*** हिंदी प्रचार-प्रसार एवं सभी रचनाकर्मियों को समर्पित 'सृजन महोत्सव' चिट्ठे पर आप सभी हिंदी प्रेमियों का हार्दिक-हार्दिक स्वागत !!! संपादक:राजकुमार जैन'राजन'- 9828219919 और मच्छिंद्र भिसे- 9730491952 ***
Showing posts with label स्वतंत्रता दिवस. Show all posts
Showing posts with label स्वतंत्रता दिवस. Show all posts

Saturday, 15 August 2020

राष्ट्र-वंदना (गीत) - प्रो.(डॉ.)शरद नारायण खरे

 राष्ट्र-वंदना
(गीत)
भारत मां के अभिनंदन में, आओ हम जयगान करें ।
नित्य चुनौती का उत्तर दे, रक्षित मां की आन करें ।।

हमने रच डाली नव गाथा,
 लेकर खडग हाथ अपने
 नहीं हटाये बढ़े हुये पग,
 पूर्ण किये सारे सपने

माटी को निज माथ लगाकर, आओ मंगलगान करें ।
नित्य चुनौती का प्रत्युत्तर दे, रक्षित मां की आन करें ।।

शत्रु नहीं बच पाया हमसे,
 पूत हमारे वीर सभी
सेनानी हम हैं मतवाले,
 हाथ गहें शमशीर सभी

वक़्त करे यदि मांग तो हँस-हँस,  हम निज का बलिदान करें ।
नित्य चुनौती का उत्तर दे, रक्षित मां की आन करें ।।

सीमाओं पर डंटे हुये हम,
  तीन रंग का मान रखें
जन गण मन की लाज निभाते,
 क़ायम निज की शान रखें

त्याग करें,और रखें एकता, मिल-जुलकर सहगान करें ।
नित्य चुनौती का उत्तर दे, रक्षित मां की आन करें ।।

बिस्मिल,भगतसिंह हम ही हैं,
  हम ही तो आज़ाद हैं
हम ही तो हैं नेहरू-गांधी,
  हम हरदम आबाद हैं

संविधान में रखें आस्था, मिल-जुलकर उत्थान करें ।
नित्य चुनौती का उत्तर दे, रक्षित मां की आन करें ।।
-०-
प्रो.(डॉ.)शरद नारायण खरे
मंडला (मध्यप्रदेश)
-०-


प्रो.(डॉ.)शरद नारायण खरे जी की अन्य रचनाएँ पढ़ने के लिए नाम के शीर्षक चित्र पर क्लिक करें !
***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 


तिरंगा भारत की शान (कविता ) - अतुल पाठक 'धैर्य'



तिरंगा भारत की शान
(कविता)
तिरंगा भारत की शान है,
माँ भारती की अमिट पहचान है।

हम देशप्रेमियों के दिल की धड़कन,
यही हमारी जान है।

हिम शिखर पर लहराता,
गौरव राष्ट्र का बतलाता।

हर हिन्दुस्तानी दिल का,
बढ़ाता ये सम्मान है।

इसकी खातिर हर फौजी,
देना अपनी जान है।

हर देशभक्त का सपना,
तिरंगे का मान है।

जो शौर्य की गाथा रचता,
वो दहाड़ता हिन्दुस्तान है।

हर हिन्दवासी की जान,
और वतन का अभिमान है।

तिरंगा भारत की शान है,
माँ भारत की अमिट पहचान है।
-०-
पता: 
अतुल पाठक  'धैर्य'
जनपद हाथरस (उत्तरप्रदेश)

-०-

अतुल पाठक  'धैर्य' जी की रचनाएं पढ़ने के लिए शीर्षक चित्र पर क्लिक करें!

***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

मेरा वतन हिन्दुस्तान (कविता) - मईनुदीन कोहरी 'नाचीज'



मेरा वतन हिन्दुस्तान
(कविता)
मेरा वतन - मेरा वतन प्यारा है हिन्दुस्तान
सबसे प्यारा मेरा प्यारा वतन है हिन्दुस्तान

गगन को छूले ऊँचा शिखर जहाँ हिमालय
जहाँ से निकले नदियाँ वो मेरा हिन्दुस्तान

उतर का बड़ा मैदान नदियों से है खुशहाल
खाद्यान जहाँ निपजे वो वतन है हिन्दुस्तान

विभिन्नता मेंभीएकता जहाँ नजर आती हो
विभिन्न जाति धर्मो का प्यारा है हिन्दुस्तान

काशमीर से केरल तक एकता का संचार
पूर्व से पश्चिम एक सूत्र में बंधा हिन्दुस्तान

एक संविधान की छत्रछाया में सवा अरब
एक भाषा से जुड़ा मेरा प्यारा हिन्दुस्तान

हिन्दु मुस्लिम सिक्ख ईसाई वतन के लाल
इनकी ताकत से फले-फूले मेरा हिन्दुस्तान

मेरे वतन की महक से महके दुनियाँ सारी
'नाचीज'तकदीर से तू जन्मा वो हिन्दुस्तान
-०-
मईनुदीन कोहरी 'नाचीज'
मोहल्ला कोहरियांन, बीकानेर

-०-
मईनुदीन कोहरी 'नाचीज' जी की रचनाएं पढ़ने के लिए शीर्षक चित्र पर क्लिक करें! 

***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

आजादी का पर्व (कविता) - सूर्य प्रताप राठौर


आजादी का पर्व
(कविता)
शायद बिसर गए वो दिन जब हम गुलाम कहलाते थे,
हर सुबह इक नई उमंग से आजादी की सौगंध खाते थे।
स्वतंत्रता को धर्य व साहस से लड़कर हमने पाया है,
देश को उन्नति व प्रगति का सही मार्ग दिखलाया है।
गांधी, तिलक व वीर शिवाजी ने हमको सब सिखलाया है
धैर्य, एकता और अखंडता का पाठ हमें पढ़ाया है।
रहे तिरंगा ऊंचा जग में बस इतना ही अरमान है,
इसके तीनों रंग ही बस बन गए हमारी पहचान हैं।
किंतु प्रतीत होता है ऐसा इन विकट परिस्थितियों में
नहीं संजो पाए शहीदों को हम अपनी स्मृतियों में।
फिर से बटे हुए हैं आज हम मंदिर और मस्जिदों में ,
नहीं बचा उबाल देश हित का हमारे लहू के कतरों में।
जुड़ना है फिर साथ-साथ ही इस मुश्किल के दौर में,
संग संग चले थे जैसे बापू एक लाठी के जोर में।
जैसे संग लड़ कर पाया हमने अपनी इस आजादी को
बंद कर एक सूत्र में फिर हम पाएंगे कामयाबी को।
-०-
सूर्य प्रताप राठौर
सांगली (महाराष्ट्र)

-०-



सूर्य प्रताप राठौर जी की रचनाएं पढ़ने के लिए शीर्षक चित्र पर क्लिक करें! 

***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

एक शहीद ऐसा भी (कविता) - शुभा/रजनी शुक्ला



एक शहीद ऐसा भी
                (कविता)
रो रही थी माता एक फूट फूट के
कि चल दिया था उसका लाल उसको छोड़ के

परेशान हो गयी वो उसको ढूंढ ढूंढ के
मिल ना रहा था बेटा कहॉं बैठा छोड़ के

जब बीते कई दिन और बीती कई रात
लोगो ने माँ को बोली फिर एक नयी बात

थाने मे जाके रपट लिखवा दो माँ हर हाल
इनके ही प्रयासों से अब मिलेगा तेरा लाल

कहने से सबके बूढी माता थाने पहुंच गयी
बेटे की फोटो देकर दरखास्त ये करी

लाल मेरा खो गया है कई दिन से सरकार
ढूंढ करके लादो ये माँ मानेगी उपकार

गजब का था निशाने बाज करता था बस कमाल
दुश्मन को मारने की ही करता था वो बात

कहता था फौज जाऊंगा पर ना था कोई ठिकाना
शिक्षण ना कोई प्रशिक्षण कैसे लगता उसका निशाना

मॉं रोये जा रही थी ना कोई था सपोर्ट
आखिर को अॉफिसर ने लिख दी उसकी रिपोर्ट

अफसर ने कहा जा मॉंअब चैन से घर जा
हम ढूंढ कर लायेंगे तेरा बेटा चुप हो जा

काफी दिनो के बाद मॉं को एक सूचना मिली
शिनाख्त बेटे की करने की उसे सजा मिली

लिपटा था लाल उसका आज तिरंगे झंडे मे
और देश गर्व कर रहा था उसके मरने मे

ना जाने कैसे पहुचा वो युद्ध के मैदान
 दुश्मन को मार स्वयं तज दिये थे प्राण

शरीर छलनी था सारा लगता था देख के
हैवानियत की हद पार कर दी थी बैरी  ने

गर्म लोहे की राड से उसके कानो को फोड़ा था
नाखुनो को खींच के सारी हड्डियो को भी तोडा़  था

धारदार शस्त्र से आँखे निकाल ली गयी थी
इंसानियत की सारी हदे पार कर दी गयी थी

सरहद मे जाके उसके पुत ने एैसा कमाल दिखलाया था
माँ ने देखा जब लाल को एैसे , फक्र उसे हो आया था

जो रो रही थी अब तक बेटे के विरह व्यथा से
अब हंसने लगी थी सुन कर बेटे के वीर कथा पे

धन्य हुयी मै आज हे धरती मॉं जो मुझको जनम दिया
इस पावन भूमि पे जन्म के एैसे लाल को जनम दिया

अट्टहास कर उठी अचानक हाँथ मे तिरंगा उठा लिया
जय हिन्द जय भारत जय मेरा लाल कहके उसने भी दम तोड़ दिया ।

एक नही अनेक हैं माता एैसी मेरे भारत देश मे
शत शत नमन है उनको आज अपने इस स्वदेश मे ।
-०-
शुभा/रजनी शुक्ला
रायपुर (छत्तीसगढ)

-०-



शुभा/रजनी शुक्ला जी की रचनाएं पढ़ने के लिए शीर्षक चित्र पर क्लिक करें! 

***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

■■ देशभक्ति: आधुनिक परिप्रेक्ष्य में ■■ (आलेख) - अलका 'सोनी'

■■ देशभक्ति: आधुनिक परिप्रेक्ष्य में ■■

(आलेख)
' देशभक्ति या देश प्रेम ' की भावना का तात्पर्य है एक नागरिक का उसके राष्ट्र के प्रति समर्पण व प्रेम। यह किसी देश से उसके सांस्कृतिक ,ऐतिहासिक ,सामाजिक और राजनीतिक पहलुओं से जुड़ा होता है। देशभक्ति शब्द आते ही हमारी आंखों के सामने भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद, महात्मा गांधी और सुभाष चंद्र बोस जैसे महान क्रांतिकारियों की छवि उभर आती है। जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया था । यह देश प्रेम की पराकाष्ठा थी। ऐसे असंख्य क्रांतिकारियों और देश प्रेमियों की सूची है ,जिनका नाम इतिहास में स्वर्णाक्षरों में दर्ज है तो वहीं अनगिनत देशभक्तों की कुर्बानी अनाम ही रह गई।जिनका नाम इतिहास में दर्ज़ नहीं हो पाया। जब देश गुलाम था तब जनता में एक क्रांति की धारा बह रही थी ,एक तरह का जुनून था कि किसी तरह देश को पराधीनता से मुक्ति मिल जाए ।इसके लिए आबाल-वृद्ध ,स्त्रियां देश के लिए क्रांति और संघर्ष की राह पर चल पड़े थे।

काफी बलिदानों और संघर्षों के बाद आखिरकार 15 अगस्त 1947 को देश को स्वतंत्रता मिल ही गई। लेकिन लंबी गुलामी के बाद जो देश हमें मिला था अब उसके पुनरुत्थान के लिए नई चुनौतियों के दुष्कर मार्ग पर चलने की बारी आई। वर्षों की क्रांति ने देश को स्वतंत्र तो कर दिया, हमारा स्वयं का तिरंगा झंडा और संविधान तो अस्तित्व में आ चुका था लेकिन अब देश भक्ति का एक नया स्वरूप सामने लाने की बारी आई। जिसमें देश को प्रगति पथ पर अग्रसर करना था ।

दुनिया के बाकी देश तब तक विकास के मार्ग पर आगे बढ़ चुके थे और भारत में वह अपनी शैशवावस्था में था। साथ ही छुआछूत ,निरक्षरता ,सांप्रदायिकता पग-पग पर प्रगति के रथ को रोक रही थी जो कि पराधीनता स्वरूप देश में गहरे पैठ जमा चुकी थी।

हमारा देश इन धार्मिक, सामाजिक कुरीतियों से लड़ते -लड़ते अपनी विकास- यात्रा पर बढ़ रहा था। इसी बीच पड़ोसी देशों के आक्रमण का हमारे बहादुर सैनिकों ने जमकर लोहा लिया। पाकिस्तान को मुंह की खानी पड़ी। यह सब देशभक्ति का ही तो एक अलग रूप है। देश को विकास प्रदान करने के लिए सामरिक दृष्टिकोण से मजबूत बनने के साथ-साथ कृषि, अर्थव्यवस्था, अंतरिक्ष यात्रा भी करनी थी। इसी बीच पंचवर्षीय योजनाओं और श्वेत-हरित क्रांति की शुरुआत हुई। यह सब हमें देश के प्रति एक व्यापक दृष्टिकोण प्रदान करता है। अंग्रेजों के जाने के बाद भारत को फिर से विश्व के सामने मजबूती से खड़ा करने के लक्ष्य ने सभी देशवासियों को देशभक्ति का एक नया अवसर प्रदान किया।

इस दिशा में देश के कृषक, पशुपालक, वैज्ञानिक, चिकित्सक, सैनिक और आम जनता सभी क्रांतिकारियों की भूमिका में खड़े हो गए ।
जिसके फलस्वरूप दुग्ध और कृषि क्षेत्र में आशा अनुरूप वृद्धि हुई । विज्ञान और सैन्य शक्ति के क्षेत्र में भी देश अपने पैरों पर खड़ा होने लगा।
यह सब देशभक्ति का आधुनिक रूप ही तो था। जो भारत को विकसित राष्ट्र बनने की दिशा की ओर ले जाने लगा। आज हमारी अर्थव्यवस्था विश्व समुदाय में अपनी पहचान बना चुकी है । फिर भी इसकी चुनौतियां खत्म नहीं हुई है।

कोई भी देश तभी शक्तिशाली बन सकता है ,जब वहां की जनता में देशप्रेम और निष्ठा हो। वास्तविक रूप में हमारी कर्तव्य -परायणता और सद्चरित्रता ही देश को तरक्की के मार्ग पर ले जा सकती है। एक चरित्रहीन व्यक्ति कभी तरक्की नहीं कर सकता और यही आज देश भक्ति की मांग भी है कि हम अपनी -अपनी जगह पर रहते हुए एक अच्छे नागरिक बने। ऐसा कोई कार्य न करें जिससे देश की हानि हो। आज देश भक्ति केवल प्राण नहीं मांगती वरन हम छोटे-छोटे कार्य कर देश के विकास में सहायक बन सकते हैं।
जैसे घरेलू स्तर पर बिजली की बचत कर के, प्लास्टिक का उपयोग कम करके, इंधन को बचाकर। पेड़ लगाकर या फिर अपनी जरूरतें कम करके ,ताकि हर नागरिक को जीवन जीने के लिए 'बेसिक' चीजें मिलती रहें तथा पर्यावरण भी सुरक्षित रहें।

अगर देश में किसी तरह की आपदा भी आए तो उससे सूझबूझ से निपटना देश -भक्ति का ही एक रूप होता है । जैसे वर्तमान समय में संपूर्ण विश्व कोरोना से जूझ रहा है । भारत में भी इसका आंकड़ा चार लाख तक पंहुच चुका है। 4 महीने से हमारा देश अनेक तरह की परेशानियों से जूझ रहा है । प्रारंभ में ढाई महीने के लॉक डाउन के समय जनता को बेहद कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ा।
लेकिन हम सब ने धैर्य के साथ देश का साथ देकर देश भक्ति का अनुपम उदाहरण पेश किया।

वास्तव में देशभक्ति एक पवित्र और सुंदर भाव है जो हर देशवासी में होनी चाहिए । इससे देश बनता है और प्रगति के मार्ग पर चलता है।
देशभक्ति का यह अर्थ कदापि नहीं है कि हाथों में तिरंगा लेकर देश को हानि पहुंचाने का काम करते रहे। आज की युवा- पीढ़ी देशप्रेम का महत्व समझ कर उसका वास्तविक रूप अपनाये तो यह बेहतर होगा ।देश का भविष्य होने के नाते उनकी जिम्मेदारी बनती है कि वह आगे आकर देश की बागडोर अपने हाथों में लें।
-०-
अलका 'सोनी'
बर्नपुर (पश्चिम बंगाल)

-०-

***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

मन हिन्दुस्तान बना दें ! (कविता) - अशोक 'आनन'


मन हिन्दुस्तान बना दें !
( कविता )
आदम   को   इंसान   बना   दें ।
तन - मन  हिन्दुस्तान  बना  दें ।

शकुन्तलाएं अब  बनकर मांएं  -
वीर भरत - सी संतान बना दें ।

वीरों  की  जहाॅं  जलें   चिताएं  -
तीरथ , वो  श्मशान   बना  दें ।

द्वार  जिसके  खुले  हों सबको   -
दिल  को  हिन्दुस्तान  बना  दें ।

प्रेम की सुबह जो लाए जग में -
भारत को वो दिनमान बना दें ।

सत्य ,  अहिंसा और  धर्म  को  -
मानव   का   ईमान   बना   दें ।

प्रात : बाइबिल , दुपहर गीता -
शाम हर  हम  क़ुरान  बना दें ।

तन गोकुल , वृंदावन बनाकर -
हम मन  को रसखान बना दें ।
-०-
पता:
अशोक 'आनन'
शाजापुर (मध्यप्रदेश)




अशोक 'आनन' जी  की रचनाएं पढ़ने के लिए शीर्षक चित्र पर क्लिक करें! 

***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

नमन चंद्रशेखर (कविता) - व्यग्र पाण्डे


नमन चंद्रशेखर
(कविता)
दैदिप्य चेहरा
मूँछों पर ताव
कांधे जनेऊ
रोवीले भाव
कहने में कम
करने में विश्वास
पिस्टल की भाषा
आती थी रास
आजाद हूँ मैं
शत्रु को जताया
जब तक रहे
प्रण को निभाया
नमन चंद्रशेखर
वंदन चंद्रशेखर
ॠणी देश सारा
स्मरण चंद्रशेखर ।
-०-
व्यग्र पाण्डे
सिटी (राजस्थान)



व्यग्र पाण्डे जी की रचनाएं पढ़ने के लिए शीर्षक चित्र पर क्लिक करें! 

***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

भारत के वीर जवानों की हुंकार (कविता) - राज कुमार साव


भारत के वीर जवानों की हुंकार
(कविता)
जवानों का जोश हाई है
चीन की शामत आई है
गलवान घाटी हमारी है
आगे की पूरी तैयारी है
गलवान को हाथ लगाओगे
तो  मिट्टी में दफ़न कर दिये
          जाओगे
हमारी हिमालय से ऊंची हिम्मत
भुजाओं में चट्टानों जैसी ताक़त है
सुन लो चीन अब तुम्हारी सीनाज़ोरी नहीं चलेगी
तुम्हारी ये गलत धारणा है
कि भारत में सिर्फ चौदह सौ
सताइस शेर ही बचे हैं
तेरह लाख तो सीमा पर
ही सीना तान खड़े हैं
हमें हिन्दुस्तान की कसम है
ड्रैगन को करेगें भस्म
कारगिल हो या गलवान
हर बाजी जीतेगा हिन्दुस्तान।
जय हिन्द जय भारत
भारत माता की जय।
-०-
पता: 
राज कुमार साव
पूर्व बर्धमान (पश्चिम बंगाल)

-०-



राज कुमार साव की रचनाएं पढ़ने के लिए शीर्षक चित्र पर क्लिक करें! 

***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

हिदुस्तान हमारा प्यारा (कविता) - रीना गोयल


हिदुस्तान हमारा प्यारा
(कविता)
सार  ललित छन्द
हिदुस्तान हमारा प्यारा ,जन जन का है नारा ।
भारत माँ के जयकारों से , गूंज रहा जग सारा ।
         
छटा प्रकृति की अद्भुत बिखरी ,अनुपम रूप घनेरे ।
ऋषियों ,मुनियों ,विद्वानों के ,सदा रहे हैं डेरे ।

गंगा, जमुना ,सरस्वती की ,बहती निर्मल धारा ।
भारत माँ के जयकारों से , गूंज रहा जग सारा ।।

लाल किला है शान देश की ,ध्वजा यहीं फहराते ।
चिह्न प्रेम का ताजमहल  है,सभी  देखने आते ।

वीर सपूतों ने इस भू पर ,तन मन अपना वारा ।।
भारत माँ के जयकारों से , गूंज रहा जग सारा ।।

नीलवर्ण परिधान पहन नभ,  करता करतब न्यारे ।
सागर में भी गहरे कितने , मोती बिखरे प्यारे ।।

सूरज निकले बाँह पसारे ,करे दूर अँधियारा।।
भारत माँ के जयकारों से , गूंज रहा जग सारा ।।

सुरभित,सुंदर पुष्प निराले , नई ताजगी देते ।
औषधियों से पूरित वन भी , कठिन रोग हर लेते ।

इस भारत माता पर अपना  ,अर्पण जीवन सारा ।।
भारत माँ के जयकारों से ,गूंज रहा जग सारा ।।
-०-
पता:
रीना गोयल
सरस्वती नगर (हरियाणा)




रीना गोयल जी की रचनाएं पढ़ने के लिए शीर्षक चित्र पर क्लिक करें! 

***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

हमे कदम मिलाकर चलना होगा ! (कविता) - सुरेश शर्मा



हमे कदम मिलाकर चलना होगा !
(कविता)
सर्वश्रेष्ठ  हो जाए  देश हमारा ,
विश्व को  अब यह बताना होगा ।
कठिन , कठोर  पथ पर चलकर ,
अपने देश  का मस्तक ऊंचा करना  होगा ;
हमे कदम मिलाकर  चलना  होगा ।

अनमोल हो  जाए  देश हमारा ,
घनघोर विपदा से ना डरना होगा ।
देश हमारा  हम सबका प्यारा ,
सबको अब यह मान रखना  होगा ;
हमे कदम मिलाकर चलना होगा  ।

जात पात की आपसी  रंजिश को ,
हमें दूर हटाकर फेंकना  होगा ।
अनेकता  मे एकता वाली कथन को ,
फिर से  प्रमाणित  करना होगा ;
हमे कदम मिलाकर चलना होगा ।

देश पर  मंडराते खतरे के बादल को ,
साथ मिलकर  हटाना  होगा ।
देश पर  कोई  विपदा नाम आए ,
हमे साथ मिलकर  अब लड़ना होगा ;
हमे कदम मिलाकर चलना होगा ।
-०-
सुरेश शर्मा
गुवाहाटी,जिला कामरूप (आसाम)
-०-

सुरेश शर्मा जी की रचनाएं पढ़ने के लिए शीर्षक चित्र पर क्लिक करें! 

***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

वतन के वास्ते (कविता) - अनिल कुमार 'निलय'


वतन के वास्ते
(कविता)
बुलाये गर वतन तो जान की परवाह क्या करना?
तिरंगा हो कफन तो फिर दूजी चाह क्या करना?
वतन के वास्ते बह जाये लहू का एक-एक कतरा,
वतन की गोद के आगे दूसरी पनाह क्या करना?
सिक्के कमाने के तो हैं मौजूद हजारों रास्ते,मगर
वतनपरस्ती ही न हो जिसमें वो राह क्या करना?
सरहदें देश की जिन्हें बुलाएं,वे ख़ुशनसीब होते हैं,
कफन बाँधे जो चलते हैं उन्हें आगाह क्या करना?
अपना वतन बसर नहीं करता जिनमें सलीके से,
उन्हें मंदिर से क्या लेना,उन्हें दरगाह क्या करना?
सारी की सारी दुनिया उतर आये उनमें तो क्या?
देश का अक्स न हो जिसमें वो निगाह क्या करना?
वतन के नाम पर भी सर कटाने से जो डरे निलय!,
हो लाख महान फिर भी ऐसा शहंशाह क्या करना?
-०-
पता: 
अनिल कुमार 'निलय'
प्रतापगढ़ (उत्तरप्रदेश)

-०-



अनिल कुमार 'निलय' की रचनाएं पढ़ने के लिए शीर्षक चित्र पर क्लिक करें! 

***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

सृजन रचानाएँ

गद्य सृजन शिल्पी - नवंबर २०२०

गद्य सृजन शिल्पी - नवंबर २०२०
हार्दिक बधाई !!!

पद्य सृजन शिल्पी - नवंबर २०२०

पद्य सृजन शिल्पी - नवंबर २०२०
हार्दिक बधाई !!!

सृजन महोत्सव के संपादक सम्मानित

सृजन महोत्सव के संपादक सम्मानित
हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ