*** हिंदी प्रचार-प्रसार एवं सभी रचनाकर्मियों को समर्पित 'सृजन महोत्सव' चिट्ठे पर आप सभी हिंदी प्रेमियों का हार्दिक-हार्दिक स्वागत !!! संपादक:राजकुमार जैन'राजन'- 9828219919 और मच्छिंद्र भिसे- 9730491952 ***
Showing posts sorted by date for query सुशांत सुप्रिय. Sort by relevance Show all posts
Showing posts sorted by date for query सुशांत सुप्रिय. Sort by relevance Show all posts

Saturday, 31 October 2020

स्पर्श (कविता) - सुशांत सुप्रिय

स्पर्श
(कविता)
धूल भरी पुरानी किताब के
उस पन्ने में
बरसों की गहरी नींद सोया
एक नायक जाग जाता है
जब एक बच्चे की मासूम उँगलियाँ
लाइब्रेरी में खोलती हैं वह पन्ना
जहाँ एक पीला पड़ चुका
बुक-मार्क पड़ा था

उस नाज़ुक स्पर्श के मद्धिम उजाले में
बरसों से रुकी हुई एक अधूरी कहानी
फिर चल निकलती है
पूरी होने के लिए

पृष्ठों की दुनिया के सभी
अपनी देह पर उग आए
खर-पतवार हटा कर

जैसे किसी भोले-भाले स्पर्श से
मुक्त हो कर उड़ने के लिए
फिर से जाग जाते हैं
पत्थर बन गए सभी शापित देव-दूत
जैसे जाग जाती है
हर कथा की अहिल्या
अपने राम का स्पर्श पा कर
-०-
पता:
सुशांत सुप्रिय
ग़ाज़ियाबाद (उत्तरप्रदेश)

-०-



सुशांत सुप्रिय जी की रचनाएं पढ़ने के लिए शीर्षक चित्र पर क्लिक करें! 

***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

Sunday, 18 October 2020

क्या तुम जानती हो , प्रिये (कविता) - सुशांत सुप्रिय

क्या तुम जानती हो , प्रिये
(कविता)
ओ प्रिये
मैं तुम्हारी आँखों में बसे
दूर कहीं के गुमसुम-खोएपन से
प्यार करता हूँ

मैं घाव पर पड़ी पपड़ी जैसी
तुम्हारी उदास मुस्कान से
प्यार करता हूँ

मैं उन अनसिलवटी पलों
से भी प्यार करता हूँ
जब हम दोनों इकट्ठे-अकेले
मेरे कमरे की खुली खिड़की से
अपने हिस्से का आकाश
नापते रहते हैं

मैं परिचय के उस वार
से भी प्यार करता हूँ
जो तुम मुझे देती हो
जब चाशनी-सी रातों में
तुम मुझे तबाह कर रही होती हो

हाँ, प्रिये
मैं उन पलों से भी
प्यार करता हूँ
जब ख़ालीपन से त्रस्त मैं
अपना चेहरा तुम्हारे
उरोजों में छिपा लेता हूँ
और खुद को
किसी खो गई प्राचीन लिपि
के टूटते अक्षर-सा चिटकता
महसूस करता हूँ
जबकि तुम
नहींपन के किनारों में उलझी हुई
यहीं कहीं की होते हुए भी
कहीं नहीं की लगती हो
-०-
पता:
सुशांत सुप्रिय
ग़ाज़ियाबाद (उत्तरप्रदेश)

-०-



सुशांत सुप्रिय जी की रचनाएं पढ़ने के लिए शीर्षक चित्र पर क्लिक करें! 

***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

Wednesday, 30 September 2020

लौटना (कविता) - सुशांत सुप्रिय

लौटना 
(कविता)
बरसों बाद लौटा हूँ
अपने बचपन के स्कूल में
जहाँ बरसों पुराने किसी क्लास-रूम में से
झाँक रहा है
स्कूल-बैग उठाए
एक जाना-पहचाना बच्चा

ब्लैक-बोर्ड पर लिखे धुँधले अक्षर
धीरे-धीरे स्पष्ट हो रहे हैं
मैदान में क्रिकेट खेलते
बच्चों के फ़्रीज़ हो चुके चेहरे
फिर से जीवंत होने लगे हैं
सुनहरे फ़्रेम वाले चश्मे के पीछे से
ताक रही हैं दो अनुभवी आँखें
हाथों में चॉक पकड़े

अपने ज़हन के जाले झाड़ कर
मैं उठ खड़ा होता हूँ

लॉन में वह शर्मीला पेड़
अब भी वहीं है
जिस की छाल पर
एक वासंती दिन
दो मासूमों ने कुरेद दिए थे
दिल की तस्वीर के इर्द-गिर्द
अपने-अपने उत्सुक नाम

समय की भिंची मुट्ठियाँ
धीरे-धीरे खुल रही हैं
स्मृतियों के आईने में एक बच्चा
अपना जीवन सँवार रहा है ...

इसी तरह कई जगहों पर
कई बार लौटते हैं हम
उस अंतिम लौटने से पहले
-०-
पता:
सुशांत सुप्रिय
ग़ाज़ियाबाद (उत्तरप्रदेश)

-०-



सुशांत सुप्रिय जी की रचनाएं पढ़ने के लिए शीर्षक चित्र पर क्लिक करें! 

***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

Wednesday, 16 September 2020

एक दिन (कविता) - सुशांत सुप्रिय

एक दिन
(कविता)
एक दिन
मैंने कैलेंडर से कहा --
आज मैं मौजूद नहीं हूँ
और अपने मन की करने लगा

एक दिन मैंने
कलाई-घड़ी से कहा --
आज मैं मौजूद नहीं हूँ
और खुद में खो गया

एक दिन मैंने
बटुए से कहा --
आज मैं मौजूद नहीं हूँ
और बाज़ार को अपने सपनों से
निष्कासित कर दिया

एक दिन मैंने
आईने से कहा --
आज मैं मौजूद नहीं हूँ
और पूरे दिन उसकी शक्ल नहीं देखी

एक दिन
मैंने अपनी बनाईं
सारी हथकड़ियाँ तोड़ डालीं
अपनी बनाई सभी बेड़ियों से
आज़ाद हो कर जिया मैं
एक दिन
-०-
पता:
सुशांत सुप्रिय
ग़ाज़ियाबाद (उत्तरप्रदेश)

-०-



सुशांत सुप्रिय जी की रचनाएं पढ़ने के लिए शीर्षक चित्र पर क्लिक करें! 

***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

Monday, 31 August 2020

बचपन (कविता) - सुशांत सुप्रिय

बचपन
(कविता)
दशकों पहले एक बचपन था
बचपन उल्लसित, किलकता हुआ
सूरज, चाँद और सितारों के नीचे
एक मासूम उपस्थिति

बचपन चिड़िया का पंख था
बचपन आकाश में शान से उड़ती
रंगीन पतंगें थीं
बचपन माँ का दुलार था
बचपन पिता की गोद का प्यार था

समय के साथ
चिड़ियों के पंख कहीं खो गए
सभी पतंगें कट-फट गईं
माँ सितारों में जा छिपी
पिता सूर्य में समा गए

बचपन अब एक लुप्तप्राय जीव है
जो केवल स्मृति के अजायबघर में
पाया जाता है
वह एक खो गई उम्र है
जब क्षितिज संभावनाओं
से भरा था
-०-
पता:
सुशांत सुप्रिय
ग़ाज़ियाबाद (उत्तरप्रदेश)

-०-



सुशांत सुप्रिय जी की रचनाएं पढ़ने के लिए शीर्षक चित्र पर क्लिक करें! 

***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

Sunday, 16 August 2020

केवल झाग , बस वही (अनुदित कहानी) - सुशांत सुप्रिय


केवल झाग , बस वही
(कहानी)
—- मूल लेखक : हर्नांडो टेलेज़
—- अनुवाद : सुशांत सुप्रिय

दुकान में घुसते हुए उसने कुछ नहीं कहा । मैं अपने सबसे अच्छे उस्तरे चमोटे पर घिस रहा था । उसे पहचानते ही मैं काँपने लगा । लेकिन उसने इस ओर ग़ौर नहीं किया । अपनी भावनाओं को छिपाने की उम्मीद में मैं उस्तरों को धार देता रहा । मैंने अपने अंगूठे के मांस पर उनका परीक्षण किया , और फिर उन्हें रोशनी में देखने लगा ।
उसी पल उसने गोलियों से जड़ा अपना कमरबंद निकाल लिया जिससे उसके पिस्तौल की खोल लटकी हुई थी । उसने उसे दीवार में लगी एक कील पर टाँग दिया और अपनी फ़ौजी टोपी भी वहीं लटका दी । फिर वह मेरी ओर मुड़ा और अपनी टाई की गाँठ ढीली करता हुआ बोला , “ भयानक गर्मी है । ज़रा मेरी दाढ़ी बना दो । “ यह कहकर वह कुर्सी पर बैठ गया ।
मैंने अंदाज़ा लगाया कि उसकी दाढ़ी चार दिन पुरानी थी — हाल ही के वे चार दिन जब वे लोग हमारे सैनिकों के विरुद्ध अभियान चला रहे थे । उसका चेहरा धूप में ज़्यादा देर तक रहने की वजह से जला हुआ-सा लग रहा था । मैं ध्यान से साबुन से झाग तैयार करने लगा । मैंने साबुन के कुछ टुकड़े काट कर उन्हें एक कप में डाला और उसमें गर्म पानी डाल कर उसे ब्रश से हिलाने लगा । तत्काल झाग उठने लगा ।
“ समूह के अन्य लड़कों की दाढ़ी भी इतनी ही बढ़ गई होगी , “ उसने कहा । मैं झाग को फेंटता रहा ।
“ लेकिन हम सफल हुए , समझे ? हमने उनके प्रमुख लोगों को पकड़ लिया । कुछ को हम मुर्दा लाए , कुछ अन्य को ज़िंदा पकड़ लाए । लेकिन जल्दी ही वे सब मारे जाएँगे । “
“ आप कितने लोगों को पकड़ पाए ? “ मैंने पूछा ।
“ चौदह । हमें उन्हें पकड़ने के लिए घने जंगल में जाना पड़ा । पर हम सारा हिसाब-किताब चुका लेंगे । उनमें से कोई भी जीवित नहीं बचेगा । “
जब उसने झाग से भरा ब्रश मेरे हाथ में देखा तो उसने कुर्सी पर पीछे टेक लगा ली । मुझे अब भी उसके चारों ओर एक बड़ा कपड़ा डालना था । इसमें कोई शक नहीं था कि मैं घबराया हुआ था । मैंने एक दराज में से एक बड़ा कपड़ा निकाला और उसके गले के चारों ओर गाँठ बाँध कर वह कपड़ा उस पर डाल दिया । उसने बात करना जारी रखा । शायद उसने सोचा कि मैं उसके दल से सहानुभूति रखता हूँ ।
“ हमने जो किया उससे शहर के निवासियों को सबक़ मिला होगा । “ उसने कहा ।
“ हाँ , “ मैंने उसके गर्दन पर बँधी कपड़े की गाँठ को कसते हुए कहा ।
“ हमने बढ़िया ढंग से वह काम किया , नहीं ? “
“ बहुत बढ़िया , “ ब्रश के लिए मुड़ते हुए मैंने जवाब दिया ।
उस आदमी ने थकान का प्रदर्शन करते हुए अपनी आँखें बंद कर लीं और झाग के ठंडे स्पर्श की प्रतीक्षा करते हुए बैठा रहा । इससे पहले मैंने कभी उसे अपने इतने क़रीब नहीं पाया था । जिस दिन उसने शहर के सभी निवासियों को स्कूल के आँगन में उन चार विद्रोहियों की लाशों को देखने के लिए इकट्ठा किया था , उस दिन मैंने कुछ पल के लिए खुद को उसके सामने पाया था । पर विद्रोहियों की क्षत-विक्षत देहों के दृश्य की वजह से मैं उसके चेहरे को गौर से नहीं देख सका था । वही इस पूरे कांड का संचालक था । उसी का चेहरा अब मैं अपने हाथों में लेने वाला था ।
वाक़ई वह कोई अप्रिय चेहरा नहीं था । और वह दाढ़ी भी अशोभनीय नहीं थी , जो उसे थोड़ी बड़ी उम्र का बना रही थी । उसका नाम टौरेस था , कप्तान टौरेस ।
मैं उसके चेहरे पर झाग की पहली परत लगाने लगा । उसने अपनी आँखें बंद रखीं ।
मुझे झपकी लेने में मज़ा आएगा , “ वह बोला । “ लेकिन आज शाम के लिए बहुत सारा काम किया जाना बाक़ी है । “
मैंने ब्रश उठा कर बनावटी उदासीनता से कहा , “ क्या वह काम विद्रोहियों को गोली मारने का
है ? “
“ हाँ , उसी तरह का काम है , “ उसने उत्तर दिया । “ लेकिन थोड़ा धीमा । “
“ सबको मारना है ? “
“ नहीं , केवल कुछ को । “
मैं उसके गालों पर झाग लगाता रहा । मेरे हाथ फिर से काँपने लगे । वह आदमी इससे अनभिज्ञ
था । मेरी क़िस्मत अच्छी थी । लेकिन मैंने चाहा कि काश , वह यहाँ नहीं आया होता । शायद हमारे कई लोगों ने उसे मेरी दुकान में दाखिल होते हुए देख लिया होगा । दुश्मन मेरे घर में आया था । मैंने ज़िम्मेदारी महसूस
की ।
मुझे किसी आम नाई की तरह ही बहुत सावधानी और सफ़ाई से उसकी दाढ़ी बनानी थी , जैसे कि वह कोई अच्छा ग्राहक हो । उसके एक भी रोम-छिद्र से खून की बूँद नहीं निकलनी चाहिए । मुझे यह भी सुनिश्चित करना था कि मेरे उस्तरे की ब्लेड उसकी त्वचा के किसी भी छोटे-से गड्ढे में न फिसले । मुझे यह भी देखना था कि उसकी त्वचा मुलायम और चमकदार बनी रहे ताकि जब मैं अपने हाथ का पिछला हिस्सा उस के गाल पर फेरूँ , तो वहाँ कोई भी बचा हुआ बाल महसूस न हो । हाँ , गुप्त रूप से मैं भी एक क्रांतिकारी था , लेकिन इसके साथ ही मैं एक कर्तव्यनिष्ठ और ईमानदार नाई भी था । मुझे अपने पेशे और अपने काम करने के तरीक़े पर गर्व था और चार दिनों की बढ़ी वह दाढ़ी एक चुनौती थी ।
मैंने उस्तरा लिया , उसके ब्लेड वाले फाँक को बाहर निकाला और फिर एक ओर की कलम के नीचे अपने काम में लग गया । उस्तरा आराम से त्वचा पर चलने लगा । उसकी दाढ़ी मुलायम नहीं थी बल्कि कड़ी थी । वह ज़्यादा लम्बी नहीं थी , पर घनी थी । धीरे-धीरे साफ़ त्वचा उभरने लगी । उस्तरा किरकिराते हुए त्वचा पर आगे बढ़ता रहा । वह वैसी ही साधारण आवाज़ निकालता रहा जबकि उसके दूसरे सिरे पर झाग और बालों के गुच्छे जमा होते चले गए ।
मैं उस्तरे को साफ़ करने के लिए एक पल रुका । फिर उस्तरे को धार देने के लिए मैंने दोबारा चमोटा उठा लिया क्योंकि मैं सही ढंग से काम करने वाला नाई हूँ । उस आदमी ने अपनी बंद आँखें अब खोल लीं । उसने अपना एक हाथ बँधे हुए कपड़े के भीतर से बाहर निकाला और उसने उस जगह अपने गाल की त्वचा को अपने हाथ से महसूस किया , जहाँ से झाग अब साफ़ कर दिया गया था । फिर वह बोला , “ आज शाम छह बजे स्कूल के अहाते में आना । “
“ क्या जो उस दिन देखा था , वही देखने के लिए ? “ मैंने भयभीत होते हुए पूछा ।
“ आज का तमाशा पिछली बार से बेहतर हो सकता है , “ उसने कहा ।
“ आपकी योजना क्या करने की है ? “
“ मैं अभी नहीं जानता । लेकिन हम सब वहाँ अपना मनोरंजन करेंगे । “
एक बार फिर उसने पीछे कुर्सी पर टेक लगा कर अपनी आँखें मूँद लीं । मैं उस्तरा लेकर उसकी ओर बढ़ा ।
“ क्या आप उन सभी को सज़ा देना चाहते हैं ? “ जोखिम उठाते हुए मैंने सहम कर पूछा ।
“ हाँ , सभी को । “
साबुन का झाग उसके चेहरे पर सूख रहा था । मुझे जल्दी करनी पड़ी । आईने में मैंने गली की ओर देखा । वह पहले जैसी ही नज़र आई : पंसारी की दुकान में दो या तीन ग्राहक मौजूद थे। फिर मैंने दीवार-घड़ी पर नज़र दौड़ाई : दोपहर के दो बज कर बीस मिनट हो रहे थे । उस्तरा त्वचा पर नीचे की ओर चलता रहा । अब मैं दूसरी कलम के नीचे की ओर दाढ़ी बना रहा था । घनी , नीली दाढ़ी । उसे कुछ कवियों या पुजारियों की दाढ़ी की तरह इस दाढ़ी को बढ़ने का अवसर देना चाहिए था । वह दाढ़ी उस पर फबती । बहुत सारे लोग उसे पहचान नहीं पाते । इसमें उसका फ़ायदा ही था — मैंने गले के पास की जगह को मुलायम बनाने का प्रयास करते हुए सोचा । इस जगह पर उस्तरे को बड़ी प्रवीणता से चलाना था । हालाँकि यहाँ मुलायम बाल थे पर वे छोटे-छोटे घुँघराले गुच्छों में बदल गए थे । घने , घुँघराले बालों वाला कोई भी रोम-छिद्र खुल सकता था और उससे खून की बूँद बाहर टपक सकती थी । मेरे जैसा अच्छा नाई अपने किसी भी ग्राहक के साथ ऐसा नहीं होने देता । और यह तो विशिष्ट ग्राहक था । हममें से कितनों को इसने गोली मार देने का आदेश दे कर मरवा दिया था ? हममें से कितनों की मृत देह को इसने क्षत-विक्षत करने का आदेश दे दिया था ? बेहतर होता कि मैं यह सब नहीं सोचता । टोरेस यह नहीं जानता था कि मैं उसका शत्रु था । न उसे इस बात का पता था , न ही उसके अन्य साथी यह बात जानते थे । इस गुप्त बात के बारे में-०-
पता:
सुशांत सुप्रिय
ग़ाज़ियाबाद (उत्तरप्रदेश)

-०-



सुशांत सुप्रिय जी की रचनाएं पढ़ने के लिए शीर्षक चित्र पर क्लिक करें! 

***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

Saturday, 1 August 2020

एक उदास सिम्फ़नी (कहानी) -सुशांत सुप्रिय

एक उदास सिम्फ़नी
(कहानी)
" रात वह होती है जब तुम सोए हुए हो और तुम्हारे भीतर अँधेरा भरा हो । "
- अपनी ही डायरी में से ।
------------------------------------------------------------
आजकल मेरे लिए सारे दिन रातों जैसे हैं । भरी दुपहरी है । फिर भी चारो ओर अँधेरा है । आकाश लोहे की चादर-सा मेरे ऊपर तना है । भीतर एक अचीन्हा-सा दर्द है । बाहर एकअनाम-सी उदासी है । मेरी जेब ठंडी है । आँखों में अँधेरा है । सीने में फफोला है । दुख मेरे पैरों से लिपटा है । मेरे सिर पर बेकारी का कँटीला ताज है । बेरोज़गारी की मार मुझ परभी पड़ी है । मैं सड़क पर आ खड़ा हुआ हूँ । कहीं कोई नौकरी मुझे नहीं तलाश रही । मेरे चारो ओर एक उदास सिम्फ़नी-सा बजता हुआ यह समय है । और इस अनिश्चित समय कीउपज मैं हूँ ।

अब मैं भीड़ में अकेला हूँ । अपनों के बीच एक अजनबी हूँ । समय मुझे बिताता जा रहा है । मैं यूँ ही व्यतीत हो रहा हूँ । मेरा होना भी जैसे एक ' नहींपन ' में बदलता जा रहा है ।लगता है जैसे सारे धूसर और मटमैले रंग मेरे ही हिस्से में आ गए हैं और दिन एक बदनुमा दाग़-सा मेरे चेहरे से आ चिपका है । मेरा वर्तमान जीवन के ताल पर फैली हुई काई बनगया है । अब मेरी हर सुबह के भीतर रात की कराहें दफ़्न हैं । मेरे तन-मन में हताशा की गंध है । जैसे समय की आँत में एक फोड़ा उग आया है । जैसे एक ब्लैक-होल है , जिसमें मैंगिरता जा रहा हूँ ।

कुछ माह पहले तक मेरे पास नौकरी थी । जीवन में हरियाली थी । साथ देने के लिए मेरी प्रेमिका छवि थी । अब बीते दिनों की यादें हैं । अवसाद है । और ठंडा पसीना है । अनायासही ग़ुलाम अली की गाई हुई एक उदास ग़ज़ल याद आ जाती है -- " चमकते चाँद को टूटा हुआ तारा बना डाला ... । "

शाम के साये गहरे हो रहे हैं । मैं इंडिया गेट से कुछ दूर घास पर बैठा हूँ । एक सिगरेट मुझे कश-कश पी रही है । मेरी आँखों में बुझ चुके सूरज के कुछ उदास क़तरे जमा हैं । मेरेबगल में दुग्गल बैठा है । उसकी हालत भी मेरे जैसी ही है । हम दोनो एक ही ऑटोमोबाइल कम्पनी में काम करते थे । अब दोनो बेरोज़गार एक साथ सड़क की धूल फाँक रहे हैं ।उसे भी मेरे ही साथ कम्पनी से निकाल दिया गया । वजह बताई गई -- रिसेशन । आर्थिक मंदी , जिसने हम जैसे सैकड़ों बदक़िस्मत लोगों की नौकरियाँ लील ली हैं ।

" अब कम्पनी सरप्लस-स्टाफ़ एफ़ोर्ड नहीं कर सकती ! " कम्पनी का सपाट-सा जवाब था ।

" प्रगति मैदान में वर्ल्ड बुक फ़ेयर चल रहा है । " दुग्गल सूचना देता है । उसे भी मेरी तरह ही पढ़ने-लिखने का शौक़ है । लेकिन हम जानते हैं कि कि हमारी जेबों में किताबेंख़रीदने लायक पैसे नहीं हैं । मैं कुछ नहीं कहता हूँ । दुग्गल सूखे बीज-सी बजती हुई मेरी चुप्पी को सुनता है । फिर उसका बदरंग मौन भी मेरी उस चुप्पी में शामिल हो जाता है ।

हमारे चारो ओर शोकगीत-सा कानों में बजता हुआ झुटपुटा है । हमसे थोड़ी दूरी पर दिल्ली का ट्रैफ़िक बदस्तूर बह रहा है । दिन भर भटकने के बाद अब थकान हम पर हावी है ।कुछ देर बाद हम दोनो अपने-अपने दड़बों में लौट जाएँगे । नौकरी के लिए भटकने का यह सिलसिला न जाने कब तक जारी रहेगा । फिर से ग़ुलाम अली की गाई एक ग़ज़ल यादआ जाती है -- " ये दिल , ये पागल दिल मेरा , क्यों बुझ गया , आवारगी ... । " इसी वजह से आजकल मेरा छवि से भी मिलना-जुलना नहीं हो पा रहा है ।

साल भर पहले छब्बे भाई के दफ़्तर में पहली बार मैं तीखे नैन-नक़्श वाली एक पतली-दुबली पंजाबी लड़की से मिला था । पूछने पर पता चला कि उसका नाम छवि मिन्हास था ।छब्बे भाई आदिवासी लोगों के कल्याण के लिए एक एन.जी.ओ. चलाते हैं । छवि उसी में काम करती है । छब्बे भाई ने बताया कि उसकी रुचि साहित्य में भी थी ।

" तुमने सुरजीत पातर को पढ़ा है ? " शुरुआती बातचीत में ही छवि ने मुझसे पूछ लिया था ।

छब्बे भाई ने उसे मेरे बारे में बताया कि ये भी कविताएँ लिखता है ।

" अच्छा ! कभी मुझे भी सुनाना । " उसने कहा था ।

धीरे-धीरे हम मिलने-जुलने लगे थे । छवि को मेरी कविताएँ अच्छी लगी थीं । ख़ास करके ' यह सच है ' शीर्षक वाली मेरी यह कविता -- " रसोई के चाकू /से ले कर / परमाणु बमतक / सभी अस्त्र-शस्त्र / बेमानी हैं / प्रतिदिन हम / उपेक्षा से / एक-दूसरे की / हत्या करते हैं । "

समय बीतने के साथ-साथ हम दोनो एक-दूसरे की ओर आकर्षित होने लगे थे । कई बार छुट्टी वाले दिन छवि मुझसे मिलने लक्ष्मीनगर में मेरे किराए के मकान पर आ जाती ।कभी-कभी वह बहुत बढ़िया छोले-पूरी या राजमा-चावल बना कर मुझे खिलाती और मुझे अपनी कुकिंग का दीवाना बना लेती । या हम कभी-कभी कनॉट प्लेस में मिलते । दिल्लीदरबार या वोल्गा में लंच करते । फिर कैवेंडर से अपनी फ़ेवरिट कसाटा आइसक्रीम खाते । और जनपथ पर यूँ ही टहलते रहते । लोग पूरा बाज़ार ख़रीद कर अपनी बड़ी-बड़ी गाड़ियोंमें भरकर अपने घर ले जा रहे होते । मैं भी छवि को अक्सर कोई-न-कोई प्यारा-सा गिफ़्ट ख़रीद कर दे रहा होता । लेकिन यह सुखद दिनों की बात थी जब मेरी नौकरी नहीं छिनीथी । हम दोनो कविताओं और कहानियों के बारे में भी चर्चा किया करते । छवि आदिवासियों के कल्याण के बारे में चलाए जा रहे कार्यक्रमों के बारे में बेहद गम्भीर थी । उसकाज़्यादातर समय अपने एन. जी. ओ. के काम में ही बीतता था । बाक़ी बचे समय में हम एक-दूसरे के चेहरों में अपने लिए आइना ढूँढ़ते रहते और समय का पता ही नहीं चलता ...

" चल यार, चलते हैं । देर हो रही है । " दुग्गल मेरे कंधे पर हाथ रखकर कहता है । मैं चौंककर वर्तमान में लौट आता हूँ । अँधेरा रात के कोनों को कुतरने लगा है । हवा में ठंड कीखनक है । अपने कपड़ों को हाथ से झाड़ते हुए हम घास पर से उठ खड़े होते हैं । इत्तिफ़ाक़ से बस-स्टॉप पर पहुँचते ही मुझे लक्ष्मीनगर की बस मिल जाती है ।

" कल मिलते हैं । " मैं भीड़ में दबा हुआ अपना हाथ किसी तरह हिला कर कहता हूँ । जवाब में दुग्गल भी अपना ख़ाली हाथ मेरी ओर हिला देता है । जीवन के कैलेंडर के एक औरदिन ने मुझे ख़र्च कर लिया है । मेरी आयु में से एक और दिन कम हो गया है । " ... सीने में जलन , आँखों में तूफ़ान-सा क्यों है ? इस शहर में हर शख़्स परेशान-सा क्यों है ... ? "बस में किसी ने अपने मोबाइल फ़ोन पर एफ़. एम. रेडियो लगा दिया है । सुरेश वाडेकर की उदास आवाज़ बस में तैर रही है ...

अपने किराए के मकान पर पहुँच कर मैं बिस्तर पर निढाल हो कर गिर जाता हूँ । एक पर-कटे पंछी-सा । तभी बिस्तर पर पड़े मोबाइल फ़ोन पर मेरी नज़र जाती है । अपनामोबाइल फ़ोन मैं यहीं छोड़ गया था । उसमें छवि के दस-ग्यारह मिस्ड कॉल पड़े हैं । ज़हन में स्मृतियों की लहर झनझनाती है । लेकिन छवि से बात करने की हिम्मत नहीं है अभी। बेकारी के इन दिनों में लिखी अपनी ही एक कविता याद आती है । छवि को उसके ई-मेल ' minhas_chhavi@gmail.com ' पर अपनी वही कविता पोस्ट कर देता हूँ । कविताका शीर्षक है : ' डर ' -- " तुम डरती हो / तेज़ाबी बारिश से / ओज़ोन-छिद्र से / मैं डरता हूँ / उपेक्षा की नज़रों से / अलगाव की टीस से / तुम डरती हो / रासायनिक हथियारों से /परमाणु बमों से / मैं डरता हूँ / बदनीयती के रिश्तों से / धोखे के सर्प-दंशों से / तुम डरती हो / एड्स से / कैंसर से / मृत्यु से / मैं डरता हूँ / उन पलों से / जब जीवित होते हुए भी / मेरेभीतर कहीं कुछ / मर जाता है " ।

छवि को अपनी कविता भेज कर मैं आँखें मूँद लेता हूँ । दो मिनट बाद ही मेरे ई-मेल पर छवि का जवाब आ जाता है -- " कहाँ हो तुम इन दिनों ? कल मिलो । और हाँ, ग्रेट पोएम ।इसीलिए तो मैं तुम्हारी फ़ैन हूँ , मेरे पोएट-फिलॉस्फ़र ! लव यू । बाय ! "

मोबाइल फ़ोन रखकर सोने की अधमरी कोशिश करता हूँ किंतु कानों में कई स्वर बजने लगते हैं --

" डोंट यू थिंक , यू आर टू ओल्ड नाउ फ़ॉर अ गवमेंट जॉब ? "

" आप अपनी कम्पनी के लिए काम के नहीं होंगे तभी तो उन्होंने आप को नौकरी से निकाल दिया ! फिर हम आप को अपनी कंपनी में क्यों रखें ? "

" मिस्टर प्रशांत , यू आर ओवर-क्वालिफ़ाइड फ़ॉर दिस जॉब । सॉरी "...

नींद आँखों के लिए अजनबी बनी रहती है । और तब केवल छवि की यादों का ही सहारा बचता है । ज़हन में बीते हुए दिनों की फ़िल्म चलने लगती है ...

अलगनी पर फैले धुले कपड़े-सी थी वह सुबह । उस दिन जब छवि घर आई तो हम दोनो एक मद्धिम आँच में जल रहे थे । अपने-अपने अक्षत कुँवारेपन में दहकते हुए । दो पावनतन-मन एक-दूसरे को ब्रेल लिपि में लिखी अपनी प्रिय किताब-सा उँगलियों से पूरा पढ़ लेने को बेताब थे । हमारा पहला चुम्बन जादुई था । हमारा पहला मिलन तिलिस्मी । उसस्पर्श से हमारे तन-मन में हज़ारों सूरजमुखी खिल उठे थे । उसके बाद तो हर बार हम एक नई भाषा और नए शिल्प में अपने मिलन की कथा लिखते थे । हम एक-दूसरे को जितनाअधिक पीते थे , हमारी प्यास उतनी ही बढ़ती जाती थी ।

कभी वह शहद-सी होती , कभी चाशनी-सी , कभी गुड़-सी , कभी गन्ने-सी , कभी खोए-सी , कभी मलाई-सी । कभी वह पायल की झंकार-सी होती , कभी पियानो-सी , कभीवायलिन-सी , कभी माउथ-ऑर्गन-सी , कभी जलतरंग-सी । कभी वह भोर-सी होती , कभी गोधूलि-सी , कभी शिखर-दुपहरी-सी , कभी गुलज़ार रात-सी । कभी वह शोलों-सी होती ,कभी शबनम-सी , कभी सरगम-सी , कभी मधुबन-सी ।

हम जितना अधिक एक -दूसरे में डूबते जाते , उतने ही अच्छे तैराक बनते जाते । हमारा तन-मन एक मीठे दर्द से भर जाता । तब उसकी आँखों में उतर आए आकाश का रंग गहरानीला हो जाता और मेरी आँखों में हहराता समन्दर शीशे-सा पारदर्शी लगने लगता । तब धरती की हरियाली ज़रा और बढ़ जाती और क्षितिज हमसे बस दो क़दम दूर लगता । तबदिन भर गुनगुनाते रहने का मन करता और रात की देह पर गिरी ओस की बूँदें मोतियों-सी चमकतीं । तब हमारे भीतर वसंत की ख़ुशबुएँ महकने लगतीं और एक-दूसरे के भीतरटहलते हुए हम जागती आँखों से सपने देख रहे होते ...

हमने तय कर लिया था कि कुछ महीने बाद हम शादी कर लेंगे । हालाँकि हम दोनो के घरवालों ने इस रिश्ते को ले कर ज़्यादा उत्साह नहीं दिखाया था । लेकिन अब मेरी बेकारी कीख़बर को वे किस तरह लेंगे ? और छवि क्या सोचेगी जब उसे पता चलेगा कि मेरी नौकरी अब नहीं रही ? " एक तो चेहरा , ऐसा हो , मेरे लिए जो सजता हो ...। " ग़ुलाम अली कीगाई हुई एक और ग़ज़ल याद आ जाती है । क्या छवि एक बेकार , बेरोज़गार से भी प्यार करेगी ?

आज नींद आँखों के लिए अजनबी बनी हुई है । बिस्तर पर लेटे-लेटे कुछ अजीब-से विचार मन में आने लगते हैं ...

जान, यदि सम्भव होता तो एक दिन मैं तुम्हारे मोबाइल फ़ोन में समा जाता । तुम्हारे कोमल हाथों में रहता । तुम्हारी सुगंधित साँसों के पास आ जाता । तुम्हारे जाने बिनातुम्हारे बालों की लटें सहला जाता । मोबाइल से निकल कर चुपके से तुम्हारे रसीले होठों को चूमता और दोबारा मोबाइल में चला जाता । तुम चौंक जाती । अपने आस-पास मेरीजानी-पहचानी ख़ुशबू पाती । लेकिन मैं तुम्हें कहीं नहीं दिखता । तुम थोड़ा हैरान-परेशान हो जाती । और जब तुम थक जाती , मैं किसी प्यारे रिंग-टोन-सा बजने लगता तुम्हारेआस-पास । तुम उस रिंग-टोन में बजती मेरी आवाज़ को पहचान कर विकल हो जाती । मुझे अपने चारो ओर ढूँढ़ती पर कहीं नहीं पाती क्योंकि ठीक तभी तुम्हारे मोबाइल केभीतर बैठा मैं तुम्हारे ' सर्विस-प्रोवाइडर ‘ से मिलने चला जाता ।

जान , यदि यह सम्भव होता तो एक दिन मैं तुम्हारी स्मृति की इमारत में चुपचाप प्रवेश कर जाता । वहाँ बेड-रूम में गद्दे पर मेरा धड़ आराम फ़रमाता । ड्राइंग-रूम में मेरी आँखेंतुम्हारे प्रेम-पत्र पढ़ रही होतीं । रसोई में मेरे हाथ तुम्हारे लिए चाय-नाश्ता बना रहे होते । जूतों में पड़े मेरे पैर पास पड़ी तुम्हारी चप्पलों से गुटर-गूँ कर रहे होते ।

उधर मुझे ढूँढ़ते-ढूँढ़ते तुम मेरे किराए के मकान पर चली जाती । दरवाज़े के पास मेरे पैरों के निशान पड़े होते । विकल हो कर तुम मुझे उन निशानों में ढूँढ़ती , पर मुझे वहाँ नहींपाती । तुम्हारे पास मेरे मकान की दूसरी चाबी है । तुम भीतर आ जातीं । स्टडी-टेबल पर पड़ी क़लम में मेरी उँगलियों की ख़ुशबू होती । तुम मुझे उस ख़ुशबू में ढूँढ़ती , पर मुझेवहाँ नहीं पाती । शेल्फ़ पर पड़ी डायरी में मेरे ज़हन के विचार पड़े होते । तुम मुझे उन विचारों में भी ढूँढ़ती , पर मैं वहाँ भी नहीं होता । तब मैं चिल्ला कर कहता -- " जानू , इससमय मैं तुम्हारी स्मृतियों में बैठा हूँ । " लेकिन तुम्हें मेरी आवाज़ नहीं सुनाई देती । तुम मुझे फ़ोन लगाती पर उस रूट की सभी लाइनें व्यस्त पाती ...

मेज़ पर पड़ा आज का अख़बार उठा लेता हूँ । हेडलाइन्स चीख़-चीख़ कर बता रहे हैं : देश के हर कोने में किसान आत्म-हत्या कर हैं । ' काउ ब्रिगेड ' के धर्मांध गायों के बहाने दलितोंऔर मुसलमानों के विरुद्ध दंगे भड़का रहे हैं । महँगाई लगातार बढ़ती जा रही है । आर्थिक मंदी की वजह से ऑटोमोबाइल जैसे देश के कई सेक्टरों का बुरा हाल है । ग़रीबों की हालतऔर बदतर होती जा रही है जबकि अमीर और अमीर होते जा रहे हैं । बेकार और बेरोज़गार युवा जंतर-मंतर पर धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं । सी.ए.ए. और एन.आर.सी. जैसे क़ानूनों ने देश में आग लगा दी है । इनके ख़िलाफ़ प्रदर्शन हो रहे हैं । हर शहर में शाहीन बाग जैसा प्रतिरोध हो रहा है । ऐसे में सोचता हूँ -- कल जब छवि को पता चलेगा कि मेरी नौकरी अबनहीं रही , कि मेरी जेब में खाने लायक पैसे भी नहीं बचे हैं , क्या वह तब भी मुझसे पहले जैसा प्यार करती रहेगी ?

आज नींद नहीं आ रही । रिश्तों की नीली झील में संशय के काले बगुले आ गए हैं । बेचैनी एक भारी शिला-सी सीने पर आ बैठी है । जब रहा नहीं जाता तो बिस्तर से उठकरबीथोवन का कोई ' सोनाटा ' लगा लेता हूँ । रात एक उदास सिम्फ़नी-सी कानों में बजने लगती है । एक धूसर उदासी मेरी शिराओं और धमनियों में घुलती चली जाती है । देह कीसभी कोशिकाएँ अवसाद से भर जाती हैं और जीभ पर फटे हुए दूध-सी इस उदास काली रात के क़तरे जमते चले जाते हैं । अपनी डायरी निकाल लेता हूँ और क़लम ख़ुद-ब-ख़ुदचलने लगती है --

" बीहड़ रातों में जब तुम्हारा सिर फटने लगे , जब यह जीवन तुम्हें
बंजर लगने लगे , जब ख़ुशी एक अंतहीन प्रतीक्षा बन जाए , जब
अपना वजूद तुम्हें एक यातना-शिविर लगने लगे , जब पूर्णिमा का
चाँद भी तुम्हें छटपटाता हुआ लगे , तब समझो -- तुम गए काम से ।
अब तुम्हारी कोई सुबह नहीं । यदि सुबह हो भी गई तो उसमें कोई
प्रकाश नहीं । यदि प्रकाश हो भी गया तो कहीं कोई चिड़िया नहीं ,
यदि चिड़ियाँ आ भी गईं तो तो वहाँ कोई चहचहाहट नहीं , क्योंकि
उन चिड़ियों के पंख ही नहीं । बिना परों और परवाज़ वाली चिड़ियाँ
भला कौन से गीत गाएँगी ? उनके जीवन में चहचहाने लायक बचा
ही क्या होगा ? "
-०-
पता:
सुशांत सुप्रिय
ग़ाज़ियाबाद (उत्तरप्रदेश)

-०-



सुशांत सुप्रिय जी की रचनाएं पढ़ने के लिए शीर्षक चित्र पर क्लिक करें! 

***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

सृजन रचानाएँ

गद्य सृजन शिल्पी - नवंबर २०२०

गद्य सृजन शिल्पी - नवंबर २०२०
हार्दिक बधाई !!!

पद्य सृजन शिल्पी - नवंबर २०२०

पद्य सृजन शिल्पी - नवंबर २०२०
हार्दिक बधाई !!!

सृजन महोत्सव के संपादक सम्मानित

सृजन महोत्सव के संपादक सम्मानित
हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ