*** हिंदी प्रचार-प्रसार एवं सभी रचनाकर्मियों को समर्पित 'सृजन महोत्सव' चिट्ठे पर आप सभी हिंदी प्रेमियों का हार्दिक-हार्दिक स्वागत !!! संपादक:राजकुमार जैन'राजन'- 9828219919 और मच्छिंद्र भिसे- 9730491952 ***

Friday, 26 March 2021

कैसे खेलूँ होली (कविता) - पता: रीना गोयल

कैसे खेलूँ होली 
(कविता)
घटा घनी आतंकी छायी , खून भरी लगती होली ।
चिर निद्रा हैं वीर धरा के ,कैसे फिर खेलूँ होली ।

धूमिल होती सब आशाएं, सो गई हैं कामनाएं ।
रुद्र गीत ही धमनियों में ,गा रही हैं वेदनाएं ।
नाचूँ गाऊँ कैसे फिर.मैं ,कैसे फिर खेलूँ होली ।
चिर निद्रा हैं वीर धरा के ,कैसे फिर खेलूँ होली ।

धरा बहाती आँसू बूंदे , सुन विलाप विधवाओं का ।
पुँछना है सिन्दूर अभी तो , कितनी ही सधवाओं का।
धरा रंग जब लाल रक्त से ,कैसे फिर खेलूँ मैं होली ।
चिर निद्रा हैं वीर धरा के ,कैसे फिर खेलूँ होली ।

जलती शहीदों की चिताएं ,है ज्वाल भरती श्वास में ।
तब ही जलेगी होलिका जब ,दुश्मन हो मृत्यु पाश में ।
घायल अभी सम्वेदनाएँ , कैसे फिर खेलूँ होली ।
चिर निद्रा हैं वीर धरा के ,कैसे फिर खेलूँ होली ।
-०-
पता:
रीना गोयल
सरस्वती नगर (हरियाणा)




रीना गोयल जी की रचनाएं पढ़ने के लिए शीर्षक चित्र पर क्लिक करें! 

***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

Tuesday, 23 March 2021

भावी (लघुकथा) - डा. नीना छिब्बर

भावी
(लघुकथा)
सैनिक शहीद शाहिद खान का मृत शरीर जब तिरंगे मे लिपटा हुआ उसके पैतृक गाँव पहूँचा तो अलग ही आब बिखेर रहा था। पूरा गाँव आँखों में गर्व मिश्रित दुख लिए अंतिम विदाई देने के लिए उपस्थित था । पूरा गाँव एक परिवार ही लग रहा था। नशवर शरीर को खाके सुपुर्द करने के बाद सभी शाहिद के आँगन मे लौट आये। धीरे धीरे शाहिद के जीवन मे घटित घटनाओं की बाते आरम्भ हुईं।
तभी उसके विधालय के अध्यापक श्री रामचंद्र जी ने खडे होकर सब का अभिवादन किया और कहा, आज मुझे एक पुरानी घटना याद आ रही है। लगता है. भावी ही उससे यह त्रुटि करवा रही थी। वह जब भी अपना नाम लिखता हमेशा शाहिद की जगह शहीद ही लिखता। अनेको बार समझाया पर हमेशा वर्तनी अशुदृ। मुस्कुरा कर कहता। गुरूजी यही सही है देखना आप भी अंततः इसी नाम से बुलाएंगे। वह शुरू से ही तिरंगा. सेना, और देश के वीर सपुतों की बाते करता था।
जब सेना मे भर्ती हुई तो मिलने आया था,बोला गुरु जी आप ने कितना ही समझाया पर अब तो मानते हैं मैं सही । मैने प्यार से चपत लगाते कहा., अरे, खूब आयु है तेरी पगले। जी भर देश सेवा कर। शाहिद ने कहा मास्टर जी। मेरी अशुद्ध वर्तनी रंग लाएगी देखना।
सभी भावुक हो गये और गुरू जी ने अपने शहीद खान को सेल्यूट किया।
-०-
डा. नीना छिब्बर
जोधपुर(राजस्थान)

-०-

***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

शहीदे आजम (कविता) - अनामिका रोहिल्ला

शहीदे आजम
(कविता)
27 सितंबर को एक युवक
इस धरती पर आया था
नाम भगत सिंह और साथ
कुछ कर गुजरने की मन में इच्छा लाया था
गांव खटकड़ कलां पंजाब से
एक साहसी युवक में आया था

अंग्रेजों से हमने खूब लड़ी लड़ाई थी
लड़ते-लड़ते भगत ने अपनी जान गवाई थी
मौत को हंसते-हंसते उसने गले लगाया था
वह एक युवक खटकड़ कला से आया था
मौत का उसको डरना था सीने में जोश जोशीला था

तुम छोड़ गए थे आजादी का सपना
जो आखिर हमने पूरा कर दिखाया था
साथ मिलकर हम ने अंग्रेजों को
पिछोर गिराया था

खूब लड़े थे आप हमारी पावन धरती के लिए
सलाम करते हैं हम आपको आपके उपकार के लिए
आपके जाने का दुख भी रहेगा
सुख होगा अपने देश के लिए
सलाम करते हैं हम आपको फिर से
जो आप एक नया जीवन दे गए हमें जीने के लिए
-०-
पता:
अनामिका रोहिल्ला
दिल्ली 
-०-

***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

Monday, 8 March 2021

मैं स्त्री (कविता) - श्रीमती कमलेश शर्मा


मैं स्त्री
(कविता)
मैं स्त्री हूँ......
कायनात की रचयिता,
सृष्टि का चक्र चलाती।
ममता,  धैर्य ,  भरोसे के साथ।
जो चाहती हूँ...कर सकती हूँ,
है विश्वास..।
मेरे पास हैं...कुछ ऐसी शक्तियाँ,
सम्भावनाएँ, मिसालें ,उपलब्धियाँ ।
उस पर भी...,
असंवेदनाए  पैर पसारती,
भ्रूण हत्या,ऐसिड अटैक,
अस्मिता पर हमलों से..
ख़ुद को बचाती।
समाज की निशानदेही पर रह कर भी,
ख़ुद को हारने ना देती।
झूझती रहती...।
सहती सब हँसके,
कभी ख़ामोशी से...,कभी विद्रोह  करके।
पार पा लेती हूँ..., मुश्किलों से।
चोबीस घंटो की ड्यूटी में,
ना छुट्टी लेती, ना ढिलाई बरतती ,
ना ही कोई काम टालती।
पगार के नाम पर...
बस थोड़ा सा प्यार चाहती।
बाहर की ज़िम्मेदारी से मुँह ना मोड़ती,
घरेलू दायित्वों को नहीं छोड़ती।
सृष्टि की कड़ियाँ जोड़ने की क्षमता समेटे,
तनाव जीतने की ख़ुशी लपेटे,
प्रकृति द्वारा असाधारण गुनो से नवाजी ,
ख़ुद पर भरोसा करती गई....,चलती गई।
अंतर्मन के आइने में झाँकती,
अपने को आँकती...,
मैं सृष्टि की रचयिता ,
नव निर्माण की शक्ति ,
मैं हूँ तो ये कायनात है।
चाहती हूँ....
चलती रहे ये कायनात,
क्योंकि चला सकती हूँ।
मैं धरा स्वरूपा...,जानती हूँ,
बादलों में बीज नहीं बोए जाते।
डरती नहीं किसी बात से,
देखती हूँ दुनिया,विश्वास से।
मैं....स्त्री....।

-०-
पता
श्रीमती कमलेश शर्मा
जयपुर (राजस्थान)
-०-



श्रीमती कमलेश शर्मा जी की रचनाएं पढ़ने के लिए शीर्षक चित्र पर क्लिक करें! 

***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

नारी तुम्हें नमन (कविता) - रीना गोयल

नारी तुम्हें नमन
(कविता)
(कुकुभ छंद गीत)

जिसके  बिन जीवन मे तम है ,दीप वही  प्रकाशित नारी 
घर -आँगन जो सुरभित करती ,सुमन सुशोभित वह क्यारी।
त्याग ,समर्पण ,दया,शीलता ,सब मिल नारी बनती है।
कभी तोड़ने अहं दुष्ट का , चण्ड रूप भी धरती है ।
भिन्न -भिन्न रुपों को धारे , दुर्गा की है अवतारी  ।
घर -आँगन जो सुरभित करती ,सुमन सुशोभित वह क्यारी  ।

नारी है बहते पानी सम ,हर स्थिति में ढल जाती ।
पुत्र पले जब लाड़ चाव से ,पुत्री यूँ ही पल जाती  ।
जननी  भी है जग पालक भी ,नहीं किसी क्षण वह हारी ।
घर -आँगन जो सुरभित करती ,सुमन सुशोभित वह क्यारी ।

नमन करें इस महा शक्ति को ,नारी जग की मर्यादा ।
संस्कार की शाला नारी  , प्रेम लुटाती वह ज्यादा।
आदि काल से पूजित नारी , रहती हर नर पर भारी ।
घर -आँगन जो सुरभित करती ,सुमन सुशोभित वह क्यारी  ।
-०-
पता:
रीना गोयल
सरस्वती नगर (हरियाणा)




रीना गोयल जी की रचनाएं पढ़ने के लिए शीर्षक चित्र पर क्लिक करें! 

***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

सृजन रचानाएँ

गद्य सृजन शिल्पी - नवंबर २०२०

गद्य सृजन शिल्पी - नवंबर २०२०
हार्दिक बधाई !!!

पद्य सृजन शिल्पी - नवंबर २०२०

पद्य सृजन शिल्पी - नवंबर २०२०
हार्दिक बधाई !!!

सृजन महोत्सव के संपादक सम्मानित

सृजन महोत्सव के संपादक सम्मानित
हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ