*** हिंदी प्रचार-प्रसार एवं सभी रचनाकर्मियों को समर्पित 'सृजन महोत्सव' चिट्ठे पर आप सभी हिंदी प्रेमियों का हार्दिक-हार्दिक स्वागत !!! संपादक:राजकुमार जैन'राजन'- 9828219919 और मच्छिंद्र भिसे- 9730491952 ***
Showing posts sorted by date for query अशोक 'आनन'. Sort by relevance Show all posts
Showing posts sorted by date for query अशोक 'आनन'. Sort by relevance Show all posts

Thursday, 31 December 2020

यादों के कैनवास ! (कविता) - अशोक 'आनन'

 

 यादों के कैनवास ! 
(कविता)
आप  क्यों इतने उदास हैं ।
दूर होकर भी हम पास हैं ।

खोलके देखिए खिड़कियां ;
फैला हर तरफ उजास है ।

हिचकियों की हैं कुंचियां ;
यादों के अब कैनवास हैं ।

पतझड़ों के घरों में अब ;
खुशियों के मधुमास  हैं ।

अंखियों के गांवों में अब ;
सपनों के अमलतास हैं ।

शब्दों  के  हैं रोज़  रोज़े ;
चिट्ठियों के  उपवास हैं ।

सुखों का है राज तिलक ;
दु: ख़ों  को  वनवास  है ।

खराब वक़्त गुज़र गया -
घरों में हास - परिहास है ।

सूखे को भी अब ' आनन ' ;
सावन - भादौ की आस है ।
-०-
पता:
अशोक 'आनन'
शाजापुर (मध्यप्रदेश)




अशोक 'आनन' जी  की रचनाएं पढ़ने के लिए शीर्षक चित्र पर क्लिक करें! 

***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

Wednesday, 30 September 2020

अंतरंगता (नवगीत) - अशोक 'आनन'

अंतरंगता
(नवगीत)
माचिसों से
बारूदों की अंतरंगता -
ठीक नहीं लगती ।

          समंदर सद्भाव का
          अब लावे - सा -
          उबल रहा ।
          मौसम मुस्कानों का
          मशीनगनों को  -
          मचल रहा ।

शोलों से
हवाओं की अंतरंगता -
ठीक नहीं लगती ।

         सद्मावना के दीये भी
         बुझकर -
         उगलने लगे धुआं ।
         आदमी को
         ज़िंदगी लगने लगी -
         मौत का कुआं ।

आंखों से
तिनकों की अंतरंगता -
ठीक नहीं लगती ।

         सुबह से
         दिखते हैं रोज़  -
         वही घृणित चेहरे ।
         अफ़सोस ! जिन्हें
         कर सके न नमन -
         बहुतेरे ।

वसंत से
कौओं की अंतरंगता -
ठीक नहीं लगती ।
-०-
पता:
अशोक 'आनन'
शाजापुर (मध्यप्रदेश)




अशोक 'आनन' जी  की रचनाएं पढ़ने के लिए शीर्षक चित्र पर क्लिक करें! 

***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

Monday, 31 August 2020

बहुत मुश्किल से मिलते हैं दोस्त ...... ! (कविता) - अशोक 'आनन'

बहुत मुश्किल से मिलते हैं दोस्त ...... !
( कविता )
बहुत  मुश्किल  से मिलते हैं दोस्त ज़माने में ।
सदियां  लग  जाती  हैं  उन्हें  आज़माने   में ।

पेड़  अपने  आंगन  के  तुम जो काट रहे हो -
लहू  अपना  सींचा  है हमने उन्हें पनपाने में ।

तूफां  में  हमने  जिन्हें   डूबने   से   बचाया -
उन्हें पल  भी  न लगा यारों ! हमें  डुबाने में ।

फूलों को खुशबुओं का साथ क्या मिल गया  -
बाग ने की न ज़रा देर बागवां को भुलाने में ।

झोपड़ियों से थी नफ़रत जिन आसमानों को -
उन  पर  वे  ही  लगे  हैं बिजलियाॅं गिराने में ।

व्यर्थ हैं वे गीत जो किसी का दिल न छू सकें  -
फूटना  है  कान  ही अब  उन्हें  गुनगुनाने में ।

पेट  में  जो  अंगारे  भड़क  रहे   हैं ' आनन ' -
समन्दर भी कम पड़ जाएंगे  उन्हें बुझाने में ।
-०-
पता:
अशोक 'आनन'
शाजापुर (मध्यप्रदेश)




अशोक 'आनन' जी  की रचनाएं पढ़ने के लिए शीर्षक चित्र पर क्लिक करें! 

***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

Saturday, 15 August 2020

मन हिन्दुस्तान बना दें ! (कविता) - अशोक 'आनन'


मन हिन्दुस्तान बना दें !
( कविता )
आदम   को   इंसान   बना   दें ।
तन - मन  हिन्दुस्तान  बना  दें ।

शकुन्तलाएं अब  बनकर मांएं  -
वीर भरत - सी संतान बना दें ।

वीरों  की  जहाॅं  जलें   चिताएं  -
तीरथ , वो  श्मशान   बना  दें ।

द्वार  जिसके  खुले  हों सबको   -
दिल  को  हिन्दुस्तान  बना  दें ।

प्रेम की सुबह जो लाए जग में -
भारत को वो दिनमान बना दें ।

सत्य ,  अहिंसा और  धर्म  को  -
मानव   का   ईमान   बना   दें ।

प्रात : बाइबिल , दुपहर गीता -
शाम हर  हम  क़ुरान  बना दें ।

तन गोकुल , वृंदावन बनाकर -
हम मन  को रसखान बना दें ।
-०-
पता:
अशोक 'आनन'
शाजापुर (मध्यप्रदेश)




अशोक 'आनन' जी  की रचनाएं पढ़ने के लिए शीर्षक चित्र पर क्लिक करें! 

***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

Sunday, 3 May 2020

लौट आई गर्मिया ( कविता ) - अशोक 'आनन'


लौट आई गर्मिया
( कविता )
लौट आईं
आग लगीं -
ये गर्मियां फिर से ।

पंख
गर्म हवाओं के -
निकल आए ।
सूरज ने
लू के अलाव -
जलाए ।

आंखों में
धूल झोंक रहीं -
ये आंधियां फिर से ।

पानीदार नदियों के
अब -
कंठ सुखाने ।
मिट गए
पानी के -
वंश और घराने ।

धरती कराह रही
फटीं -
ये बिवाइयां फिर से ।

दिखें न अब
कहीं -
छांव की गौरैया ।
बे- लगाम हुआ
अब -
मौसम का कन्हैया ।

छुट्टियों की
दाख़िल हुईं -
ये अर्ज़ियां फिर से ।
-०-
पता:
अशोक 'आनन'
शाजापुर (म.प्र.)

-०-




***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

Saturday, 18 April 2020

आओ, ऐसे दीप जलाएँ (कविता) - अशोक 'आनन'


आओ, ऐसे दीप जलाएँ 
(कविता)
आओ , ऐसे दीप जलाएं -
पी जो जाएं उर का तम ।

माटी के दीयों के बदले -
उर में प्रेम के दीप जलाएं ।
तम को गले लगाकर हम -
आओ , दीप - पर्व मनाएं ।

दर पर उनके दीप जलाएं -
छाया हो जहां गहरा तम ।

सड़कों पर ही बुझ न जाएं -
टिमटिमाकर जीवन - दीप ।
पानी जैसे इस जीवन को -
अमूल्य बना दें बनकर सीप ।

अपनी रोटी उन्हें खिलाएं -
भूख़ से तोड़ रहे जो दम ।

कैद करके रखी जिन्होंने -
रोशनी अपने महलों में ।
कुचल रहे हैं जो पैरों से -
नाज़ुक कलियां चकलों में ।

तनिक तरस न उन पर खाएं -
बनें दरिंदे जो पीकर रम ।
-०-
पता:
अशोक 'आनन'
शाजापुर (म.प्र.)

-०-




***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

Friday, 3 April 2020

शांति की सत्ता ! (कविता) - अशोक 'आनन'


शांति की सत्ता !
( कविता )
न कहीं दंगा , न कहीं फ़साद है ।
हर तरफ शांति की सत्ता आबाद है ।

देखा नहीं कभी ऐसा मरघटी सन्नाटा -
सभी बंद हैं घरों में , नहीं कोई आज़ाद है ।

लोग खिड़कियों से झांक रहे हैं कुछ ऐसे -
मानों द्वार की उन्हें नहीं कुछ याद है ।

दूरियां दिलों की जो पाटी थी आदमी ने -
नज़दीकियां आज वे हो गईं बर्बाद हैं ।

आदमी को शक़ की नज़र से देखता आदमी -
संकट में हर मां - बाप , संकट में औलाद है ।

सन्नाटा पसरा है हर गांव , गली , शहर में -
आदमी से आदमी का आज बंद संवाद है ।

वक़्त ही कुछ ऐसा ज़ालिम आज ये आया -
फ़िज़ूल उसके सामने आज हर विवाद है ।

पीड़ा आज यह सह रही है जो ये मानवता -
इस पीड़ा का कहीं नहीं कोई अनुवाद है ।

प्रभु की जो सेवा , की है जो आराधना -
उसी पूजा का समझ लो यह प्रसाद है ।

मिल - जुलकर सामना कर हम दिखाएंगे -
भारत विश्व में इसका एक अपवाद है ।
-०-
पता:
अशोक 'आनन'
शाजापुर (म.प्र.)

-०-




***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

Wednesday, 11 March 2020

खुशबू की सौगात (दोहे) अशोक 'आनन'


खुशबू की सौगात
( मधुमास के दोहे)
शाल पलाशी ओढ़कर , गद -गद हुआ पलाश ।
अभिनंदन कर ठूंठ का , धन्य हुआ मधुमास ।

झांके घूंघट ओट से , हौले से कचनार ।
भंवरे करते प्यार से , चुंबन की बौछार ।

चुनर ओढ़कर जयपुरी , नाचे सरसों आज ।
देख अदाएं मदभरी , मौसम करता नाज़ ।

दस्तक देतीं तितलियां , फूलों के अब द्वार ।
करें फूल से तितलियां , बाहों में भर प्यार ।

मधुमास ने फूलों के , चूम - चूमकर गात ।
फिर उन्हें दी प्यार से , खुशबू की सौगात ।

सरसों , चंपक , ढाक के , संग फूला कचनार ।
सेमल , अलसी , केशिया , केथ करें श्रृंगार ।

बैठ आम की शाख पर , कोयल कुहके रोज़ ।
रानी बनकर बाग की , करें बाग में मौज ।
-०-
पता:
अशोक 'आनन'
शाजापुर (म.प्र.)

-०-




***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

Sunday, 23 February 2020

कुहासा (मुक्तक) - अशोक 'आनन'


कुहासा
(मुक्तक)
तना धरा पर -
घना कुहासा ।
       नयनों -
       मोतियाबिंद हुआ है ।
       समक्ष सभी के -
       बस धुआं है ।
दिखे आंख से -
नहीं ज़रा - सा ।
       सड़क बीच -
       जो लाश पड़ी है ।
       रात उसी पर -
       बर्फ गिरी है ।
बचपन कांपे -
आज फुहा - सा ।
       जिनके तन पर -
       मफ़लर - जर्सी ।
       उनके ताने -
       सुनती सर्दी ।

मौसम पाज़ी -

आज मुआ - सा ।
-०-
पता:
अशोक 'आनन'
शाजापुर (म.प्र.)

-०-




***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

Wednesday, 19 February 2020

बर्फ के बिछौने ! (मुक्तक) - अशोक 'आनन'


बर्फ के बिछौने !
(मुक्तक)
बिछ गए
फिर से -
बर्फ - बिछौने ।
सूरज -
रीस गया फिर
धरा से ।
पड़ा जो
धुंध में -
मुंह छुपाके ।
झरे
कपोत के फिर -
पंख सलौने ।
हवा रेशमी
पांव-
बांध पायल ।
रुनझुन से
करती -
तन - मन घायल ।
हरित चुनर
और -
शबनमी खिलौने ।
पहन
धूप के -
मफ़लर - स्वेटर ।
खपरैल कांपे -
थर - थर , थर - थर ।
रात ताड़ - सी
ये दिन हैं -
बौने ।
पेड़
बर्फ की -
चादर ओढ़े ।
सर्द हवा के
दिन - रात झेले -
 कौड़े ।
भरें कुलांचें
अब -
धूपई छौने ।
-०-
पता:
अशोक 'आनन'
शाजापुर (म.प्र.)

-०-




***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

Sunday, 26 January 2020

आह्वान (कविता) - अशोक 'आनन'




आह्वान
(कविता)
मिला है , न कुछ मिलेगा , तुम्हें देश बंद से ।
मौज़ूद हैं कुछ लोग आज भी जयचंद - से ।

उद्देश्य है बंद तो तुम ख़ून बंद करो ।
लूटमार , भ्रष्टाचार , तुम दहेज़ बंद करो ।
खंड - खंड करना चाहते हैं जो देश को -
सोचना ये उनका आज तुम बंद करो ।
बाग में तुम आज कुछ ऐसे फूल से खिलो -
महक उठे देश फिर केसरिया गंध - से ।

देश के विकास में आज अवरोध जो बना ।
पसरा है आज अंधेरा चहुंओर जो घना ।
दिनमान को उठाकर कंधों पर आज तुम -
साकार कर दो उजाले का तुम हर सपना ।

विश्व में आज तुम आदर्श कुछ ऐसे बनो -
सीख सारा विश्व सीखें आज फिर हिन्द से ।

जाति , भाषा भिन्न चाहे हमारा धर्म हो ।
प्रेम बसा हो जिसमें ऐसा हमारा मर्म हो ।
भला हो जिससे दुनिया में आज मानव का -
ऐसे ही हमारे दुनिया में नेक कर्म हों ।

एक साथ , एक सुर में , गाएं हम एक हैं -
पंजाब से , असम से , गाएं हम बंग से ।
-०-
पता:
अशोक 'आनन'
शाजापुर (म.प्र.)

-०-




***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

Thursday, 23 January 2020

अशोक आनन के हाइकु (हाइकु) - अशोक आनन


अशोक आनन के हाइकु
(हाइकु)
पेट पे लात 
मारकर वे बोले - 
शुभ -प्रभात । 
***** 
पूछो न प्यारे 
कोल्हू के बैलों जैसे - 
हाल हमारे । 
***** 
पेट ने किया - 
उम्र भर लाचार । 
जीवन - सार । 
***** 
पेट न होता 
शब्दकोश में शब्द - 
' भूख़ ' न होता । 
***** 
नाचतीं रहीं - 
तवे पर रोटियां । 
पेट के लिए । 
***** 
आंख न लगी - 
लौट गए सपने । 
पेट था खाली । 
***** 
मत देखिए- 
भूखे मर जाओगे ‌। 
रोटी में धर्म । 
***** 
पेट के ठीए । 
भूख के , भूख द्वारा 
भूख के लिए । 
***** 
रांधती रही - 
भूख सारी उमर । 
पेट न भरा ।
-०-
पता:
अशोक 'आनन'
शाजापुर (म.प्र.)

-०-




***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

Wednesday, 8 January 2020

नववर्ष (गीत) - अशोक 'आनन'

नववर्ष
(गीत)
नवजात शिशु - सा 
चंचल - चपल 
सुकुमार 
नव - वर्ष !
शरद शशि - सा 
नवल - धवल 
तमहार
नव-वर्ष !
हृदय प्रिय मां - सा 
सरल - तरल 
मनुहार
नव - वर्ष !
राम - कृष्ण - सा
अजर - अमर 
अवतार
नव - वर्ष !
-०-
पता:
अशोक 'आनन'
शाजापुर (म.प्र.)

-०-




***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

Wednesday, 18 December 2019

अशोक आनन के हाइकु (हाइकु) - अशोक 'आनन'


अशोक आनन के हाइकु
(हाइकु)
भींगी पलकें
कुलबुलाती आंतें
आम आदमी ।
*****
देख घटाएं 
थर - थर कांपते
घर माटी के ।
*****
नहीं चीन्हते
देहरी- दरवाजे 
बीच दीवारें ।

****
रात सर्दीली
हाथ - पांव रजाई 
घर स्वप्न 
*****
आंखें सावन
ये ज़माना है रेत
पेट सिगड़ी ।
*****
प्रयास व्यर्थ
बिखरना नियति
जीवन पारा ।
*****
नभ रजाई
फुटपाथ गुदड़ी
जीवन पौष ।
*****
नभ सितारे
नून , तेल , लकड़ी
ग़रीब बौने ।
*****
चुभें गले में
पीड़ा असहनीय
संबंध फांस ।
-०-
पता:
अशोक 'आनन'
शाजापुर (म.प्र.)

-०-




***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

Wednesday, 27 November 2019

अशोक आनन के हाइकु (हाइकु) - अशोक आनन


अशोक आनन के हाइकु
(हाइकु)

पेट पे लात
मारकर वे बोले -
शुभ -प्रभात ।
*****
पूछो न प्यारे
कोल्हू के बैलों जैसे -
हाल हमारे ।
‌‌ *****
पेट ने किया -
उम्र भर लाचार ।
जीवन - सार ।
*****
पेट न होता
शब्दकोश में शब्द -
'भूख़' न होता ।
*****
नाचतीं रहीं -
तवे पर रोटियां ।
पेट के लिए ।
*****
आंख न लगी -
लौट गए सपने ।
पेट था खाली ।
*****
मत देखिए-
भूखे मर जाओगे ‌।
रोटी में धर्म ।
*****
पेट के ठीए ।
भूख के , भूख द्वारा
भूख के लिए ।
*****
रांधती रही -
भूख सारी उमर ।
पेट न भरा ।
-०-
पता:
अशोक 'आनन'
शाजापुर (म.प्र.)

-०-




***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

Wednesday, 13 November 2019

दिन बादल वाले (नवगीत) - अशोक 'आनन'


दिन बादल वाले
(नवगीत)
अशोक 'आनन' 
लौट चले -
दिन बादल वाले ।
मचा तबाही -
जाने आतुर
पावस का -
वे देकर नासूर ।
मोड़ चले मुहं -
बादल काले ।
खूब किया -
बूंदों ने तांडव ।
प्रीत के -
जिनमें डूबे मांडव ।
फोड़ चले सब -
बादल छाले ।
नदियां तक -
पानी में डूबी ।
धरती तक -
पानी से ऊबी ।
तोड़ चले मन -
बादल साले ।
बादल की -
अपनी शर्तै हैं ।
मन में -
पर्तें -दर -पर्तें हैं ।
खूब चलें अब -
बादल चालें ।
-०-
पता:
अशोक 'आनन'
शाजापुर (म.प्र.)

-०-


***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

सृजन रचानाएँ

गद्य सृजन शिल्पी - नवंबर २०२०

गद्य सृजन शिल्पी - नवंबर २०२०
हार्दिक बधाई !!!

पद्य सृजन शिल्पी - नवंबर २०२०

पद्य सृजन शिल्पी - नवंबर २०२०
हार्दिक बधाई !!!

सृजन महोत्सव के संपादक सम्मानित

सृजन महोत्सव के संपादक सम्मानित
हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ