*** हिंदी प्रचार-प्रसार एवं सभी रचनाकर्मियों को समर्पित 'सृजन महोत्सव' चिट्ठे पर आप सभी हिंदी प्रेमियों का हार्दिक-हार्दिक स्वागत !!! संपादक:राजकुमार जैन'राजन'- 9828219919 और मच्छिंद्र भिसे- 9730491952 ***
Showing posts sorted by relevance for query विवेक मेहता. Sort by date Show all posts
Showing posts sorted by relevance for query विवेक मेहता. Sort by date Show all posts

Sunday, 26 July 2020

*संतुलन - करोना * (लघुकथा) - विवेक मेहता

 *संतुलन - करोना *
(लघुकथा)
          कुदरत की बनाई व्यवस्था में बदलाव आ रहे थे। कुछ प्रजातियों का विकास हो रहा था, संख्या में वृद्धि हो रही थी। तो कुछ का विनाश हो रहा था। प्रकृति भी उसी के अनुरूप बदलाव कर रही थी। कुछ बिगड़ता, कुछ बदलाव होते।फिर संतुलन बैठ जाता।
            प्रजातियों में से मानव ने बहुत विकास किया। अपने उत्थान के लिए मशीनों का निर्माण किया। धरती में पीढ़ियों के लिए जमा हो रहे पेट्रोल को खींच लिया। तरंगों का प्रयोग बढ़ा दिया। पहले डायनासोर नष्ट हुए थे, अब हुए गोरैया कव्वों का दिखना बंद हो गया। बे टपा टप यहां वहां गिरकर मरने लगे। कौन गिनती करता। कार्बन डाई ऑक्साइड, कार्बन मोनोऑक्साइड और अन्य जहरीली गैसों ने वातावरण का संतुलन बिगाड़ दिया। गर्मी वर्षा शीत ऋतु गड़बड़ा गई। अब बारिश में ठंडी पड़ती, गर्मी में बर्फ गिरती और सर्दी में बारिश होती। कुछ मालूम नहीं पड़ता। मानव की प्रतिरोध शक्ति कम होने लगी। ओज़ोन की परत में छेद हो गए, फिर परत धीरे-धीरे नष्ट होने लगी। प्रकृति पर संतुलन बनाए रखने का दबाव बढ़ने लगा। प्रकृति हारती सी दिखने लगी। मानव जीता हुआ दिखलाई पड़ा।
         कई जाने अनजाने बदलाव से, ओज़ोन परत में हुए नुकसान से, हानिकारक किरणों और विषाणुओं ने वातावरण में प्रवेश किया। पृथ्वी पर असक्रिय वायरस सक्रिय हो गए। अपना संतुलन न बना पाने के कारण प्रकृति उन पर रोक न लगा सकी। वह मजबूत होते गए। जैसे गौरैया और अन्य पक्षी, जानवर नष्ट हुए थे अब मानव टपा टप मरने लगे। हाहाकार मच गया। मशीनें बंद हुई। वाहन बंद हुए। धुंआ, प्रदूषण कम हुआ। वातावरण में से जहर कम हुआ। ओज़ोन परत में सुधार हुआ। वातावरण की अन्य व्यवस्थाओं में भी मजबूती आई। परत फिर फैलने लगी। वातावरण में से विषैली किरणों और विषाणुओं का आना बंद हुआ तो अन्य चीजें भी सुधरने लगी। मानव का विनाश, विकास पर जोर कम होने लगा। प्रकृति फिर जीतने लगी। संतुलन बैठने लगा।
-0-
पता:
विवेक मेहता
आदिपुर कच्छ गुजरात

-०-


विवेक मेहता जी की अन्य रचनाएँ पढ़ने के लिए नाम के शीर्षक चित्र पर क्लिक करें !
***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 


Sunday, 9 August 2020

एक श्मशान की मौत! (लघुकथा) - विवेक मेहता

 एक श्मशान की मौत! 
(लघुकथा)
          शहर बस रहा था। बंजर जमीन पर पेड़ कहां होते हैं! झाड़ियां थी। उन्हें काटा जा रहा था। सांप बिच्छू बहुत थे। उन्हें मारकर लाने पर रुपैया- अठन्नी मिलती थी। मकान बन रहे थे। विस्थापित बस रहे थे। समुद्र के पास का क्षेत्र होने और बंदरगाह की संभावनाएं देख, देश के और हिस्सों से भी आकर लोग बसने लगे थे। विकास हो रहा था। विकास की और भी सम्भावनाए थी।
         तभी मेरी जरूरत पड़ी। शहर से दूर, शहर में जहां प्रवेश होता है उसी रास्ते के पास मुझे बनाया गया। पास में हनुमान मंदिर भी बना। मेरी जरूरत शाश्वत थी। जो जन्मा है, वह मरेगा भी। धीरे धीरे जनसंख्या बढ़ने लगी। शहर मेरे समीप आने लगा। मेरी जरूरत ज्यादा होने लगी । तो विकास भी करना पड़ा। खुले आसमान में छपरा बना। छपरे से छत बनी। बैठने के लिए कुर्सियों की व्यवस्था,  पानी की व्यवस्था, दार्शनिक उक्तियां, सुंदरता के प्रयास होने लगे। दान धर्म का पैसा आराम से मिलता। हर वर्ष मेरे ऊपर खर्चा बढता गया।
          फैलाव और बढा। रास्ते के बीच से रेलवे लाइन गुजरने लगी।मुझ तक पहुंचने में फाटक समस्या पैदा करने लगा।मेरे प्रति लगाव में कमी आने लगी। सड़क एक से दो, दो से चार, चार से छह लेन की होती गई। उसने हनुमान मंदिर को  लील लिया।मुझ तक पहुंचने में परेशानी होने लगी। लोगों ने पास के शहर में दूसरा स्थान विकसित किया। कुछ वहां जाने लगे। वाहनों की संख्या बढ़ी, फाटक की तो समस्या थी ही।अब मेरे पास से फ्लाईओवर भी गुजरने लगा। मैं दब गया।मुझ तक पहुंचने में परेशानी और ज्यादा बढ़ गई।
         लोगों ने दूसरा स्थान चुन लिया। जहां दिन भर भीड़ रहती थी, अब भूले भटके महीने दो महीने में एकाध बार मेरा उपयोग होता। देखभाल के अभाव में दिवाले  गिरने लगी। झाड़-झंखाड़ उग आए। गंदगी हो गई। छत दीवारें टूट गई।
          मैं समाप्त होने लगा।
-0-
पता:
विवेक मेहता
आदिपुर कच्छ गुजरात

-०-


विवेक मेहता जी की अन्य रचनाएँ पढ़ने के लिए नाम के शीर्षक चित्र पर क्लिक करें !
***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 


Sunday, 22 November 2020

चाल (लघुकथा) - विवेक मेहता

चाल
(लघुकथा)
  शोरगुल और चमक भरी रात थी। हमेशा की तरह राजा ने श्मशान में प्रवेश किया। पेड़ पर लटकी लाश को उतारा, पीठ पर लादा और चल पड़ा।
                  लाश में छिपा बेताल मुखर हो गया। बोला-" राजन, तुम प्रयास करते करते थक गए होंगे। तुम्हारी थकान कम करने के लिए एक कहानी सुनाता हूं।
                लोकतांत्रिक जम्बू देश में भयानक बहुमत से ढ़पोरशंख राजा बन गया। हवाओं में चारों ओर जुमलो और वादों की बरसात हो गई। उसके राजा बनते ही उसकी पार्टी के लोग उत्साह में आ गए। उनके उत्साह ने उन्हें अनैतिक कार्यों से धन कमाने के लिए उकसाया। गलत कार्यों का भांडा कभी न कभी तो फुटना ही था। न जाने कैसे उनमें से कुछ के अनैतिक देह व्यापार की पोल खुल गई। मामले ने तूल पकड़ा और रेला राजा के नजदिकीयों के पांव तक पहुंचा। साम-दाम-दंड-भेद से मामले को दबाने के प्रयास होने लगे। विरोधियों को भी मामले में सत्ता की सीढ़ी दिखलाई पड़ने लगी। विरोध प्रदर्शन, कैंडल मार्च, बयान- बाजी होने लगी। समाचार पत्रों, टीवी बहसों में मामला छाने लगा। विरोध पक्ष ने राज्य भर में पदयात्रा कर मामला गरमाने की चाल चली। जिस दिन पदयात्रा शुरू होनी थी उसी रात को ही राज्य भर में चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात कर दी गई। टीवी पर प्रमुखता से समाचार आ रहे थे कि सीमा पार से दो आतंकी देश में घुस आए हैं।  सारे राज्य में नाकाबंदी कर उनकी तलाश की जा रही है। पदयात्रा हुई, भीड़  न जुटी। न समाचारों में मुद्दा छाया। पदयात्रा के समाप्त होते ही आतंकियों वाला मुद्दा भी बंद हो गया। नाकेबंदी, पुलिस सब गायब हो गए।"
               कहानी समाप्त कर बेताल ने पूछा-"राजन देह व्यापार वाली समस्या का क्या हुआ? वे आतंकी कहां गए? इन सवालों का जवाब जानते हुए भी नहीं दोगे तो तुम्हारे सर के टुकड़े-टुकड़े हो जाएंगे।"
             "आतंकवादी होते तो मिलते। समस्या से ध्यान भटकाने के लिए देशभक्ति का माहौल बनाना पड़ता है। देश सर्वोपरि होता है। सत्ताधारी इस मानसिकता को समझते हैं और प्रयोग में लाते हैं। यही इस खेल का मूल था। बात खत्म। खेल खत्म। 
             राजा की बात खत्म होते ही बेताल लाश को लेकर पेड़ पर लटक गया।
-0-
पता:
विवेक मेहता
आदिपुर कच्छ गुजरात

-०-


विवेक मेहता जी की अन्य रचनाएँ पढ़ने के लिए नाम के शीर्षक चित्र पर क्लिक करें !
***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

Sunday, 8 December 2019

मावठा (कहानी) - विवेक मेहता


मावठा
(कहानी)
इस बार ऐसा लग रहा था कि वर्षों के बाद सपने साकार होंगे। खेत में मूंग,बाजरा,मूंगफली की फसल लहरा रही थी। खेत इस बार सोना उगलेगे ऐसा तय सा था।
रण में एक तो वैसे भी बारिश कम, ऊपर से हर दूसरे तीसरे साल सूखा। 'यहां अब बचा ही क्या है?'- कह कर बच्चे घर छोड़कर शहर चले गए थे। गांव में बचे थे तो बस पति- पत्नी। दीपावली की, गर्मियों की छुट्टियों में वह बच्चों को न्योता देते घर आने का और काम का बहाना बनाकर वह टाल देते थे। मंदी की मार शहर में उनसे भी सहन नहीं हो रही थी। बच्चे अब चाहते थे कि मां-बाप घर खेत बेचकर पैसे उनके हवाले कर शहर में बस जाएं। पर पति पत्नी खेत खलिहान गांव छोड़कर जाने को राजी न थे।
इस बार दीपावली पर बच्चे घर आए, मां की इच्छा थी। बाप ने फोन लगाया बच्चों ने बहाने बनाएं। आग्रह बढा तो बच्चे बोले- 'धंधा चल नहीं रहा, मंदी बहुत है आप दीपावली पर कुछ नेग दे रहे हो तो आ जाते हैं।'
बाप मान गया आखिर में तो सब बच्चों का ही तो है! बच्चे आ गए दीपावली मन गई। मां-बाप के चरण छूकर लाख-लाख रुपए लेने का वादा भी ले लिया बाप से। बाप भी निश्चिंत था। धरती से सोना जो उगलने वाला था।
कुछ ही दिनों में कटाई का समय भी आ गया लाखों की मजदूरी और अन्य खर्चों के बाद कटाई हो गई। सोना खेतों में पडा ही था कि मावठे की बारिश हो गई। सारा सोना मिट्टी में बदल गया। सारे सपने पानी में बह गए।
मगर वादा तो वादा था बाप ने पत्नी के गहने गिरवी रख कर बच्चों को पैसे भी दे दिये। मन ही मन बोला- 'इससे तो सूखा ही अच्छा था भगवान, ना कटाई के पैसे जेब से जाते न गहने गिरवी रखना पडते।
-0-
पता:
विवेक मेहता
आदिपुर कच्छ गुजरात

***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

Sunday, 23 August 2020

चालें (कहानी) विवेक मेहता

चालें
(कहानी)
"जब से वर्ल्ड बैंक का नाम जुड़ा है तब से ही संस्थान की हालत देश जैसी हो गई। सारा भाईचारा समाप्त। दोस्ती का ढोंग। पांव छूने के बहाने पांव खींचने का काम होने लगा। अदृश्य शतरंज की बिसात बिछी हुई है। सब लोग चालें चल रहे हैं। कई खिलाड़ी मैदान में हैं। कई बार ब्रिज की तरह एक दूसरे के पार्टनर बन जाते हैं, कुछ काल्स देते हैं। फिर अचानक दुश्मन बन जाते हैं। हर एक का एक ही ध्येय है पैसा कमाना। दूसरों को नीचा दिखाना। यह तो अच्छा हुआ कि गांधी जी ने असहयोग आंदोलन के दौरान साधन की पवित्रता को लेकर आंदोलन वापस ले लिया अन्यथा हम स्वतंत्रता की और ज्यादा वर्षगांठ मना रहे होते। तब मूंदड़ा कांड, बोफोर्स, शेयर, अयोध्या, दंगे, रथयात्रा जैसे छोटे-मोटे मामले हमें विचलित नहीं कर रहे होते। विश्व बैंक हमें पूरी तरह से मार चुका होता। धीमा जहर है। मीठा भी। खाने वाले को आनंद आता है और कब सब समाप्त हो जाता है, मालूम भी नहीं पड़ता। यही हाल हमारे यहां भी है।" खीज भरे स्वर में मिस्टर सतपाल बोले।
           बात की शुरुआत हुई थी चपरासियों के बुरे बर्ताव से और पहुंच गई देश, विश्व बैंक तक। पिछले कई दिनों चपरासियों ने अपना व्यवहार बदल लिया था। अवज्ञा आंदोलन जैसा कर लिया था। मगर आंदोलन सविनय वाला नहीं था।
           सवेरे समय पर दरवाजे नहीं खुले। घंटी के कांटों से जहां घंटे, सायरन बजते हो समय पर दरवाजे न खुलना बड़ी बात होती है। थोड़ी खलबलाहट हुई। कुछ अफसरशाही भी दिखलाई पडती यदि वे, वे यानी भगवान और मूरत नशे में टून्न न दिखलाई पड़ते। उन्होंने लड़खड़ाते हुए दरवाजा खोला। एक ने सायरन बजाया, दूसरे ने पंखा चलाया। अपने स्टूलों को बिना साफ किए उन पर पसर गए।
           खुले दरवाजे से स्टाफ अंदर आया और सिविल स्टाफ में जमा हो गया। यह थोड़ा बड़ा रूम है। इसी रुम में समस्याएं ढूंढी जाती, उनके प्रभाव को परखा जाता और हल खोजे जाते। इतनी बड़ी समस्या हो उस पर बहस न हो ऐसा कैसे हो सकता था।
"मेरा पहला पीरियड था। अब नहीं लेने वाला मैं तो। यह भी कोई समय है?" सरदार जी ने अपनी दाढ़ी खुजलाते हुए कहा।
         वैसे भी समय पर कौन सा ले लेते। वहां बैठे अनेकों के मन में यह बात आई मगर कोई बोला नहीं।
        अपनी बात पर कोई प्रतिक्रिया न पाकर सरदार जी मूंछों के बालों को सहलाते हुए बोले- "मैं प्रिंसिपल को रिपोर्ट करूंगा।"
"तो इससे होगा क्या? क्या करेगा वो? पिछली बार की तरह इस बार कार्रवाई करने के लिए किसी और पर तो दबाव नहीं डाल सकता वह। इस बार वार करने के लिए किसी और का कंधा थोड़ी मिलेगा उसे।" मिस्टर जावेद ने कहा।
       बहस में गर्मी आ गई थी। आवाजें  तेज हो गई थी।
"क्या बात करेगा हिंजड़ा?" बाहर बैठा भगवान चपरासी बुदबुदाया। "एक बार पीछे से वार क्या कर लिया, हीरो समझ लिया खुद को। अब करें देखें कुछ !"
          भगवान नशे में था। नशे की गोलियां खाई थी उसने कल रात। उसकी थोड़ी खुमारी सवार थी उस पर। महीने के आखिरी दिन चल रहे थे। घर में खाने को कुछ नहीं था। गम मिटाने के लिए दारू की जरूरत थी। फटी जेब। उधार मांगने मूरत के पास के गया। नंगा क्या देता कपड़े दूसरों को ! मूरत ने उसे यह सस्ता उपाय बतलाया। क्या नशा है ! क्या मजा है ! वह उड़ रहा है और ये मास्टर है कि गुजरी बातें याद दिला कर सारा मजा किरकिरा कर रहे हैं। वो काम चलाऊ प्रिंसिपल मंगवानी साला क्या कार्रवाई करेगा? पिछली बार उसने असली प्रिंसिपल से सस्पेंड करवा दिया था तब उसकी यूनियन ने मंगवानी के घर के बाहर तंबू तान दिया था। टें बोल गई थी। हड़ताल खत्म हुई तब चैन आया। अब अकड़ा फिरता है लोगों में।

           चपरासियों का देर से आना। घंटियों की आवाज को न सुनना और नशे में होना बड़ी घटना थी। प्रिंसिपल को सूचना मिलनी ही चाहिए। राजाराम  और जेपी ने इस मौके को हाथ से छोड़ना उचित नहीं समझा। दोनों का सीनियर स्केल का प्रमोशन अटका था। पुराने संबंध भी थे। आंखों ही आंखों में इशारे हुए और दोनों निकल आए स्टाफ रूम से।
"देखना छोड़ेगा नहीं, मंगवानी इन सालों को !"
"पहले जब डिपार्टमेंट का हेड था तभी सस्पेंड करवा दिया था सांवला से। तो अब क्या है? खुद ही प्रिंसिपल है। स्ट्रीक। सांवला जैसा लल्लू पंजू नहीं है।"
      बातें करते-करते ही प्रिंसिपल चेंबर आ गया था। दरवाजा खटखटाया। दोनों अंदर चले गए।
"हेलो डीयर, कैसे हो राजाराम, ओ पी?"
"यह क्या हो रहा है साहब आप के राज में !" ओपी ने कहा।
         मंगवानी ने सुना। मुस्कुरा भर दिया।
"स्टाफ रूम समय पर नहीं खुलता। समय पर सायरन नहीं बजता। और तो और…." भगवान और मूरत बात अधूरी रह गई। चपरासी कुछ कागज लेकर अंदर आया था। मंगवानी उन पर हस्ताक्षर करता रहा। थोड़ी देर बाद उसने पूछा- "चाय पियोगे?" बिना उन लोगों के उत्तर की प्रतीक्षा किए चपरासी को चाय लाने का आदेश दिया। चपरासी के जाते ही राजाराम बोला- "भगवान और मूरत नशे में चूर है। सस्पेंड कर देना चाहिए दोनों को।"
          मंगवानी मुस्कुराया। उसे सोचने के लिए कुछ समय चाहिए था। उसके दिमाग के घोड़े खतरे को भांप कर दौड़ने लगे। कहीं इस घटना के पीछे भरत का तो हाथ नहीं? समस्याएं खड़ी कर, उन्हें सुलझाने में तो माहिर है वह। वर्ल्ड बैंक की नई बिल्डिंग के काम में हेराफेरी न कर पाने के कारण एक तो वैसे ही खार खाए बैठा हैं। यदि उसने चपरासियों के विरुद्ध कुछ कार्रवाई की तो वह हड़ताल कर देंगे। घर के सामने तंबू लग जाएगा। सोच कर उसे पसीना आ गया। भरत... तंबू... अनुशासन...। अचानक उसे ख्याल आया कि यह वक्त नहीं है, ज्यादा वक्त लेने का। "मैं आता हूं, देखता हूं। अभी तो काम ही इतना है कि क्या कहें। आज हेड क्लर्क को डायरेक्टर के ऑफिस जाना है। कुछ सीनियर स्केल के पेपर तैयार करवाने हैं।"
           सीनियर स्केल ने बात का रुख मोड़ दिया। अब प्रमोशन की बातें होने लगी। वे मूल समस्या को भूल गए। चाय पी कर चले आए।
वे चाहे भूल गए हो मगर मंगवानी नहीं भूल पाया। बड़ी मुश्किल से मौका हाथ आया है। मौका हाथ से जाने दिया तो सारी जिंदगी बीत जाएगी। रिटायर हो जाएगा मगर प्रिंसिपल नहीं बन पाएगा। यदि चपरासी वाले इस मामले को संभालने में कुछ गड़बड़ हो गई तो भरत फायदा उठा लेगा। उसने अपना दांव खेला तो मेरा पत्ता साफ ! कुछ तो करना ही पड़ेगा। सांप भी मर जाए और लाठी भी न टूटे।
           भरत ने स्टाफ में होने वाली बहस को अपने चेंबर में बैठे बैठे सुना। कुछ गुना। मुस्कुराहट दौड़ आई चेहरे पर। उसने अपने गंजे सिर पर हाथ घुमाया।कमर में बंधे पट्टे को ढ़ीला किया।अब आया ऊंट पहाड़ के नीचे ! मंगवानी साला अपने दो दिन के राज में चमड़े के सिक्के चलाना चाहता है। हर एक काम में टांग। टेबल के इस ओर से उस ओर बैठ जाते ही कितना बदल जाता है आदमी ! कल मीटिंग में कैसा चढ़ रहा था उस पर। अब मालूम पड़ेगा बच्चू। चपरासियों के विरुद्ध एक्शन तो ले ! पिछली बार मैंने ही तंबू ऊखड़वाया था तेरे घर के सामने से। कैसे रोने जैसा हो गया था। सांवला तक ने पनाह मांग ली, तो तुम क्या चीज हो बच्चू ! भरत को सांवला की बात से दो माह पुरानी घटना की याद आ गई। कैसे बेवकूफ बनाया था उसने सांवला और अन्य स्टाफ को। कालेज के समय को बदलवाने घटना में उलझा कर। याद कर मुस्कुरा दिया। क्या खेल खेला था वह भी । लड़कों को हड़ताल करने के लिए उकसाने वाला वह ! सांवला की ओर से हड़ताल तुड़वाने वाला वह !! और समस्या का समाधान भी उसकी अपनी इच्छा का। तब तुमने भी कम हाथ-पांव नहीं फेंके थे, सांवला की नजरों में चढ़ने के। भूल गए उन बातों को ! वह तो ठीक है, पुरानी बातें हैं। नई बिल्डिंग का ही मामला ले ले। करोड़ों का काम है, लाखों में हेरा फेरी  तो होनी ही है ! किसी घपले में उसके लिप्त होने का कोई सबूत नहीं। बदनाम कौन सांवाला ! और ज्यादा पैसे खाए किसने……।लोग तो कहते हैं कि सांवला बीमार भी मेरे कारण पड़ा। तुम संभलना बच्चू !


             स्टाफ रूम में घंटिया बजा बजाकर स्टाफ थक गया। घंटियों के स्वर भगवान और मूरत की तरंग को भंग न कर सके। कुछ थक हार कर खुद कैंटीन चले गए। कुछ हमेशा की तरह हस्ताक्षर करने के बाद अपने धंधे संभालने चले गए। वे लोग वापस आए तब तक भगवान भाई का नशा कुछ पायदान नीचे उतर आया था। अचानक बोर्ड पर लाल बत्ती दिखलाई दी। स्टाफ रूम तक गए। हमेशा की तरह खड़े रहे कि कोई कुछ बोले। घंटी बजाए देर हो गई थी और शायद बजाने वाला वहां था भी नहीं।
"घंटी किसने बजाई थी?" लड़खड़ाते हुए गुस्से भरे स्वर में भगवान भाई ने प्रश्न किया।
               सब चुप रहे। आश्चर्य से एक दूसरे की ओर देखा। किसी को जवाब न देते पाकर मिस्टर कृष्ण ने उत्तर दिया- "अभी तो किसी ने नहीं बजाई।"
               भगवान भाई संतुष्ट होकर अपनी सीट पर बैठ गए। तरंग में लाल बत्ती बंद करना भूल गए। थोड़ी देर में निगाह बोर्ड पर गई तो फिर लाल बत्ती।
                लाल बत्ती यानी खतरा। जीने नहीं देंगे ये लोग। गुस्से में खड़े होने के चक्कर में भगवान भाई लड़खड़ा कर गिर गए। सम्हले। खड़े हुए और फिर स्टाफ रूम तक पहुंचे।
"परेशान कर रखा है। घंटी किसने बजाई? काम-धाम कुछ नहीं बस घंटी बजाकर हुकुम सुना देते हैं।" उच्चारण साफ नहीं था, मगर स्वर पंचम तक पहुंच गया था।
      लोगों को अफसरशाही न दिखला पाने के कारण परेशानी हो रही थी। ऊपर से पंचम स्वर ने आग में घी डाल दिया।
"यहां किसी ने घंटी नहीं बजाई। तमीज से बोलना सीखो।" मिस्टर कृष्ण भी ऊंचे स्वर में बोले।
          भगवान भाई की सारी कुंठाएं, दमित इच्छाएं उनके नशे में होने का फायदा उठाकर चेतन हो गई।
"तो क्या करोगे? मारोगे? वैसे भी जीने कब देते हो !"
"किसने कहा मारने की। जाओ, जाकर अपना काम करो।" इस बार दूसरे लोग बोले।
            खतरे को भांप चेतना लौट आई। लगा गलती कर बैठे। कुछ समय पहले मंगवानी को कुछ बोल दिया था। उसी का नतीजा था सस्पेंशन…. हड़ताल... तंबू... खाली चूल्हा..। इस बार भी वही सब हुआ तो? पहले से ही घर में खाने के लाले है। इस बार यह सब हुआ तो लोग तो रोटियां सेंक लेंगे मगर उसके बच्चे भूखे मर जाएंगे। अब सारा नशा हिरण हो गया। बचाव का सबसे अच्छा तरीका आक्रमण होता है। भगवान भाई आक्रामक हो गए- "तुमने मुझे नीची जात का क्यों बोला?"
"किसने बोला?"
"तुमने"
"कब"
"अभी। मैं नीची जात का हूं इसका मतलब यह तो नहीं कि तुम मुझे बेइज्जत करो।"
           समस्या की गंभीरता को भांप कर कुछ ने खिसकना, तो कुछ ने झगड़े को शांत कराना उचित समझा।
             भरत ने इस झगड़े को भी अपने चेंबर में बैठे बैठे सुना। उसे लगा तवा गरम है, रोटियां सेंक लेनी चाहिए। उसे सक्रिय होना चाहिए। वह स्टाफ रूप में चला गया। वहां इसी बारे में ही चर्चा थी। धीमे स्वर में। "हौसले तो देख लो। समय पर आते नहीं। नशे में रहते और दादागिरी करते हैं।" मिस्टर कृष्ण ने कहा।
"हां, सुना मैंने भी। ये तो कोई तरीका नहीं बिहेव करने का ! कुछ एक्शन तो होना ही चाहिए इन लोगों के खिलाफ। ऐसे तो ये सिर पर चढ़ जाएंगे।" भरत ने कहा। चश्में के अन्दर से अपनी मंजरी आंखों से लोगों पर उसके प्रभाव को परखा। मन ही मन सोच मुस्कुराया। कभी मंगवानी ने भी यही शब्द कहे थे प्रिंसिपल सांवला से।
             तब तक नई घटना की सूचना इंचार्ज प्रिंसिपल तक पहुंच गई थी। भरत के सक्रिय होने की भी। जिसका डर था वही हुआ, मंगवाने ने सोचा। अब तो कुछ करना ही पड़ेगा। शीघ्र। उसने रिवाल्विंग चेयर को पीछे धकेला। पीढ़ टिका उसे पीछे झुकाया। कितने आनंद और प्रभाव वाली कुर्सी है। तनाव में भी जीने का मजा देती है। इस समस्या को भी निपटना पड़ेगा। अभी। उसने पेन उठा, स्लिप पर कुछ रगीदा। चपरासी को कागज थमा, आदेश दिया- "मिस्टर भरत को बुला लाओ।"
चपरासी ने स्टाफ रूम में भरत को पत्र दिया। वहां से चेंबर में जाकर भरत ने स्लिप को पढ़ा। स्लिप पढ़ कर बुदबुदाया- "अब क्या रोड़े अटकायेगा साला। कमाने भी नहीं देगा।" कुछ पेपर बटोरे। जाने से पहले पानी पीने की इच्छा हुई। घंटी बजाने के लिए हाथ बढ़ाया ही था कि अभी हुए हादसों की याद हो आई। यदि यही सब उसके साथ हुआ तो ! सारा खेल चौपट हो जाएगा। हाथ खींच लिया। अपने चेंबर से निकल आया। प्रिंसिपल के चेंबर में घुसा। तब तक एक तरह का तनाव उस पर छाया था। गंजे सिर के चंद बालों को उसने व्यवस्थित किया। चश्मे को नाक पर पीछे किया और चेंबर में चला गया।
             उसके अंदर घुसते ही चपरासी को दरवाजा बंद करने और लाल लाइट जलाने का आदेश हो गया। आधा घंटा लाल बत्ती जलती रही। मंत्रणा चलती रही। बाहर निकला तो भरत खुश था। मंगवानी का चेहरा भी दमक रहा था।
            उसके निकलते ही मंगवानी ने  हेड क्लर्क को नई बिल्डिंग के रोके गए बिल पास करने का आदेश दे दिया। हेड क्लर्क चौंक गया। उसने समस्याएं रखी। मगर आदेश अटल था।
           भरत ने चेंबर में पेपर रखें। गाड़ी में सवार हुआ और कहीं चला गया।
         थोड़ी देर बाद चपरासियों की यूनियन का लीडर आया और भगवान भाई को स्कूटर पर बिठा कर ले उड़ा।
         थोड़ी देर बाद लीडर वापस आया। मंगवानी से मिलने चला गया। भरत को भी बुलाया गया।


          बाद में मिस्टर कृष्ण और अन्य लोगों ने प्रिंसिपल से चपरासियों के दुर्व्यवहार की शिकायत की। उन्हें आश्वासन मिला मगर कोई कार्रवाई नहीं की गई।
         ठेकेदार ने बिल पास होने पर हिस्सा भरत के हवाले किया तो वह बोल उठा-"भगवान की जय हो"
            उधर यूनियन लीडर के घर में मुर्गा कटा था, बोतल खुली थी। मुर्गा फिर भी खुश था। सस्पेंशन से तो बचा !
            इस समस्या, समस्या के समाधान पर स्टॉप रुम में फिर से बहस छिड़ी थी। तब मिस्टर सतपाल ने खीज भरे स्वर में देश और वर्ल्ड  बैंक को आपस में जोड़ कर देखा था।
-0-
पता:
विवेक मेहता
आदिपुर कच्छ गुजरात

-०-


विवेक मेहता जी की अन्य रचनाएँ पढ़ने के लिए नाम के शीर्षक चित्र पर क्लिक करें !
***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 


Monday, 10 February 2020

गुंडे (कहानी) - विवेक मेहता


गुंडे
(कहानी)
यह कोई कहानी नहीं है। आप चाहे तो इसे घटना समझिए या दुर्घटना का विवरण मात्र मानिए। आप इसे मसालेदार चाट समझकर चटकारे भी ले सकते हैं, और चाहे तो कड़वी कुनैन भी मान सकते हैं। सब कुछ आप पर निर्भर है अब।

मेरे लिए तो यह मात्र घटना नहीं रही। यदि घटना मात्र ही रही होती तो मैं मानसिक रूप से उत्तेजित नहीं होता, और यह बात इस रूप में आपके सामने नहीं आती। खैर छोड़िए भी इन बातों को पूरा विवरण जानने के लिए चलिए मेरे साथ एक छोटे से कस्बे में।

बढ़ते हुए पेट्रोल के दामों के कारण बस यात्रा तो महंगी दर महंगी होती जा रही है। रेल यात्रा ही ठीक रहेगी। इसलिए रेलवे स्टेशन से ही शुरु करते हैं।

स्टेशन के सामने, दाई और बड़ी सी बिल्डिंग देख रहे है ना आप! वह है आर्ट और साइंस कालेज। उसके पास वाली बिल्डिंग पॉलिटेक्निक की है। थोड़ा सा और आगे बढ़ेंगे तो पाएंगे होम साइंस की विंग। यह पॉलिटेक्निक के अंतर्गत आती है। आगे आइए आगे चलते हैं। चौराहा पार करते ही सौ कदम पर पुलिस थाना आता है। उसके सामने यानी आपके बाई और पॉलिटेक्निक की पुरानी बिल्डिंग है। यहां आजकल प्रैक्टिकल ही होते हैं। बिल्डिंग खत्म होते ही फिर चौराहा आ जाता है। सीधी सड़क बस स्टैंड की ओर जाती है। बाई और कॉमर्स कॉलेज का प्रवेश द्वार है। इनके बीच में हॉस्टल, नगर पालिका और पोस्ट ऑफिस की बिल्डिंग आ जाती है। इस सड़क से हटकर प्रोफेसर क्वार्टर्स बने हैं। थोड़ा और अंदर जाएंगे अन्य लोगों के बंगले, मकान, दुकाने, बैंक आदि पाएंगे।यह तो हुआ इस शहर का भूगोल। थोड़ा सा इतिहास भी जानकर आगे बढ़े।

स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद इस शहर को बसाया गया। जर्मन आर्किटेक्चर के निर्देशन अनुसार।इसी कारण सड़कें समकोण बनाती सीधी और साफ दिखलाई पड़ती है। धोती लोटा लेकर आने वाले विस्थापितों को बसाने के लिए यह शहर बसाया गया। आजकल वे लोग लक्ष्मी से खेलने लगे। फिर भी इस शहर की शान तो यह कालेज ही हैं। यह कालेज एक ट्रस्ट के द्वारा संचालित होते हैं। जिसके संचालक हैं श्री चौहान।

बूढ़े खूसट, गंजे से श्री चौहान की धाक है। वह इन सभी कालेजों पर एकछत्र राज करते हैं। पढ़े-लिखे बुद्धिजीवियों को वह अपनी उंगलियों पर नचाते हैं। आखिर नचाए भी क्यों नहीं, अर्थ की डोर जो थामें है। बिना 'अर्थ' के तो कोई अर्थ नहीं निकलता। लोग उन्हें आदर या डर के कारण दादा भी कहते हैं। अपने जमाने में वे रसिक रहे। और आज भी नौकरी देने के बहाने या नौकरी परमानेंट करने के बहाने कमसिन कन्याओं का शिकार करने में से नहीं चूकते, ऐसा लोग कहते हैं। बंदर बुड्ढा भी हो जाए तो छलांग लगाना थोड़े ही भूल जाता है।

कॉलेज के प्रोफेसरों को वे लोन, प्रमोशन, क्वार्टर्स का अंकुश लगा-लगा कर नियंत्रित करते हैं। कोई उनके नियंत्रण में नहीं आता तो वे अन्य हथकंडे अपनाते हैं। मसलन किसी छात्र नेता से किसी प्रोफेसर को गालियां दिलवा देते हैं। किसी के विरुद्ध शिकायत करवा देते। किसी की इज्जत का जनाजा निकलवा देते।

इन कार्यों के लिए सुरिंदर उनका प्रिय पट्ठा माना जाता था। थुल थुला शरीर। दाढ़ी। फुले-फुले गालों के कारण सिमटी-सिकुडी सी आंखें उसे थोड़ा सा क्रुर बना देती थी। उसमें हिम्मत,जोश है। बुद्धि तो उसकी वैसी ही मोटी है जैसा उसका शरीर। यह तो आप समझ ही गए होंगे।

सुरिंदर तो बस नाम का ही छात्र है। कालेज में तो बस वह घूमने फिरने आता है। अपने दो नंबर के धंधे से उसे फुर्सत मिले तो कक्षा में बैठे। पास होने की उसकी कभी तमन्ना नहीं रही। पास होने पर कॉलेज से बाहर होना पड़ता और बाहर रहकर छात्रों पर पकड़ नहीं बनाई जा सकती।

सही समझा आपने।नंबर दो के धंधे से मेरा तात्पर्य चरस, गांजा, अफीम, शराब और अन्य नशीले पदार्थों से ही है। वह इन पदार्थों की केवल सप्लाई करता हैं। उसे आप खुदरा व्यापारी कह सकते हैं। उसे यह सब पदार्थ बाबूजी के द्वारा मिलते हैं। बाबूजी का वरद हस्त उसकी पीठ पर हैं। नहीं तो 20-22 वर्ष का लौंडा यह सब काम कर ले! पुलिस के सामने बाबूजी का नाम कवच का काम करता है।

स्वाभाविक है आपके मन में प्रश्न उठे कि बाबूजी बला क्या है? बाबूजी, सफ़ेदपोश राजनेता है।'जिधर दम, उधर हम' वाली पॉलिसी पर विश्वास रखते हैं। देश के दूसरे दर्जे के राजनीतिज्ञों की तरह वह कभी विधायक बन जाते हैं, तो कभी मंत्री, कभी किसी निगम के अध्यक्ष, तो कभी सड़क पर आ जाते। सरकारी अफसरों से उनके अच्छे संबंध हैं। आखिर हो क्यों नहीं, वे उनका ट्रांसफर करवाने में; उनके विरुद्ध जांच करवाने में सक्षम जो है। प्रदेश सचिवालय में उनकी अच्छी पकड़ है। वे बिचौलिए का काम भी करते हैं और इस काम में अच्छा-खासा कमा लेते हैं। हथकंडे अपनाने में बाबूजी कम नहीं। एक बार तो चुनाव के समय सत्ताधारी पार्टी की इमेज गिराने के लिए उन्होंने सुरिंदर का सहारा लेकर शहर के कॉलेजों में लंबी हड़ताल करवा दी थी। बाबूजी की कारण तब दादा और सुरिंदर पहली बार टकराए थे। दादा ने तभी महसूस किया था लड़का गया हाथ से।

उस चुनाव में सत्ताधारी पार्टी में बाबूजी आ गए थे। इस कारण सुरिंदर का प्रभाव भी बढ़ गया था।दादा उस वक्त उसका सर कुचलने में असमर्थ थे।

बाबूजी के राजनीतिक प्रभाव के कारण तस्करी का धंधा जोरों पर था। सुरिंदर भी उसी में व्यस्त हो गया। आप तो जानते ही हैं कि कोई भी गैरकानूनी धंधा पुलिस जैसी संगठित शक्ति के सहयोग यह बिना नहीं हो सकता। बाबूजी भी इस काम में उनका सहयोग लेते थे। ऊपर से लेकर नीचे तक सभी को उनकी औकात अनुसार लिफाफे भिजवा देते थे। सब कुछ ठीक चल रहा था कि थोड़ी परेशानी आ गई। इलाके में आए नए इंस्पेक्टर का पेट कुछ ज्यादा बड़ा था। बाबूजी उसे ज्यादा खिला सकते थे, मगर इससे अन्य लोगों की आदत बिगड़ने का डर था। सही भी है 'बुढ़िया के मरने का दुख किसे होता है, दुख तो इस बात का होता है कि मौत ने घर देख लिया'। बाबूजी ने 'कुछ' करने का निर्णय लिया।

और वे कुछ करने के लिए ऊपर जाकर चर्चाएं करने लगे। इंस्पेक्टर को भी समाचार मिलते रहे। समझाईशे भी। कहीं ऐसी जगह ट्रांसफर कर दिए जाओगे जहां खाने को कुछ नहीं मिलेगा।जितना मिलता है उतने में संतोष करो। मगर अडियल रहा। उल्टे उसने एक दो छोटे छापे मारकर बाबूजी को चेतावनी भी दे दी कि अभी भी समय है वर्ना बड़ा नुकसान हो जाएगा।

बाबूजी तो ठहरे राजनेता। कूटनीति खेली। ऊपर से शांत दिखलाई पड़ने लगे। मानो हार मान ली हो। भारी लिफाफा भिजवा कर समझौता कर लिया। ऐसा लगने लगा कि स्थिति सामान्य हो गई हो परंतु ऐसा था नहीं। तूफान आया। इंस्पेक्टर रंगे हाथों रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया। उसे नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया। उसे रिश्वत कौन दे रहा था? सुरिंदर! रिश्वत देने का कारण बतलाए गया छात्रों के आपस के झगड़े में सुरिंदर के विरुद्ध रिपोर्ट न लिखना। सांप भी मर गया था और बाबू जी की लाठी भी सलामत रही।

दादा से सुरिंदर के संबंध बिगड़ने लगे थे। ऊपर से इस्पेक्टर भी दुश्मन बन गया था। जाते-जाते सुरेंद्र को धमकी दे गया था एक बार फिर यहां आऊंगा चाहे, लाख रुपए खर्च हो फिर देख लूंगा तुझे! इस कांड के बाद से बाबूजी के सितारे भी ज्यादा दिनों तक चमकते नहीं रह पाए। दलीय राजनीति में उठापटक हुई। बाबूजी का गणित गड़बड़ा गया। वह जिसे मजबूत गढ़ समझ रहे थे वह ढह गया। मुख्यमंत्री हाईकमान के आदेश से सत्ताच्युत हो गए। बाबू जी को भी आदेश, चेतावनी मिल गई कि शवासन लगा ले। कहीं भी किसी भी मामले में सक्रियता दिखलाई तो उनके विरुद्ध जांच आरंभ करवा दी जाएगी। बाबूजी का सारा प्रभामंडल इस धमकी के कारण सिमट सा गया। बेचारे सुरिंदर की क्या औकात! ना समझी की उम्र में सुरिंदर अपने खोल में न घुसा।

बाबूजी का प्रभाव घटते ही पुराना इंस्पेक्टर वापस इलाके में आ गया। मछली के फसने का इंतजार करने लगा। दादा ने बोये तो बबूल ही थे तो उन्हें कांटे ही मिलना थे। एक दिन होम साइंस विंग के पास लड़कियों के सामने सुरिंदर ने दादा को गालियां दी। उनके चरित्र को उघाड़ कर रख दिया। लड़कियां हंसती रही। समाचार जानकर प्रोफेसर भी खुश हुए। चलो जैसे को तैसा मिला। दादा उस वक्त खून के आंसू पीकर रह गए।

प्राइवेट कालेज की मैनेजमेंट का सर्वे सर्वा तो देश के प्रधानमंत्री से भी बड़ा होता है। घायल शेर खतरनाक हो उठा। प्राचार्य को आदेश मिल गया कि सुरिंदर अब कालेज में नहीं रहेगा। उसे निष्कासित किया जाए और उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाए। दादा पुलिस इंस्पेक्टर से भी मिल चुके थे।चाय पानी का आश्वासन भी दे चुके थे। जिसकी वैसे कोई आवश्यकता नहीं थी। इंस्पेक्टर तो वैसे भी खार खाए बैठा था। कब सुरिंदर फंसे और उसे मजा चखाये। दादा तो काम पक्का चाहते थे।

द्रोणाचार्य के वंशज प्राचार्य अपनी परंपरा को छोड़ना नहीं चाहते थे। उन्होंने दांवपेच खेलना शुरू किया। एक पुराने केस को पुनः खोला। पुराना दंड न भरने के कारण दो छात्रों को निष्कासित कर दिया गया। उन्होंने जैसा अनुमान लगाया था, सब कुछ वैसा ही हुआ। कॉलेज में हड़ताल हो गई। हड़ताल करवाने में सुरिंदर कुछ ज्यादा ही सक्रिय रहा। रूटीन के मुताबिक प्राचार्य ने स्टाफ मीटिंग बुलवाई। मीटिंग के दौरान वे स्थिति बतलाते रहे। एक बार भी उन्होंने सुरिंदर का नाम नहीं लिया। उनके दाएं-बाएं ने सुझाव दिया कि हड़ताल सुरिंदर के कारण है इसलिए कार्रवाई करना है तो सुरिंदर के विरुद्ध की जाए। न की छूट भईया नेताओं के। उनका यह प्रस्ताव सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया गया। दोनों छात्रों का निष्कासन रद्द कर दिया गया। प्राचार्य की कूटनीति काम कर गई।

उसी शाम, जब मैं घूमने निकला तो पान की दुकान पर मुझे बताया गया कि सुरिंदर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। हथकड़ियां पहना कर उसे कस्बे में घुमाया गया। चौराहों पर डंडे मारे गए। गिरफ्तारी का कारण प्राचार्य और प्रशासन की पुलिस में की गई रिपोर्ट थी जिसमें उन्होंने उस पर कॉलेज में तोड़ फोड़, दादा गिरी और होस्टल में चोरी का आरोप लगाया था।

इस रिपोर्ट के कारण तो दंड संहिता की रोजमर्रा की सामान्य धाराएं लगती है। फिर भी उसे हथकड़ी पहनाई गई। उसका भाग्य अच्छा था जो उसे गधे पर नहीं बिठाया गया, मुंह काला नहीं किया गया। यह सब भी संभव था क्योंकि उसके पीछे द्रोणाचार्य के वंशज प्राचार्य की कूट नीति, पैसे वाले प्रशासक का रोष और अमानवीय इंस्पेक्टर का द्वेष काम कर रहा था। सत्ता का साया उठ गया था। इस कारण यह सब भी आराम से हो सकता था।

इंस्पेक्टर का रोष- द्वेष इतना करने से भी शांत नहीं हुआ। दूसरे दिन जब कॉलेज शुरू होते, जिंदगी में हलचल होती तब तक सुरिंदर को हथकड़ी पहनाकर पुलिस ने थाने के बाहर खड़ा कर दिया गया। समीप ही पुलिस वाला डंडा लेकर खड़ा था। इंस्पेक्टर कुर्सी पर बैठा था। सुरिंदर दंड बैठक लगा रहा था। स्वतंत्र भारत का सूरज उस दिन कुछ धुंधलापन लिए था। उससे ज्यादा चमक तो इंस्पेक्टर के चेहरे पर थी, जिसे कभी रिश्वतखोरी के आरोप में सुरिंदर ने फँसाया था। इस घटना के बारे में जानते हुए भी बाबूजी अपने खोल में दुबके हुए थे। उनके लिए निश्चित रूप से सुरेंद्र से ज्यादा महत्व आलाकमान की धमकी का था।

एक बार तो मेरी इच्छा हुई कि बड़ी मछलियों के मुंह से छोटी मछली को बचाने का प्रयास करुं। मगर यह विचार अधिक समय तक जहन में टिक नहीं पाया। लगा जिन्हें मैं बड़ी मछलियां समझ रहा हूं वे तो मगरमच्छ है। कहीं सुरिंदर के साथ मुझ जैसे कीड़े मकोड़े को भी न निगल जाए!

शायद यही विचार पूरे कस्बे वालों का था। छात्रों का था,पत्रकारों का था। इस घटना का विरोध किसी ने भी नहीं किया।

मगरमच्छ सम्मिलित शक्ति से भी ज्यादा शक्तिशाली होते हैं। शायद यही विचार आपके भी है अन्यथा…...-0-
पता:
विवेक मेहता
आदिपुर कच्छ गुजरात

***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

Thursday, 24 December 2020

सृजन महोत्सव पटल की माह नवंबर २०२० की उत्कृष्ट रचनाएँ

  सृजन महोत्सव पटल की माह नवंबर २०२० की उत्कृष्ट रचनाएँ 

               आप सभी को बताते हुए हर्ष हो रहा है कि सृजन महोत्सव पटल पर आज तक ३२५ से अधिक साहित्यकार एवं उनकी लगभग १४०० से भी अधिक रचनाएँ प्रकाशित की जा चुकी है. सभी रचनाकारों की विभिन्न विधाओं में प्रेषित और इस पटल पर प्रकाशित रचनाएं मौलिक एवं स्तरीय है, इसमें कोई दोराय नहीं है. आप सभी सृजन धर्मियों का बहुत ही अच्छा प्रतिसाद, स्नेह और प्रेम मिल रहा हैं. इसके चलते आज तक लगभग ५८,५०० से भी अधिक  लोगों ने इस पटल को भेट दी है.
              माह नवंबर २०२० में सृजन महोत्सव पटल पर प्रकाशित एवं सर्वाधिक पसंदीदा गद्य और पद्य विधा की कृतियों के रचनाकार को सृजन महोत्सव परिवार की ओर से प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया जा रहा है. 

गद्य विधा में भारत वर्ष के
आदिपुर, गुजरात के
विवेक मेहता की लघुकथा 'चाल' पर
'गद्य सृजन शिल्पी' 
सम्मान से 
सम्मानित करते हुए तथा
सम्मान पत्र सपूर्द करते हुए हर्ष हो रहा हैं.

यह रचना पढ़ने के सम्मान पत्र पर क्लिक करें
-०-
पद्य विधा में भारत वर्ष के 
सांगली (महराष्ट्र) के
सूर्निय प्धिरताप राठौर की कविता  
'मेरा बेटा' पर
'पद्य सृजन शिल्पी'
सम्मान से 
से सम्मानित करते हुए तथा
 सम्मान पत्र सपूर्द करते हुए हर्ष हो रहा हैं. 



यह रचना पढ़ने के सम्मान पत्र पर क्लिक करें
****
दोनों सृजन शिल्पियों का एवं हमारे साथ जुड़े सभी साहित्यकर्मियों का
हार्दिक आभिनंदन !!!



***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

Monday, 16 March 2020

माह फरवरी २०२० की उत्कृष्ट रचनाएँ

सृजन महोत्सव के माह फरवरी २०२० की उत्कृष्ट रचनाएँ 
               आप सभी को बताते हुए हर्ष हो रहा है कि दीपावली के पावन पर्व पर प्रारंभ किए इस पटल पर आज तक दो सौ अस्सी से भी अधिक साहित्यकार एवं उनकी लगभग 800 से भी अधिक रचनाएं प्रकाशित की जा चुकी है. सभी रचनाकारों की विभिन्न विधाओं में प्रेषित और इस पटल पर प्रकाशित रचनाएं मौलिक एवं स्तरीय है, इसमें कोई दोराय नहीं है. आपको बताते हुए हर्ष हो रहा हैं कि मात्र फरवरी २०२० माह में देश-विदेश से लगभग 115 गद्य तथा पद्य विधाओं की रचनाएं प्रकाशित की जा चुकी है. आप सभी सृजन धर्मियों का बहुत ही अच्छा प्रतिसाद, स्नेह और प्रेम मिल रहा हैं. इसके चलते आज तक लगभग 33,400 से भी अधिक  लोगों ने इस पटल को भेट दी है.
              आज इस पटल के माह फरवरी २०२० के सर्वाधिक पसंदीदा गद्य और पद्य विधा की भारतीय रचनाओं के रचना शिल्पियों सहित विदेशी रचना शिल्पियों के योगदान को ध्यान में रखते हुए प्रति माह एक विदेशी रचनाकार को भी सृजन महोत्सव परिवार की और से सम्मानित किया जा रहा है. वह निम्न हैं -
कलुतर (श्रीलंका) से पटल से निरंतर जुडी
दुल्कान्ती समरसिंह जी की कविता 
'शायरी' पर
'विदेशी सृजन शिल्पी'
सम्मान से 
पटल की ओर से सम्मानित करते हुए तथा
 सम्मान पत्र सपुर्द करते हुए हर्ष हो रहा हैं.
यह रचना पढ़ने के सम्मान पत्र पर क्लिक करें
-०-

पद्य विधा में भारत वर्ष के बर्नपुर (पश्चिम बंगाल) की 
अलका 'सोनी' जी की रचना '!! पलभर छोटा है !!' पर
'पद्य सृजन शिल्पी' 
सम्मान से 
पटल की ओर से सम्मानित करते हुए तथा
सम्मान पत्र सपुर्द करते हुए हर्ष हो रहा हैं.
यह रचना पढ़ने के सम्मान पत्र पर क्लिक करें
-०-
गद्य विधा में भारत वर्ष के आदिपुर (गुजरात) के
विवेक मेहता जी की कहानी  
'गुंडे' पर
'गद्य सृजन शिल्पी'
सम्मान से 
पटल की ओर से सम्मानित करते हुए तथा
 सम्मान पत्र सपुर्द करते हुए हर्ष हो रहा हैं. 
यह रचना पढ़ने के सम्मान पत्र पर क्लिक करें
****
दोनों सृजन शिल्पियों का एवं हमारे साथ जुड़े सभी साहित्य कर्मियों का
हार्दिक आभिनंदन !!!



***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

सृजन रचानाएँ

गद्य सृजन शिल्पी - नवंबर २०२०

गद्य सृजन शिल्पी - नवंबर २०२०
हार्दिक बधाई !!!

पद्य सृजन शिल्पी - नवंबर २०२०

पद्य सृजन शिल्पी - नवंबर २०२०
हार्दिक बधाई !!!

सृजन महोत्सव के संपादक सम्मानित

सृजन महोत्सव के संपादक सम्मानित
हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ