना व एक - दूसरे की खीचतान के आलावा कुछ नहीं है और पैसे की बर्बादी आलग से ।

ऐसी महिलाओं का तर्क है कि जब बाजार में सभी चीजें आसानी से उपलब्ध है तो यह सिर दर्द क्यों मोल ले । लेकिन वे यह भूल जाती हैं कि हम अपने हुनर का गला घोट रहें है । जबकि जरूरत इस बात का हैं कि इस प्रतिस्पर्धा के युग में आप अपने हुनर व प्रतिभा को निखारे । अपने हाथों से बनाई कलाकृति, डिजाइन, पेंटिंग, कसीदाकारी, कढाई- बुनाई का अपना एक अलग ही महत्व है । 

चूंकि इससे मन में प्रसन्नता का भाव आता हैं । कला में निखार आता हैं । अपनी चार सखी सहेलियों को बताने से हमें भी चार नई बातें जानने को मिलती हैं । अतः फुर्सत के समय का सदुपयोग करनें के कार्य की शुरुआत अपने घर से कीजिए व फिर आडौस पडौसी की जोडिये एवं फिर समूह बनाकर अपना कारोबार शुरू कर आत्मनिर्भर बनें । 

कार्टूनिस्ट चाॅद मोहम्मद घोसी ने मेहनती , कामकाजी व कलाप्रेमी बालिकाओं व महिलाओं के लिए सरल , सुन्दर व आकर्षक बेले, फैब्रिक पेंटिंग, आइल पेंटिंग, गले के लिए कुर्ते पर सुन्दर डिजाइन, वस्त्रों पर नमूने के अनेक डिजाइन बनाकर देश भर में की पत्र - पत्रिकाओं में अपने डिजाइन भेज कर बालिकाओं व महिलाओं के लिए रोजगार का रास्ता खोल कर एक सकारात्मक सोच आज से करीब चार दशक पूर्व शुरू की थी वह आज भी  लगातार जारी हैं । बस जरूरत है बालिकाएं व महिलाएं फुर्सत के समय का सदुपयोग करें और इसे आत्मसात कर आत्मनिर्भर बनें ।
-०-
सुनील कुमार माथुर ©®
जोधपुर (राजस्थान)

***

***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

सृजन रचानाएँ

गद्य सृजन शिल्पी - नवंबर २०२०

गद्य सृजन शिल्पी - नवंबर २०२०
हार्दिक बधाई !!!

पद्य सृजन शिल्पी - नवंबर २०२०

पद्य सृजन शिल्पी - नवंबर २०२०
हार्दिक बधाई !!!

सृजन महोत्सव के संपादक सम्मानित

सृजन महोत्सव के संपादक सम्मानित
हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ