*** हिंदी प्रचार-प्रसार एवं सभी रचनाकर्मियों को समर्पित 'सृजन महोत्सव' चिट्ठे पर आप सभी हिंदी प्रेमियों का हार्दिक-हार्दिक स्वागत !!! संपादक:राजकुमार जैन'राजन'- 9828219919 और मच्छिंद्र भिसे- 9730491952 ***
Showing posts with label लघुकथा महोत्सव. Show all posts
Showing posts with label लघुकथा महोत्सव. Show all posts

Sunday, 17 January 2021

पतझड़ की वह शाम (लघुकथा) - रेशमा त्रिपाठी

  

 पतझड़ की वह शाम
(लघुकथा)          
      पतझड़ के दिन यूं तो हर वर्ष आते हैं लेकिन पिछले साल कुछ यादगार शाम लेकर आया लगा जैसे जिंदगी बदलने वाली हैं पर ऐसा कुछ भी नहीं था  जिसे शब्दों में कहा जा सकता था बस महसूस हुआ जैसे पेड़ से पत्ते गिरते ही उनका अस्तित्व खत्म हो जाता हैं,उसे कभी भी, कोई भी, कुचल जाता हैं, तो कभी कोई जला जाता हैं वैसा ही कुछ महसूस हुआ था। अक्सर  पेड़ से जुड़े पत्ते बहुत ही खूबसूरत और काम के होते हैं फिर वें गिरते ही बदसूरत कैसे हो गए....?हो गए कैसे लावारिस लाश की तरह...!
           यह समझना ज्यादा मुश्किल तो नहीं लेकिन इस तरह लावारिस जीना यकीनन किसी तपस्वी के घोर तप से कम भी  नहीं कह सकते ।  क्योंकि किसी फुदकती चिड़िया का  किसी आंगन में यकायक खामोश हो जाना  चिड़िया की गलती तो न होंगी, हां! खुद्दारी की कीमत हो सकती हैं पर इसे समझने के लिए उस आंगन में जाना होगा ...; देखना होगा...; समझना होगा..; पर आज इतना समय और समझ किसके पास हैं जो किसी चिड़ियां पर व्यतीत करें...। ऐसे में चिड़ियां पर दोषारोपण करना बेहतर होगा और परिणाम जल्द मिल जाएगा...उसकी खामोशी का ठीक वैसे ही जैसे पतझड़ के पत्तें...लावारिश...नहीं– नहीं खाक होते हुए ।
                                        यकीनन वह शाम भी जिंदगी की कुछ ऐसी ही थी,  मेरे माता– पिता का यूं एक साथ छोड़कर स्वर्ग सिधार जाना और मेरा उसी क्षण समझदार हो जाना ... पतझड़ के मौसम से किसी भी  तरह कम न था । क्योंकि उसी शाम से मैं बच्ची न होकर ‘शमा' हो गई । और अब पतझड की हर शाम ‘शमा‘ हो गई ।।
-०-
रेशमा त्रिपाठी
प्रतापगढ़ (उत्तर प्रदेश)

-०-

***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

Wednesday, 6 January 2021

बंटी की वापसी (लघुकथा) - शुभा/रजनी शुक्ला

  

बंटी की वापसी 
(लघुकथा)
बंटी आजकल बड़ा गुमसुम सा रहता था दोस्तो के साथ भी वह नहीं खेलता था आज उसके मम्मी पापा को टीचर ने मिलने स्कूल बुलाया था | उसके मम्मी पापा जो दोनों जॉब करते थे और दोनों ही हर रोज अपना तनाव अपना गुस्सा एक दूसरे पर घर पहुंचते ही निकालने लग जाते थे । दोनों उसे रास्ते भर डांटे जा रहे थे कि तुमने ऐसा क्या कर दिया जो टीचर ने बुला लिया पर बंटी एकदम शांत |
पर टीचर ने जो  कहा उसे सुनकर दोनों के पैरो तले की जमीन खिसक गई टीचर ने कहा बंटी आजकल एकदम चुपचाप रहता है किसी से बात नहीं करता सवालों के जवाब भी नहीं देता है आप लोग बताए क्या बात है क्या उसे घर पर कोई परेशानी है तब नेहा और राज को एहसास हुआ कि कुछ दिनों से उन दोनों के बीच लगातार तकरार हो रही थी उनकी तू तू मै मै में उन्होंने बंटी की तरफ ध्यान ही नहीं दिया था | उन्हें अपनी गलती समझ आ गई थी दोनों उसे प्यार से घर लेकर आए और उसके साथ बहुत ही सामान्य व्यवहार करने लगे अब वे उसके सामने सोच समझ कर बात करते,परिणाम ये हुआ कि उन्होंने अपना पुराना बंटी जल्द ही वापस पा लिया और वे दोनों भी एक हो गए ।
-०-
शुभा/रजनी शुक्ला
रायपुर (छत्तीसगढ)

-०-

***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

अधूरे ख्वाब (लघुकथा) - शिवशंकर लोध राजपूत

 

अधूरे ख्वाब
(लघुकथा)
रोशन अपने दोस्त शंकर के साथ ढावे पर बैठ कर चाय की चुस्की ले रहे थे सर्दी कर महीना था हल्की हल्की बूंदा बांदी हो रही थी आपस मे बातचीत हो रही थी कि हम दोनों बचपन से ही अजीज़ दोस्त थे साथ साथ स्कूल मे पढ़े लिखे और खेल कूद कर बड़े भी हुए यार तुमने तो कारोना काल 
मे कमाल ही कर दिया तुमने बचपन मे अधूरा ख्वाब जो देखा था वे अब पूरा हो रहा है तुम तो एक चित्रकार व साथ साथ मे कवि भी हो गए तुम्हारी कविताएं तो बेहतरीन, संदेश पूर्ण, होती है चित्रकारी तो गजब की पोर्ट्रेट स्कैच के तो क्या कहने
स्कूल के समय मे तुम्हें चित्रकारी का जो शौक था, लगन व आस्था, और जो विश्वास था, यह उसी का नतीजा है तुमने बहुत मेहनत की श्री गुलशन जी जो की स्कूल के समय ड्राइंग टीचर थे तुमसे बहुत खुश रहते थे ड्राइंग प्रतियोगिता मे हर बार सर्व प्रथम आते थे सम्मान समारोह मे जब तुम सम्मान पत्र ग्रहण करते स्टेज पर तो तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा हाल गूंज जाता था तुम्हारी कला और कविता दोनों को नमन  करता हूँ
धन्यवाद दोस्त तुमने सही कहा इस लॉक डाउन मे मुझे भरपूर समय मिला उसका मैंने सदुपयोग किया दिन न देखा रात बस ऐसी लगन लगी कि सम्मान पर सम्मान पत्र की लड़ी ही लग गई इस दौरान मुझे राजस्थान से बच्चों की ड्राइंग प्रतियोगिता मे आपने देश के भिन्न राज्यों से 95 बच्चों ने प्रतिभाग किया मुझे मुख्य समीक्षक की भूमिका अदा करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ जिसमे 5 बच्चों को सम्मान के लिए चुना गया और मुझे समाज गौरव सम्मान से नवाज़ा गया 
मेरी एक कलाकार चित्र संग्रह हरियाणा से मेरी चौपाल से छपा मुझे साहित्य संगम संस्थान दिल्ली इकाई से नायाब कलाकार की उपाधि से नवाज़ा गया माँ शारदे की अनुकम्पा से ही जो मेने ख्वाब देखे थे अधूरे थे वो पूर्ण हूए चाय कब समाप्त हो गई पता ही ना चला अच्छा दोस्त नमस्ते, चलता हूँ फिर मिलेगें बॉय बॉय 
-०-
पता:
शिवशंकर लोध राजपूत
दिल्ली

 
शिवशंकर लोध राजपूतजी  की रचनाएं पढ़ने के लिए शीर्षक चित्र पर क्लिक करें! 

***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

Friday, 1 January 2021

*कामयाब* (कविता) - दिनेंद्र दास

   

*कामयाब* 
(लघुकथा)

       एक युवक ने मुझसे कहा, " साहेब जी! आप मुझे कामयाबी होने का रहस्य बताइए?"    

        वह मेरा पूर्व परिचित था। मैंने उनके ऊपर दृष्टि डाली और एक मिनट चिंतन किया, फिर बोला, " आपको एक छोटी सी कुर्बानी देनी होगी। यदि आप यह कुर्बानी दे सकते हैं तो निश्चित रूप से आप शिखर पर पहुंच जाएंगे ।"

      युवक ने कहा, " बताइए महाराज जी! मैं कौन सी कुर्बानी दूं? आपकी आज्ञा शिरोधार्य है ।"

      उस व्यक्ति को सबसे ज्यादा अपनी मूंछ प्यारी थी। यह बात मैं जानता था। वह हमेशा मूंछ पर ताव देते हुए कहता रहता कि मेरी मूंछ में इतनी शक्ति है कि कोई मुझे पछाड़ नहीं सकता। अपने मूंछ पर मुझे बड़ा गर्व है। वह अपनी मूंछ को दिलों जान से चाहता था । उसकी मूंछ की कोई बढ़ाई करें तो वह फूला नहीं समाता था। वह कहता था, "बिना मूंछ का मर्द ,जैसे बाना बर्द । अर्थात बिना मूंछ का पुरुष बिना पूंछ के बैल के समान है।"

       मैंने उससे कहा, "आपको छोटी सी कुर्बानी देनी होगी। मूंछ कटवाना होगा। जैसे ही युवक ने मूंछ कटाने की बात सुनी तो वह आग बबूला हो गया और क्रोधित होकर मुझसे कहा, " आपने क्या मांग दिया साहेब! यह मेरा श्रृंगार है। मैं सब कुछ दे सकता हूं पर ...अपनी मूंछ नहीं दे सकता। दुनिया में मेरी सबसे पसंदीदा वस्तु कोई है... तो वह है मेरी मूंछ ! मैंने इसे बहुत वर्षों से संवारा है, संभाला है । मैं इसे कतई कटवा नहीं सकता।"

         मैंने कहा, " आप जीवन में कामयाबी हासिल करना चाहते हैं, शिखर पर पहुंचना चाहते हैं ,जिंदगी में सफल होना चाहते हैं। परंतु छोटी सी मूंछ की कुर्बानी नहीं दे सकते ?जो मूंछ आज कटने के बाद कल पुनः वापस आ सकती है। जिंदगी में बड़ा काम करना है, सफलता प्राप्त करना है तो छोटी चीजों का त्याग करना होगा । वह है आपका अहंकार! अहंकार को त्यागे बिना आप आगे नहीं बढ़ सकते। मुझे आपके मूंछ से कोई लेना- देना नहीं है।मैं तो आपके उज्जवल भविष्य की शुभ कामना करता हूं।"

      युवक को मेरी बातें उनके दिलों दिमाग में बैठ गई और अपनी लंबी मूंछ कटवा ली । गलत लड़कों की संगति गुंडागर्दी, दादागिरी छोड़ दी शराब, मांस एवं अन्य नशीली वस्तुओं का त्याग किया और साधु संतों एवं सज्जनों की संगति की। विनम्र होकर मन से डटकर पढ़ाई की और पी.एस.सी. उत्तीर्ण कर अपने शिखर तक पहुंचा। अपने जीवन में कामयाब होकर पी.एस.सी. अधिकारी कलेक्टर बने। 

-०- 
पता 
दिनेंद्र दास
बालोद (छत्तीसगढ़)

-०-



***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

Thursday, 17 December 2020

निशब्द (लघुकथा) - बजरंगी लाल यादव

    

निशब्द
(लघुकथा)
" चंदा बिटिया! यह लो... गाय को रोटी खिला दो "
" मांँ! एक रोटी और दो ना, बाहर खड़े मोती को भी दे दूं"
" अरे नहीं...! तेरे बाबूजी खाना खाने के बाद उसे जूठन डाल देंगे "
" मांँ! गाय को निरा रोटी और कुत्ते को जूठन? यह भेद क्यों? जबकि दोनों तो जानवर ही हैं? "
" बेटी, गायें तो हमें दूध देती हैं "
" मगर मांँ! कुत्ते भी तो अपने मालिक के बहुत वफादार होते हैं और घर के विश्वसनीय चौकीदार भी...!"
" किंतु बेटी! गाय सदियों से ही पूजनीय और सदा हमारे समाज के लिए उपयोगी रही है, इसलिए इसे गौमाता भी कहा जाता है "
तो मांँ...! फिर यह गौमाता को हम कसाई- खाने में क्यों भेज देते हैं ?" बेटी के आख़िरी सवाल से मांँ निशब्द हो गई और होठ अनायास ही खामोश हो गए। मगर, मांँ की आँखों ने आंँसुओं के सहारे काफी कुछ कह दिया।
-०-
पता:
बजरंगी लाल यादव
बक्सर (बिहार)


-०-



बजरंगी लाल यादव की रचनाएं पढ़ने के लिए शीर्षक चित्र पर क्लिक करें! 

***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

Saturday, 12 December 2020

चुलबुल ,चंचल, नटखट , बचपन (कविता) - सुरेश शर्मा

चुलबुल ,चंचल, नटखट , बचपन 
(कविता)

चुलबुल ,चंचल, नटखट , बचपन ,
अठखेलियां खेलने की  जिद करता है ।
कभी  तिलचट्टे से, कभी चींटियों से ,
कभी मक्खी तो कभी मधुमक्खियों से ;
युद्ध  करने की हठ करता है ।

चुलबुल, चंचल, नटखट, बचपन ,
अजब गजब का खेल खेलता है ।
कभी पेड़ो पर  लटके बंदरों की तरह ,
कभी पंजों के बल बिल्ली की तरह ;
तो कभी छाती के बल छिपकली की तरह ,
उल्टे  सीधे हरकत करता है ।

चुलबुल, चंचल, नटखट, बचपन ,
अजीबोगरीब कामो में मस्त रहता है ।
नेहरू जी के लाल गुलाब को ,
कभी  काला तो कभी नीला ;
बनाने का काम मन करता है ।
कभी  कभी  तो ,
बापू जी के  चिकने सर पर ;
बाल उगाने का भी  दिल करता है ।
-०-
सुरेश शर्मा
गुवाहाटी,जिला कामरूप (आसाम)
-०-

 ***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें

Tuesday, 1 December 2020

बैर (लघुकथा) - अनीता शर्मा

 

बैर
(लघुकथा)
"अहा मम्मी! मजा आ गया।  कितना स्वादिष्ट होता है ना  यह बेर।  खट्टा... मीठा..." खाते हुए मीतिबोली।
 "हां बेटा! यह छोटा सा फल बेर स्वादिष्ट होने के साथ-साथ फायदेमंद भी बहुत है।"
 "अच्छा! पर ममा कितनी अच्छी बात है ना, अपने घर के पीछे खेत में यह पेड़ लगा है लेकिन इसकी डालियां अपने और आसपास के सभी घरों की छत पर आ गई हैं। इसी से रोज मस्त-मस्त बेर खाने को मिलते हैं और वह खेत वाली आंटी भी कितनी अच्छी है ना जो सब को बेर खाने की परमिशन दे देती है।"
 "हां बेटा सो तो है."
 "देखा नहीं उनके खेत में कितने सारे पेड़ लगे हुए हैं"
  "हां बेटा यह पेड़ एक फलदार एक फलदार पेड़ है एक बार लगने के बाद इसे किसी विशेष देखभाल की जरूरत नहीं पड़ती। हालांकि फल यह साल में एक बार ही देता है लेकिन इसकी पत्तियां पशुओं के लिए बहुत पोस्टिक आहार होती है। मिति बेटा इसकी कांटेदार झाड़ियों से ढाणियों की, खेतों की, चारा-भंडारे की बाड़ भी बनाई जाती है"
  "बाड़ क्या होता है मम्मी?"
  "बाड़ यानी अस्थाई छोटी-छोटी कांटे की दीवार इसकी झाड़ियों से बना सकते हैं। वर्षा ऋतु के समाप्त होते-होते इसमें फूल आ जाते हैं। जनवरी-फरवरी में इसके फल पक कर तैयार हो जाते हैं। राजस्थान में तो यह पाया ही जाता है पर स्थानों पर भी यह वृक्ष मिलता है, और इसकी 300 से ज्यादा किसमें होती हैं। छोटे से लेकर बड़े आकार में यह मिलता है। आजकल तो यह छोटे छोटे अमरूद के आकार के भी बाजार में देखने को मिलते हैं।"
  "लेकिन मुझे तो यही लाल पीला खट्टा मीठा बेर अच्छा लगता है । मैं तो सोचती हूं इसकी गुठली अपने घर के सामने वाले गार्डन में डाल दूं।
  "अरे बेटा, यह एक पेड़ है।  इसे फैलने के लिए बहुत जगह चाहिए।"
   "ठीक है मम्मी, तो फिर मैं इसे बोनसाई बनाकर अपने गार्डन में लगाऊंगी।"
    "अच्छा लगा लेना बेटा।"
     "पर एक काम अच्छा हो गया, आज बातों बातों में इस छोटे से बेर के बारे में इतनी बड़ी बड़ी बातें मुझे पता चल गई।"
-0-
अनीता शर्मा
अजमेर (राजस्थान)


***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

और नहीं (लघुकथा) - मधुकांत

 

और नहीं
(लघुकथा)

पत्नी-मैं तो कल भी रात भर जागती रही।
पति-क्यों?
 पत्नी-रात बारह बजे दीपेंद्र का फोन आना था ।वह एक बजे तक नहीं आया। फिर तो नींद उचट  गई।
पति-बुढ़ापे में यह भी भारी रोग है, एक बार नींद उचट गई तो हो गई सारी रात काली। 
     (तभी फ़ोन की घंटी बजी) 
पति-लो आ गया,,,,, हेलो  दीपेंद्र,,, कल तुम्हारा फोन नहीं आया इसलिए तुम्हारी मां सारी रात जागती रही। दीपेंद्र-पापा करोना मैं अमरजेंसी ड्यूटी लग गई थी। बहुत भयानक बीमारी है,,, न जाने कौन, कब उठ जाए ,,,,,,आप कैसे हो?
 पिता-अपने देश में सब ठीक है ।बेटे तुम्हें ही अमेरिका में जाकर धन कमाने की लगी थी। 
दीपेंद्र-कुछ नहीं पापा सब मृगमरीचिका है ।एक बार अपने देश की सीमाएं खुल जाए तो विदेश की ओर मुंह भी नहीं करूंगा ।
पिता-अच्छा विचार है ।भारत माता  ने तुझे डॉक्टर बनाया और सेवा कर रहा है विदेशी लोगों की,,,।
 दीपेंद्र-(सुबकने लगता है )बस पापा ,,,सब समझ गया,,। उधर तुम अकेले, इधर मैं ,,,,क्या करेंगे इस धन का ,,,,,,और नहीं, पापा ,,,,,,,बस और नहीं,,,।
-०-
पता:
मधुकांत
रोहतक (हरियाणा)
-०-
मधुकांत जी की रचना पढ़ने के लिए शीर्षक चित्र पर क्लिक करें! 

***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

Monday, 30 November 2020

मेरी चिंता छोड़ (लघुकथा) - डॉ. अलका पाण्डेय

 

मेरी चिंता छोड़
(लघुकथा)
राकेश बच्चा ज़रा ये एप्प डाऊन कैसे करते है ...बता दे ...
माँ में काम कर रहा हूँ थोड़ी देर में बताता हूँ । 
ठीक है बेटा अच्छा ये बता आजकल मोबाइल में बोल कर टाइप करते है वो कैसे करते है .
माँ बहुत आसान है जहां आप टाइप करती है वहीं माइक जैसा चिंन्ह है उसको दबाकर बोलोगी तो टाइप हो जायेगा ..
अरे यह तो बड़ा आसान है माँ बच्चों जैसे ख़ुश हो कर टाइप करने का मज़ा लेने लगी ..
कुछ देर में बेटा फ़ोटो को खुबसूरत बनाने वाला “एप “ कौन सा है ?
माँ पागल कर दोगी आप को भी बहुत शौक़ चराया है मोबाईल फ़ेस बुक का ...
कहाँ है काम कर रहा हूँ थोड़ी देर में बता दूँगा पहले भी बताया था पर आप बार बार पूछती रहती हो तंग आ गया हूँ आपके इन सारे चोचलो से ..
क्या करोगी यह सब सींख कर कभी “केंडीक्रस” गेम् खेलना सिखाओ कभी एप डाऊन लोड करो सारा दिन मोबाईल में लगी रहती हो , भगवान का भजन करा करो तुम भी शांत रहोगी व घर में भी शांती रहेगी ...
माँ दुखी हो कर बोली बेटा तुम्हें यह बोलना मैंने ही सिखाया है तुम छोटे थे एक ही सवाल दस दस बार करते थे मैं ख़ुश हो हो कर जवाब देती थी,कभी खीजीं नहीं न नाराज़ हुई ...
बेटा मैं वह सब नही करती तो आज तुम इतना कुछ नहीं कर पाते “
मेने चंद जानकारी क्या मागी तुम मुझे उल्टा सिधा बोलने लगे मत भूलो मैं तुम्हारी माँ हूँ तुम मेरे बच्चे मेरा अंश ..,
माँ रोते हुये अपने कमरे बंद हो कर रोने लगी क्या पूछा जो यह इतना बोलने लगा ..अब तो मैं सब सिख कर ही रहूँगी ...
क्या समझता है अपने आप को गुगल बाबा की मददत ले लूँगी
और माँ गुगल में सर्च करने लगी
राकेश को अपनी गलती का एहसास हुआ वह माँ को आवाज़ देने लगा माँ आओ बताता हूँ .
माँ ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी तो राकेश को लगा बात बिगड़ गई है माँ नाराज़ हो गई है ..
वह प्यार से माँ खोल न दरवाजा   
मैं अब बताता हूँ नाराज़ मत हो
मैंने बस यू ही कह दिया प्लीज़ माँ देख मैं रो दूँगा ।
माँ बहार आती है और कहती है
बेटा तेरा बेटा होगा जब इस तरह से वो तुम्हें जवाब देगा , तब तुम्हें समझ आयेगी ...
माँ बाप बच्चों से क्या चाहते एक छोटी सी मदद माँगने पर सुनना पड़े तो उन्हें अपनी ही परवरिश पर शंक होने लगता है की वो कहाँ ग़लत थे ,
ला बता क्या पूछ रही थी
कुछ नहीं मुझे पता चल गया है कैसे करना है..
जब तुझे बड़ा कर इतना बोलना सिखा सकती हूँ तो यह सब भी कर सकतीलहूं ..जा टेंशन मत ले अपना काम कर मेरी चिंता छोड़ ......
मै तेरा माँ हूँ और माँ ही रहूँगी तु मेरा बेटा है और रहेगा .. 
-०-
स्थाई पता
डॉ. अलका पाण्डेय
नवी मुंबई (महाराष्ट्र)
-०-

***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

फायदे (लघुकथा) - ज्ञानप्रकाश 'पीयूष'

 

फायदे
(लघुकथा)
सार्वजनिक पार्क में योगराज 'अनुलोम-विलोम', 'कपाल-भाति',व 'सूर्य नमस्कार प्राणायाम' करके उठा ही  था कि उसके पास दस वर्षीय बालक आदित्य आया। नमस्कार करके उसने पूछा, "अंकल जी ! मैं आपके सामने वाली बेंच पर बैठा आपको प्राणायाम करते हुए देख रहा था। प्राणायाम  करने से क्या लाभ हैं तथा इनके करने की विधि क्या है? क्या आप मुझे ये प्राणायाम करना सिखा सकते हैं ?"
क्यों नहीं बेटे ? यदि तुम्हारी इच्छा है तो मैं तुम्हें अवश्य सिखाऊँगा,पर पहले तुमअपना नाम बताओ, कहाँ रहते हो ,किसके साथ पार्क में सैर करने के लिए आए हो ? ये तो बताओ ।"
"ठीक है अंकल जी' मेरा नाम आदित्य है। हमारा घर पास में ही है। मैं अपनी मम्मी के साथ पार्क में प्रति दिन सैर करने के लिए आता हूँ।वहाँ सामने देखो मम्मी बेंच पर बैठी हुई हमें बातें करते हुए देख रही है। मैं उनसे पूछ कर ही आपके पास आया हूँ।"
"बहुत अच्छा बेटे आदित्य ,तुम तो बड़े स्मार्ट ,होशियार और तेजस्वी हो। 'यथा नाम तथा गुण '। आदित्य का अर्थ सूर्य होता है। बेटे, प्राणायाम करने के बहुत फ़ायदे हैं।शरीर स्वस्थ,
ऊर्जावान,स्फूर्तिवान ,लचीला,और बलवान होता है।मनोबल बढ़ता है,बुद्धि तेज होती है,मन में साहस का संचार होता है और आत्मोन्नति होती है।"
" ठीक है अंकल जी, फिर आप मुझे प्राणायाम करना सिखाइए।"
"बेटे,आज तो समय हो चुका है। कल से आपको सिखाऊँगा। आप  ठीक समय आ जाना।"
"अच्छा प्रणाम।"
"आशीर्वाद।"
-०-
पता-
ज्ञानप्रकाश 'पीयूष'
सिरसा (हरियाणा)
-०-

***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

Sunday, 22 November 2020

चाल (लघुकथा) - विवेक मेहता

चाल
(लघुकथा)
  शोरगुल और चमक भरी रात थी। हमेशा की तरह राजा ने श्मशान में प्रवेश किया। पेड़ पर लटकी लाश को उतारा, पीठ पर लादा और चल पड़ा।
                  लाश में छिपा बेताल मुखर हो गया। बोला-" राजन, तुम प्रयास करते करते थक गए होंगे। तुम्हारी थकान कम करने के लिए एक कहानी सुनाता हूं।
                लोकतांत्रिक जम्बू देश में भयानक बहुमत से ढ़पोरशंख राजा बन गया। हवाओं में चारों ओर जुमलो और वादों की बरसात हो गई। उसके राजा बनते ही उसकी पार्टी के लोग उत्साह में आ गए। उनके उत्साह ने उन्हें अनैतिक कार्यों से धन कमाने के लिए उकसाया। गलत कार्यों का भांडा कभी न कभी तो फुटना ही था। न जाने कैसे उनमें से कुछ के अनैतिक देह व्यापार की पोल खुल गई। मामले ने तूल पकड़ा और रेला राजा के नजदिकीयों के पांव तक पहुंचा। साम-दाम-दंड-भेद से मामले को दबाने के प्रयास होने लगे। विरोधियों को भी मामले में सत्ता की सीढ़ी दिखलाई पड़ने लगी। विरोध प्रदर्शन, कैंडल मार्च, बयान- बाजी होने लगी। समाचार पत्रों, टीवी बहसों में मामला छाने लगा। विरोध पक्ष ने राज्य भर में पदयात्रा कर मामला गरमाने की चाल चली। जिस दिन पदयात्रा शुरू होनी थी उसी रात को ही राज्य भर में चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात कर दी गई। टीवी पर प्रमुखता से समाचार आ रहे थे कि सीमा पार से दो आतंकी देश में घुस आए हैं।  सारे राज्य में नाकाबंदी कर उनकी तलाश की जा रही है। पदयात्रा हुई, भीड़  न जुटी। न समाचारों में मुद्दा छाया। पदयात्रा के समाप्त होते ही आतंकियों वाला मुद्दा भी बंद हो गया। नाकेबंदी, पुलिस सब गायब हो गए।"
               कहानी समाप्त कर बेताल ने पूछा-"राजन देह व्यापार वाली समस्या का क्या हुआ? वे आतंकी कहां गए? इन सवालों का जवाब जानते हुए भी नहीं दोगे तो तुम्हारे सर के टुकड़े-टुकड़े हो जाएंगे।"
             "आतंकवादी होते तो मिलते। समस्या से ध्यान भटकाने के लिए देशभक्ति का माहौल बनाना पड़ता है। देश सर्वोपरि होता है। सत्ताधारी इस मानसिकता को समझते हैं और प्रयोग में लाते हैं। यही इस खेल का मूल था। बात खत्म। खेल खत्म। 
             राजा की बात खत्म होते ही बेताल लाश को लेकर पेड़ पर लटक गया।
-0-
पता:
विवेक मेहता
आदिपुर कच्छ गुजरात

-०-


विवेक मेहता जी की अन्य रचनाएँ पढ़ने के लिए नाम के शीर्षक चित्र पर क्लिक करें !
***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

Tuesday, 17 November 2020

बड़े-बड़े बर्तन (लघुकथा) - डॉ.राजेश्वर बुंदेले 'प्रयास'

बड़े-बड़े बर्तन
(लघुकथा)
"आज सुबह से ही मुन्ने को बुखार है "
"किसी डॉक्टर को बताऊँ तो ठीक है परंतु सुबह से एक बूँद,दुध भी नसीब नहीं हुआ इस अभागे को "
"मैं भी कितनी दरिद्र मां हूँ,जो कमजोरी की इतनी गहरी खाई में फंस चुकि हूँ कि एक घूँट दुध भी अपने छाती से निकाल कर दे नहीं सकती अपने लाडले को, ताकि वह अपनी भूख मिटा सकें",
अपने आप को कोसते हुए मंगली बड़बड़ा रही थीं।
सारे शहर में पुनम की इस खास  रात के (कोजागीरी) त्यौहार को मनाने की तैयारियों में लोग हर डेअरी पर मक्खियों की तरह भिनभिना रहे थें। 
आज चाँद के रोशनी में दुध,मूंगफली और नमकीन आदि का स्वाद और मुहल्लें के सभी लोगों का किसी बडी-सी छत पर     इकट्ठा होकर, नाचना-गाना, निश्चित ही इस उत्सव को यादगार बनाने में कोई कसर छोड़ने वाला नहीं था। 
एक तरफ दुध से भरे बड़े- बड़े बर्तनों की चमक और दूसरी ओर एक घूँट दुध का सवाल मन में लिए मंगली एक दुग्धालय पर जा पहुंची।
डेअरी पर पहले से ही  मौजूद लोग जिनके हाथों में बड़े-बड़े बर्तन देख, हाथों का वह छोटा-सा प्याला उसे कमजोर बना रहा था। लोगों की भीड़ में उसकी आवाज का दुधवाले तक पहुंचना लगभग नामुमकिन ही था।  
पर अपने बच्चे की भूख ने उसमें इतनी  हिम्मत भर दी कि उसकी आवाज़ सुनते ही लोगों ने उसे रास्ता बना दिया। 
डेअरी पर खड़े लोगों के बड़े-बड़े बर्तन मंगली के गिलास से बौनें नजर आ रहे थें। 
-०-
डॉ.राजेश्वर बुंदेले 'प्रयास'
अकोला (महाराष्ट्र)
-०-

***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

Sunday, 15 November 2020

बैड टच (लघुकथा) - बजरंगी लाल यादव

  

बैड टच
(लघुकथा)
   आज सारा शहर दीपक की रोशनी से जगमगा रहा था। मुहल्ले के सभी बच्चे पटाखे, फुलझड़ी, चकरी और मोमबत्ती जलाने में मसरूफ़ थे। मगर, मुन्नी अपने घर के चौखट पर बैठी बाजार से माँ के लौटने का इंतजार कर रही थी। तभी शेरा अंकल ने कहा -  मुन्नी, यह लो पटाखे और चाॅकलेट। ऊउउउ...चूम्म्म्अ...! चुम्बन लेते हुए। 
- अंकल, मुझे नहीं चाहिए आपके पटाखे और  चाॅकलेट !
- क्यों, मुन्नी ?
- क्योंकि, हरदम चॉकलेट देने के बाद आप मेरे गालों पर दाँत गड़ाते हैं; तो कभी मेरे गालों को मसलते हैं। 
- मुन्नी, वो तो मैं तुमसे प्यार जताता हूँ। 
- ये प्यार नहीं, पाप है। आज तो आपने मेरे बम पर हाथ डालकर मेरे प्राइवेट पार्ट्स को छूने की कोशिश की। जबकी, ये सभी आदते ' बैड टच ' में आयेंगी। ....और इस अश्लील हरकत के लिए आपको जेल भी हो सकती है। छः साल की मुन्नी बेबी ने गन्दे शेरा अंकल का चॉकलेट वापस करते हुए कहा। तभी आकाश में एक जोरदार पटाखे का धमाका हुआ; जिससे शेरा अंकल की पैंट गीली हो गई। 
-०-
पता:
बजरंगी लाल यादव
बक्सर (बिहार)


-०-



बजरंगी लाल यादव की रचनाएं पढ़ने के लिए शीर्षक चित्र पर क्लिक करें! 

***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

Friday, 6 November 2020

दूध का ऋण (लघुकथा) - दिनेंद्र दास

  

दूध का ऋण
(लघुकथा)

एक बूढ़ी मां गिलास लेकर दूध लेने गयीं, साथ में ₹20 भी रखी थीं। गिलास और रुपए देते हुए संदीप से बूढ़ी मां बोली-" बेटा, आज दूध वाला आया नहीं, दवाई खाना है दूध दे दो।"

संदीप मां के हाथ से गिलास और ₹20 ले ही रहे थे तभी संगीता बोली- "दूध... दूध... दूध कहां है? आज तो दूध बिल्ली पी गई ।" बूढ़ी मां दबे पांव खाली हाथ वापस चली आयीं।

उस घर मैं नई नवेली बहू स्मृति को आये सिर्फ दो दिन हुए थे ।उसने अपनी सास से बोली-" मां वह बुढ़िया कौन है?

" वो बुढ़िया मेरी सास हैं । अपने छोटे बेटे के पास रहती है।"

" मां दूध तो घर में था पर आप झूठ क्यों बोली ।"

"बहू तुम अभी इतनी जल्दी नहीं समझ पाओगी । उन बुढ़िया को एक बार कहीं दूध दे दूं न, तो रोज आएगी। फिर तुम भी परेशान हो जाओगी । इसलिए मुझे तो जब भी कुछ मांगने आती है तब मैं कोई न कोई बहाना बना देती हूं।" बड़े रौब से संगीता बहू से बोली। जैसे कोई घर का गूढ़ रहस्य बता रही हो।

दूसरे दिन संगीता ने स्मृति से कहा-" बहू दूध दे दो मुझे दवाई खाना है तब प्रतिउत्तर में स्मृति बोली-" मां दूध तो खत्म हो गया...!"

"दूध खत्म हो गया...! अभी अभी तो दूध था कहां चला गया? " मां मैं दूध दादी मां को दे आई। आपसे ज्यादा दूध की जरूरत उनको है।"

"उस बुढ़िया को दूध क्यों दे आई?"

"मां मेरी धृष्टता क्षमा करें ।यदि दादी मां नहीं होती तो उनके बच्चे अर्थात मेरे ससुर जी नहीं होते और जब ससुर जी नहीं होते तो आप किसके लिए आती। एक बात और... आप दोनों नहीं होते तो मेरे पति देव कहां से पैदा होते । जब वे पैदा नहीं होते तो मेरे यहां आने का अर्थात आपकी बहू होने का प्रश्न ही नहीं होता इसलिए इस घर के मूल में दादी मां हैं वे सर्वश्रेष्ठ हैं। हमें उनका सम्मान करना चाहिए। बरामदा में बैठे हुए संदीप के कानों में स्मृति की बात पड़ी तो उनका दिल धक् धक् करने लगा कि वाकई में बहू सत्य बात कह रही है। फिर वह अपने अंतर्मन की वेदना सबके सामने उड़ेल दिया "तुम ठीक कहती हो बहू ! तुमने मेरी आंखें खोल दी। मां का उपकार एक जनम क्या सात जनम में भी नहीं चुका सकता।" कहते हुए संदीप की आंखें गीली हो गई ।उन्होंने पुन: कहा-" मां ने मुझे 9 महीने गर्भ में रखा, अपने स्तन का पान कराया, शिशुपन से पाला -पोषा संभाला, बड़ा किया। उसके बदले मैंने दुख ,संताप, पीड़ा के अलावा और क्या दिया। मैं तो मां को एक कप दूध तक नहीं दे सकता। मैं कितना क्रूर हूं, पापी हूं, नालायक हूं।" कहते हुए एक बार पुन संदीप रो पड़ा । फिर कहा-" मैं अपने शरीर से चाम निकालकर मां के लिए जूती बना दूं तो भी उनके दूध के ऋण से उऋण नहीं हो सकता ।"
-०-
पता
दिनेंद्र दास
बालोद (छत्तीसगढ़)

-०-



***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

Saturday, 31 October 2020

इस बार दीवाली पर (लघुकथा) - टीना रावल

 

 इस बार दीवाली पर
(लघुकथा)
"अंजली! आ गई तू,  कैसी है ? और घर में सब ठीक तो है " मेधा ने पॉर्च के बेंच पर आकर बैठी अंजलि से पूछा। 
"हां आंटी जी...... सब ठीक है। पर अब केवल छह घर ही हैं काम के,  तो तंगी रहती ही है।"  अंजलि ने उदासी से कहा। 
अंजलि मेधा के घर डेढ़ साल से काम कर रही थी,  जरूरत पड़ने पर उसके चार साल के बेटे को कभी संभाल भी लेती थी। पर लॉक डाउन होने के बाद मेधा को उसे काम पर नहीं आने को कहना पड़ा। 
"अंजलि,  मैं सुरक्षा कारणों से तुम्हें अभी काम पर नहीं बुला सकती,  मैं स्वयं कर रही हूं । बस,  दीवाली पर तुम तीनों भाई बहन के लिए नए कपड़े और मिठाई के लिए पैसे देने ही बुलाया था।
"लेकिन आंटी जी, आपने लॉकडाउन में भी दो महीने की तनख्वाह बिना काम की दी थी । अब यह और....  अच्छा नहीं लग रहा। बहुत सारे लोगों ने तो सफाई में निकले पुराने कपड़े और बेकार सामान दिए हैं जिसे हमारे एक कमरे के घर में रखने की जगह भी नहीं है।" अंजलि ने दुख से कहा।
"कोई बात नहीं बेटा,  मुश्किल वक्त है सावधानी से निकल ही जाएगा,  यह लो पकड़ो।  मेधा ने प्यार से बेग पकड़ा दिया। 
इस बार सबके लिए सोचना है किसी के भी घर सूनी या फीकी  दिवाली न मने।
-०-
पता:
टीना रावल
जयपुर (राजस्थान)

 

टीना रावल जी  की रचनाएं पढ़ने के लिए शीर्षक चित्र पर क्लिक करें! 

***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

Friday, 30 October 2020

रिश्वत का देवता (लघुकथा) - मुकेश कुमार 'ऋषि वर्मा'

 

रिश्वत का देवता
(लघुकथा)
रेल अपनी पूर्ण रफ्तार में थी | कढाके की ठंड में पाखाने के नजदीक ठीक दरवाजे के सामने जमीन पर फटे-पुराने चीथड़ों में एक निर्धन किसान बैठा हुआ था | वह ठंड से कांप रहा था और बार-बार अपनी जेब को टटोल रहा था | वह यह प्रयास निरन्तर पिछले दस-पन्द्रह मिनट से कर रहा था |

दस - पन्द्रह मिनट पहले सब ठीक-ठाक था | एक कालेकोट वाला रिश्वत का देवता आया और उसने उस निर्धन किसान का टिकट चेक किया | टिकट सामान्य श्रेणी का था और बेचारा निर्धन किसान आरक्षित श्रेणी में घुस गया था | बस रिश्वत के देवता को मिल गया लूट का मंत्र... पूरे दो सौ रुपये लूटकर ले गया और ऊपर से तमाम भद्दी-भद्दी गालियाँ उपहार में दे गया |

उस निर्धन किसान की आँखों से एक प्रलयकारी ज्वालामुखी फूट रहा था | पता नहीं उस ज्वालामुखी की महाअग्नि से वो रिश्वत का देवता भस्म होगा कि बच जायेगा... यह तो परमेश्वर ही जाने |
-०-
मुकेश कुमार 'ऋषि वर्मा'
फतेहाबाद-आगरा. 
-०-

***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

Thursday, 29 October 2020

जैसा अन्न... वैसा मन (लघुकथा) - नरेन्द्र श्रीवास्तव

जैसा अन्न... वैसा मन
(लघुकथा)
शर्मा जी भले ही शहर में आकर बस गए हैं परंतु पास के गाँव में उनकी खेती आज भी होती है। उन्हीं के गाँव का ननकू बहुत ही ईमानदार और मेहनती मजदूर है। वही उनकी खेती संभालता है। ननकू का एक लड़का है, दीनू।अभी उसकी उम्र होगी करीब 15-16 साल की। अक्सर वह शर्मा जी के पास आता रहता  है। उसके आने पर शर्मा जी कभी उसे सब्जी  लेने तो कभी नल, टेलीफोन, बिजली के बिल जमा कराने भेजते हैं । वह भी उसके पिता की तरह ईमानदार है। खर्च होने के बाद जितने रुपए बचते हैं, वह उन्हें लौटा देता है।शर्मा जी, ननकू की तरह दीनू की ईमानदारी पर भी गर्व करते हैं।
एक दिन शर्मा जी के एक मित्र उनसे कहने लगे, 'कोई ईमानदार लड़का हो तो बताओ, हमारे साहब को उनके घर में काम करने के लिए चाहिए।
उन्होंने दीनू के बारे में बतलाया और उनके यहां काम करने भेज दिया।
एक दिन दीनू , शर्माजी के पास आया तो उसने बतलाया, साहब अकेले रहते हैं। मैं ही उनके घर का पूरा काम करता हूं। खाना बनाता हूं, झाड़ू-पोंछा, बरतन धो-मांजना, बाजार से सामान लाना ऐसे सभी काम करता हूं। वहीं रहता हूं। वहीं खाना खाता हूं।उनकी मेम साहब दूसरे शहर में नौकरी करती हैं।
         फिर एक दिन जब दीनू आया तो उसने बतलाया - 'साहब की ऊपरी कमायी बहुत है। घर पर बहुत लोग आते हैं और रुपए दे जाते हैं।' शर्मा जी ने उसे गौर से देखा। उसके नये कपड़े, नये जूते देखकर पूछा- ' ये साहब ने ही... '
' हाँ, उन्होंने ही दिलाए हैं'  शर्मा जी की बात पूरी होने के पहले ही वह बोला।
शर्मा जी, उसे दो सौ रुपए देते हुए बोले, 'बाइक में पेट्रोल डलवा लाओ। ' वह बाइक लेकर गया तो बहुत देर बाद लौटा। आते ही कहने लगा- ' घर चला गया था। बहुत दिनों से नहीं गया था।'
       एक दिन जब वह आया तो शर्मा जी ने उसे बिजली का बिल जमा करने भेजा। वापिस आया तो उन्हें आश्चर्य हुआ, उसने बाकी के रुपए नहीं लौटाए। उससे बाकी के रुपए मांगे तो वह बोला-  ' मेरे दोस्त मिल गए थे, उन्हें चाय पिलाने में खर्च हो गए।'
शर्मा जी ने महसूस किया। वह बदलने लगा है और उसकी ईमानदारी कहीं खोती जा रही है।
        एक दिन उनका वही मित्र घबराते हुए आया और पूछा - ' दीनू ! यहां आपके पास  आया था क्या? मेरे साहब ढूँढ़ रहे हैं। दो दिन से वह उनके यहां नहीं जा रहा है।उन्होंने, उसे बैंक में रुपए जमा करने दिए थे वे भी उसने जमा नहीं किए। मैंने आपको ईमानदार लड़के का बोला था। वह तो बेईमान निकला।
 शर्मा जी स्तब्ध रह गए।
'जैसा खाओगे अन्न, वैसा होगा मन'... उन्हें बचपन में पढ़ी एक कहानी की सीख याद आ गई।
-०-
संपर्क 
नरेन्द्र श्रीवास्तव
नरसिंहपुर (मध्यप्रदेश)  
-०-

***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

सृजन रचानाएँ

गद्य सृजन शिल्पी - नवंबर २०२०

गद्य सृजन शिल्पी - नवंबर २०२०
हार्दिक बधाई !!!

पद्य सृजन शिल्पी - नवंबर २०२०

पद्य सृजन शिल्पी - नवंबर २०२०
हार्दिक बधाई !!!

सृजन महोत्सव के संपादक सम्मानित

सृजन महोत्सव के संपादक सम्मानित
हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ