*** हिंदी प्रचार-प्रसार एवं सभी रचनाकर्मियों को समर्पित 'सृजन महोत्सव' चिट्ठे पर आप सभी हिंदी प्रेमियों का हार्दिक-हार्दिक स्वागत !!! संपादक:राजकुमार जैन'राजन'- 9828219919 और मच्छिंद्र भिसे- 9730491952 ***
Showing posts sorted by date for query अख्तर अली शाह 'अनन्त'. Sort by relevance Show all posts
Showing posts sorted by date for query अख्तर अली शाह 'अनन्त'. Sort by relevance Show all posts

Thursday, 31 December 2020

सुख के नगमे ही गए हैं (कविता) - अख्तर अली शाह 'अनन्त'

  

सुख के नगमे ही गए हैं
(कविता)
जीवन लक्ष्य रखा आंखों में हमने बस, 
इसीलिए सुख  के  नगमे  ही  गाए  हैं। 
*****
वक्त चाल से अपनी  ही चलता हरपल, 
हमको तो बस अपने  फर्ज  निभाने थे। 
जैसा आया  मौसम  भोग  लिया हमने, 
आलस   ने   पर   ढूंढे  कई  बहाने  थे।। 
अपने मन का होतो सुख नाहो तो दुख, 
मन पर अंकुश  ने ही  सुख  बरसाए हैं। 
जीवन लक्ष्य रखा आंखों  में हमने बस, 
इसीलिए  सुख  के   नग्में   ही  गए  हैं।। 
*****
अलविदा बीस, इक्कीस  विदाई देता है,
नहीं शिकायत तुमसे तुम  इतिहास बने। 
याद   करेंगे    लोग   तुम्हें   ना  भूलेंगे, 
वे सारे  तुम जिनके  खातिर खास बने।। 
कुछ व्यक्ति भगवान बने  जीवन देकर, 
कुछ  ने  सेवा कर  जीवन  उजलाए हैं। 
जीवन लक्ष्य रखा आंखों में हमने बस, 
इसीलिए  सुख  के  नगमे  ही  गए  हैं।। 
*****
घर में  रहकर  जीने  का आनंद लिया, 
छोड़ी भागम भाग  तो  राहत  पाई  है। 
काम "अनंत" दूसरों के आए  तब  ही, 
दूर    गई   दुखदर्दो   की   परछाई  है।। 
जनहित सेजो भटकगए रहबर अपने, 
सदमें ,ऐसो  ने   ही   बहुत   उठाएं हैं। 
जीवन लक्ष्य रखा आंखोंमें हमने बस, 
इसलिए सुख  के  नग्में   ही  गाए  हैं।।
-0-
अख्तर अली शाह 'अनन्त'
नीमच (मध्यप्रदेश)
-०-

***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें
 

Monday, 21 December 2020

अपराधी कहलाएँगे (कविता) - अख्तर अली शाह 'अनन्त'

 

अपराधी कहलाएँगे
(कविता)
अगर नहीं अब भी जागे हम ,
जख्मी तन मन पाएंगे ।
दुनिया वालों की नजरों में ,
अपराधी कहलाएगें।।
 
जब तक अंकुश नहीं लगेगा,
सत्ता की मनमानी पर ।
जब तक अज्ञानी नेता बन,
रोब कसेंगे ज्ञानी पर।। 
जब तक अंधे यहां अकल के,
चीरहरण करवाएंगे।
जब तक विद्या मंदिर में,
मधुघट छलकाए जाएंगे।। 
तब तक गम के बादल ही ,
शोले बरसाने आएंगे।
दुनिया वालों की नजरों में ,
अपराधी कहलाएंगे ।।

मेहनत से मुक्ति देकर ,
आलस को पनपाया हमने।
श्वेद बहाना भूल गए हम,
फोकट का खाया हमने ।।
बिना नींव के बांध बनाए ,
बिना सोच सड़कें रेलें।
मनमाने आदेश सुनाए ,
जनता के हित से खेले ।।
क्रांति उठेगी जब घर घर से ,
शौले कौन बुझाएंगे।
दुनिया वालों की नजरों में,
अपराधी  कहलाएगें।। 

शिक्षा देने वाले ही जब,
दर दर ठोकर खाएंगे।
आविष्कार कहाँ होंगे तब ,
कौन तरक्की लाएंगे।।
सोच अगर सेवा की होगी नहीं,
कौन तब तारेगा।
अशिक्षित अंधी जनता को ,
सागर पार उतारेगा।।
क्षमताओं की खुले आम ,
जब यूं होली जलवाएगें।
दुनिया वालों की नजरों में ,
अपराधी कहलाएंगे ।।

आरक्षण बेशक हो लेकिन ,
पैमानों को बदले हम।
जो गरीब तबके हैं उनकी,
भी सुध लें तो संभलें हम ।।
अगडों को पिछड़ों को करके ,
एक मिटा दें भेद सभी ।
छुआ छूत के जितने दानव हैं,
हो जाएं कैद सभी ।।
समरसता को जन जीवन में ,
अगर नहीं फैलाएंगे।
दुनिया वालों की नजरों में ,
अपराधी कहलाएंगे।।
 
न्याय चाहने वालों को ,
अन्याय मिले क्या अच्छा है ।
क्या उसका अधिकार नहीं,
जो चुप है सीधा सच्चा है।। 
जिसके वंशज रहे दूर ,
सीमा पर पहरेदार बने।
जिसके वंशज वक्त पड़ा तो ,
धन देकर सरदार बने ।।
जब तक ऐसे हकदारों के ,
हक लोगों झुठलाएगें।
दुनिया वालों की नजरों में ,
अपराधी कहलाएगें।।
-0-
अख्तर अली शाह 'अनन्त'
नीमच (मध्यप्रदेश)
-०-

***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें
 

Monday, 16 November 2020

घर घर दीप जलाएं हम (कविता) - अख्तर अली शाह 'अनन्त'


घर घर दीप जलाएं हम
(कविता)

*******
ज्योतिर्मय जग कर दें तो सुख पाएं हम।
आओ मिलकर घर घर दीप जलाएं हम।।
******
दीप   जलाएं    मेटें   मिलकर  अंधियारे ,
रोशन  कर   दें  अवनी अम्बर  हम  सारे।
ये  त्यौहार  नहीं   है   सिर्फ  अकेले  का,
याद उन्हें  भी  रक्खें   जो   हैं  दुखियारे।। 
उनको  भी  खुशियों  में  भागीदार  करें ,
पल खुशियों के आए भूल न  जाएं हम।
ज्योतिर्मय जग कर दें तो सुख पाएं हम,  
आओ मिलकर घर घर दीप जलाएं हम।।
******
सुख  बांटो  तो  कई  गुना  बढ़ जाता है,
रगरग   से   ये  स्नेहसुधा   बरसाता   है।
इंसानों   की  एक  अलग  पहचान  रही ,
मिलजुल  करके खाना  इनको आता है।। 
हम दानव  के  वंशज  नहीं  न दानव  हैं,  
इंसां   हैं,  ये   इसां   को   समझाएं  हम।
ज्योतिर्मय जग कर दें तो सुख पाएं हम, 
आओ मिलकर घरघर दीप जलाएं हम।।
*******
धन प्रकाश का सुन्दरता  का वर  ले लें,
लक्ष्मी   माता  से  अपने  जेवर   ले  लें ।
विजय न्याय की होती  है  विश्वास करें , 
अन्यायी   का   उठें   उतारें  सर   ले लें।।
सहने से भी  मदद  हुई  है जालिम  की, 
इस जज्बे को फिर  परवान चढ़ाएं  हम।
ज्योतिर्मय जग कर दें तो सुख पाएं हम, 
आओ मिलकर घर घर दीप जलाएं हम।।
******
"अनन्त"साधन हीनों  को साधन दें हम .
रोजगार  देकर  आनन्दित  मन  दें  हम।
परेशान   जो   सर्दी    गर्मी  बारिश   में ,
पोषण  कर पाएं  इतना तो धन  दें  हम।।
खूब उड़ाएं  पैसा   अपनी   मौजों   पर ,
उनके जख्मों को भी तो  सहलाएं  हम।  
ज्योतिर्मय जग कर दें तो सुख पाएं हम, 
आओ मिलकर घर घर दीप जलाएं हम।। 
-0-
अख्तर अली शाह 'अनन्त'
नीमच (मध्यप्रदेश)
-०-

***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें
 

Monday, 19 October 2020

शैलपुत्री (घनाक्षरी) - अख्तर अली शाह 'अनन्त

 

शैलपुत्री
(घनाक्षरी)
प्यारे प्यारे  चेहरे हैं  प्यारे  प्यारे  रूप  लिए ,
हर  कोई  देख  देख  वारी  वारी   जाता  है।
हिमालय  की  पुत्री है  शैलपुत्री सख्तजान,
महिमा  को उसकी  तो,सारा जग  गाता है।।
दृढ़ता  की  है मिसाल  ,वृषभ  वाहन  रखे ,
कितनी  है   मनहर , रूप   बड़ा  भाता  है।
अपमान पति  का जो,सह नहीं पाई  जरा,
योग की अग्नि में भष्म, हुई सती माता है।।

देवताओं का किया  है चूर गर्व  देवी  वही,
हेमवती , शैलपुत्री   कहलाने    वाली   है।
पीर  हरे अपनों  की,लाज रखे सपनों की,
महामाया,  विघ्नहरे   वही  महाकाली  है।।
प्रजापति दक्षकी जो कन्यारही जानेसभी,
गिरीराजा हिमाला की सुता वो निरालीहै।
उसकी वो  हुई यहां आदर से जिसने भी,
पायाहै आशीष रूठी माताको मनालीहै।। 
******
-0-
अख्तर अली शाह 'अनन्त'
नीमच (मध्यप्रदेश)
-०-

***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

 

Friday, 9 October 2020

सुख दुख है जीवन में दोनों (गीत) - अख्तर अली शाह 'अनन्त'

सुख दुख है जीवन में दोनों
(गीत)
कभी सुरों की सरिता बहती,
कभी जिंदगी  कांव-कांव है। 
सुख दुख है जीवन में दोनों, 
कभी धूप है  कभी  छांव है।। 
******
कभी  अंधेरे  कभी  उजाले, 
से  होकर  जाना  पड़ता  है।
जीवन का रथ उबड़खाबड़, 
रास्तों   से  आगे   बढ़ता  है।। 
कोई  फूल  बिछाए  पथ  में, 
कोई  कांटे  बिछा   रहा   है। 
कोई   टांग   खींचता   नीचे, 
कोई   ऊपर   उठा  रहा   है।।
कभी मखमली  गद्दो  पर है, 
कभी धूल में  सना  पांव  है। 
सुख दुख हैं जीवन में दोनों, 
कभी धूप  है  कभी छांव है।।
*******
कभी  कहीं   है  सर्दी   गर्मी, 
जीवन नित्य  बदलने वाला। 
कभी श्वेत वर्णी  जीवननभ, 
कभी हुआ है  देखो  काला।। 
कभी-करी उत्तीर्ण  परीक्षा, 
कभी फेलका मजा चखाहै। 
हानिलाभ से ऊपर उठकर, 
जिसने जीवन यहां रखा है।। 
उत्तम वही तो मनआँगन है,
नहीं  रहे  जिसमें  तनाव है। 
सुखदुख है जीवन में दोनों, 
कभी धूप है  कभी छांव है।।
******* 
आशा और निराशा  के जो, 
दो  पैरों   पर  नाच  नचाए। 
कठपुतली ये बना, जिंदगी, 
कभी हंसाए कभी रूलाए।। 
कभी गमोंके अश्क आँखमें,
कभी खुशी  नजरें बरसाती। 
कभी मौत हंसती आआकर, 
कभी चाहने  पर  ना आती।। 
कभीउदास"अनंत"मनबस्ती, 
शोर  मचाता  कभी  गांव है।। 
सुखदुख है जीवन में  दोनों, 
कभी धूप है  कभी  छांव है।। 
******
-0-
अख्तर अली शाह 'अनन्त'
नीमच (मध्यप्रदेश)
-०-

***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

 

Friday, 2 October 2020

हत्यारों को बापू (कविता) - अख्तर अली शाह 'अनन्त'


हत्यारों को बापू
(गीत)
दुख   देते  हैं  जानबूझ कर, 
दुखियारों को बापू। 
महिमामंडित करते  हैं  हम, 
हत्यारों को बापू।। 
******
देश  जूझता आज  तुम्हारा, 
मजधारों में पल पल। 
बढ़ते  हैं  विपरीत  दिशा में, 
छलिया करते हैं छल।। 
बेच  रहे   हैं  धनवानो  को, 
निर्धन के हक सारे। 
श्रमजीवी  मजबूर  हो गए, 
फिरते   मारे  मारे।।
गिरवी रखनेको आतुर घर, 
दीवारों को बापू।
महिमामंडित करते हैं हम,
हत्यारों को बापू।। 
*******
व्यक्ति  पूजा  करने  वाले, 
देशभक्त कहलाते। 
देशभक्त  बेबस  लगते  हैं, 
देश निकाला पाते।। 
रहे प्रिय जो भारतमां  को, 
अपमानित होते हैं। 
मनकी कहने किससे जाएं, 
मन ही मन रोते हैं।। 
करते   तेज  अहिंसावादी 
तलवारों को बापू। 
महिमामंडित करते हैं हम, 
हत्यारों को बापू।।
*******
सत्य अहिंसा सत्याग्रह  के, 
अब लाले पड़ते हैं। 
देशद्रोहियों  के  सीनों  पर,
हम मेडल जड़ते हैं।। 
देश उसी का  माना  जाता, 
जिसने अपना माना। 
नाम भलेकुछ धर्म भलेकुछ, 
जिसका देश ठिकाना।। 
कुछ  नाबीना  न्योत  रहे  हैं, 
अंधियारों  को  बापू। 
महिमामंडित करते  हैं  हम, 
हत्यारों को बापू।। 
*******
प्रजातंत्र  की  करें  वकालत, 
वंशवाद के रक्षक। 
सेवा  के  पथ को  त्यागा  है, 
बने हुए हैं भक्षक।। 
जनकल्याण रखा खूंटी  पर, 
अपना घर भरते हैं।
अपराधी  रेहबर   बन   बैठे, 
कब किससे डरते हैं।।
"अनंत"विजयी घोषितकरते, 
हम हारों को बापू बापू। 
महिमामंडित करते हैं हम, 
हत्यारों  को बापू।। 
-0-
अख्तर अली शाह 'अनन्त'
नीमच (मध्यप्रदेश)
-०-

***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

 

Monday, 14 September 2020

राष्ट्रभाषा बने एक दिन (कविता) - अख्तर अली शाह 'अनन्त'


राष्ट्रभाषा बने एक दिन
(गीत)\
सारीजनता भारत की जब,
इसको गले  लगाएगी।
विश्वगगन   में  हिंदी   ऊँचा.
तब परचम लहराएंगी।।
*****
हिंदी    के   पहरेदारों    से,
मेरी सतत यही आशा।
राष्ट्रभाषा   बने   एक  दिन,
हिंदी ये है अभिलाषा।।
हिंदी में  साहित्य सृजन ही,
नई भोर  को लाएगी।
विश्व गगन  में  हिंदी  ऊँचा,
तब परचम लहराएंगी
******
हिंदी को मां समझने वालों,
हिंदी में  व्यवहार करो।
लिखना पढ़ना हिंदी  में  हो,
मत इससे इनकार करो।।
गौरवमयी   राष्ट्रभाषा    की,
पदवी जब मिल जाएगी।
विश्वगगन  में   हिंदी   ऊँचा,
तब परचम लहराएगी।।
******
तमिल तेलुगू मलयालम  हो,
भले मराठी गुजराती।
सब  हिंदी  की  छोटी  बहनें,
कोई नहीं खुराफाती।।
बड़ीबहन का साथ दिया तो,
शिखर नए छूपाएगी।
विश्व गगन   में  हिंदी  ऊँचा,
तब परचम लहराएगी।।
******
चाहे  जितनी  भाषा   सीखें,
हिंदी का सम्मान करें।
ममता   सदा  मातृभाषा  ही,
दे सकती है ध्यान करें।।
"अनंत"गर जनजन तकहिंदी,
पहुंची तो रंग लाएगी लाएगी।
विश्वगगन   में   हिंदी   ऊँचा,
तब परचम लहराएगी।।
-0-
अख्तर अली शाह 'अनन्त'
नीमच (मध्यप्रदेश)
-०-

***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

Monday, 10 August 2020

ऐ भारत माँ लाल (कविता) - अख्तर अली शाह 'अनन्त'


ऐ भारत माँ लाल 
(कविता)
ऐ भारत माँ के लाल सुनो,
तुमको समझाने आया हूँ।।
अपने बेटों में तुम्हें नींद,
से आज जगाने आया हूँ।।

है आज जरूरत उसकी जो ,
बस उजियारे को फैलाए।
जो अंधभक्ति का तम काटे,
सच को लेकर आगे आए।।
है आज जरूरत भारत को,
अध्यात्म ज्ञान के चिंतन की।
जो भ्रमित न हो पाखंडों से,
ऐसे ही कलुष रहित मन की।।
बुद्धि पर पर्दे पड़े हैं जो,
मैं सभी उठाने आया हूँ ।।
अपने बेटों में तुम्हें नींद,
से आज जगाने आया हूँ।।

है छुआछूत का भेदभाव,
का रोग आज भी भारत को।
दीवारे गर मजबूत नहीं,
खतरा होता ही है छत को ।।
सब एक बने और नेक बने,
तो विश्वगुरु कहलाएंगे।
लड़ते जो रहे अकारण तो,
नाहक ही कुचले जाएंगे ।।
है शक्ति संगठन में भारी,
ये पाठ पढ़ाने आया हूँ।।
अपने बेटों में तुम्हें नींद,
से आज जगाने आया हूँ।।

ये तड़क भड़क देखा देखी.
ये भौतिकता निस्सार सभी।
मानव में मानवता उपजे,
गर यही नहीं बेकार सभी ।।
जो मात पिता की करने से,
सेवा पीछे हट जाएंगे।
सम्पन्न भले वो कितने हों ,
आनंद कहाँ से लाएंगे ।।
भारत ये स्वर्ग "अनन्त"बने,
इतना समझाने आया हूँ ।।
अपने बेटों में तुम्हें नींद ,
से आज जगाने आया हूँ ।।-0-
अख्तर अली शाह 'अनन्त'
नीमच (मध्यप्रदेश)
-०-

***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

Thursday, 6 August 2020

हे परम प्रिय (गीत ) - अख्तर अली शाह 'अनन्त'

हे परम प्रिय 
(गीत )
हे  परम   प्रिय  गुलबदनी  तू,
शक्ति     मेरी   सम्मान   मेरा।
है    प्राण    प्रिये    प्राणेश्वरी,
कितना तुझको है ध्यान मेरा।।
*****
तेरे  बिन  जीवन   कानन  ये,
कब  हरा भरा  रह   पाता  है।
जिस तरह लुटाता जल जीवन,
तेरा     मेरा    वो   नाता    है।।
कलकल करती सरिता  है तू,
तन का मोहक  परिधान मेरा।।
हे    प्राण     प्रिये    प्राणेश्वरी,
कितना तुझको  है ध्यान मेरा।।
*****
जब  कभी  उदासी  का डेरा,
मन आंगन  में  लग  जाता है।
मृदु  हाॅस  तेरा  जादू  करता,
आंगन  में  खुशियाँ  लाता है।।
उल्लास  उमंगों  की  वाहक,
तू  दूर   करें  व्यवधान  मेरा।
हे    प्राण   प्रिये    प्राणेश्वरी,
कितना तुझको है ध्यानमेरा।।
*****
तू  साथी  बनकर  साथ  रहे,
जीवन के कष्ट  हरा  करती।
मैं हूँ किसान कृशकाय मगर,
तू    है    मेरी   उर्वर    धरती।।
खुशहाली   की   दाता  है तू,
है भाग बहुत  बलवान  मेरा।
हे   प्राण    प्रिये    प्राणेश्वरी,
कितना तुझको है ध्यानमेरा।।
******
सुखदुख में साथ"अनन्त" तेरा,
ऋण   कैसे   तेरा   चुकाऊँगा।
तुझको दिलकी मलिकाअपने,
मैं   बना   सतत  सुख पाऊँगा।।
तू   ज्ञान    दायिनी   देवी   है,
हरती    रहना   अज्ञान   मेरा।
हे     प्राण    प्रिये    प्राणेश्वरी,
कितना तुझको है ध्यान  मेरा।।
-0-
अख्तर अली शाह 'अनन्त'
नीमच (मध्यप्रदेश)
-०-



अख्तर अली शाह 'अनन्त' की रचनाएं पढ़ने के लिए शीर्षक चित्र पर क्लिक करें! 

***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

Wednesday, 22 July 2020

लाल बत्ती का सिग्नल (गीत) - अख्तर अली शाह 'अनन्त'

लाल बत्ती का सिग्नल
(गीत )
लाल बत्ती का सिग्नल लोगों,
थम जाओ आदेश थमाता।
नहीं थमा जो दण्डित होता,
अपराधी लोगों कहलाता ।।

जहां चौक चौराहा होता ,
आवागमन बहुत होता है ।
लोग हरेक सिम्त से आते,
हर कोई आपा खोता है ।।
टकरा करके हो ना घायल,
इसीलिए तरतीब बना दी ।
हरी लाल बत्ती चौराहे ,
चौराहों पर यूँ लगवादी ।।
वक्त दे दिया थोड़ा थोड़ा,
जिसमें ही वो बढ़ाने पाता ।
नहीं थमा जो दण्डित होता
अपराधी लोगों कहलाता ।।

लाल हरी बत्ती का हमने ,
लोगों चलन पुराना देखा ।
सिग्नल पाकर ही रेलों का,
हमने आना जाना देखा ।।
जहां लाल बत्ती दिखलादी,
क्या मजाल गाड़ी बढ़ पाए ।
हो चाहे आंधी तूफां भी,
बिना देर के गति थम जाए।
अनुशासन में रहे ड्राइवर ,
उसे यही सिखलाया जाता ।।
नहीं थमा जो दण्डित होता,
अपराधी लोगों कहलाता ।।

शहरों में भी देखा है ये ,
रेड लाइट एरिया होता ।
सोदे जहां बदन के होते ,
जीवन अपना मकसद खोता।।
जहां सिसकती है मानवता,
अश्क जहां खूं के बहते हैं ।
दानव नोंचे जिन्दा लाशें,
जख्म जहाँ रिसते रहते हैं।।
ना जाएं उस ओर कदम ये,
केवल जहां पतन मुस्काता ।
नहीं थमा जो दंडित होता ,
अपराधी लोगों कहलाता ।।
-0-
अख्तर अली शाह 'अनन्त'
नीमच (मध्यप्रदेश)
-०-

***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

Tuesday, 9 June 2020

एक दिन पकडे जाओगे (गीत) - अख्तर अली शाह 'अनन्त'


एक दिन पकडे जाओगे
(गीत)
मत परदे में करो घोटाले छुप छुप कर के पाप ।
पाप से बच न पाओगे ,
एक दिन पकड़े जाओगे ।।

सौ वे दिन बेपर्दा होगा जब पर्दे का मुखड़ा ।
कोई नहीं सुनेगा लोगों पाप करम का दुखड़ा ।।
जीवन को आकर घेरेंगे ,बेशुमार संताप ।
ताप से बच न पाओगे ,
एक दिन पकड़े जाओगे ।।

जब जब भर जाता कोई घट उसे छलकना होता ।
दगा नहीं है सगा किसी का कब करता समझौता।।
दुखियारे मन का फलता है,दिया हुआ हर श्राप ।
श्राप से बच न पाओगे,
एक दिन पकड़े जाओगे ।।

भले बनो नाखुदा ,बनो या रहबर दीन धरम के।
दीनबंधु कहलाओ या हरने वाले हर गम के ।।
गर मन मैला व्यर्थ जाएगी लगी हुई हर छाप ।
छाप से बच न पाओगे ,
एक दिन पकड़े जाओगे ।।

दो आँखें ये भले मान ले नहीं किसी ने देखा ।
पर "अनंत" उसकी आंखों से कौन रहा अनदेखा।।
जिस मालिक ने एक कदम से ली सब धरती नाप।
नाप से बच न पाओगे,
एक दिन पकड़े जाओगे ।।
-0-
अख्तर अली शाह 'अनन्त'
नीमच (मध्यप्रदेश)
-०-

***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

Saturday, 9 May 2020

बेटियां प्यारी हैं (कविता) - अख्तर अली शाह 'अनन्त'


बेटियां प्यारी हैं 
(कविता)

दुराचारियों हत्यारों को ,
फांसी पे लटका दे हम ।
बोटी बोटी काट के चीलों,
कव्वो में बटवा दें हम।।
दंड देखकर देहशत में ,
अपराधी जिस दिन आएंगें।
मुक्ति मिलेगी कीचड़ से ,
जीवन निर्मल हो जाएंगें।।
****
जिसने चैन हमारा छीना,
नहीं चैना से रह पाएं।
ऐसी कर दो गति जहां,
जायें बस ठोकर ही खाएं।।
भले आसिफा हो या हो,
निर्भया बेटियां प्यारी हैं ।
एक सुरक्षित जीवन जी ,
पायें इसकी अधिकारी हैं ।।
******
यह समाज की जिम्मेदारी,
है उनको सम्मान मिले ।
उन्हें मिले जो आसपास में ,
अपने वो इंसान मिले ।।
बने जानवर जो समाज में,
रहते उनको दुत्कारो ।
जहां कहीं मिल जाए उन्हें,
नंगे करके जूते मारो।।
******
बेटी तभी बचेगी यह ,
अभियान सफल हो पाएगा।
उजले चेहरे होंगे अपने,
तभी सुकूं भी आएगा।।
इस मुरदार व्यवस्था को,
बदलें हम दिल से बागी हों।
वैचारिक इस महायज्ञ में ,
हम"अनन्त" सहभागी हों ।।-0-
अख्तर अली शाह 'अनन्त'
नीमच (मध्यप्रदेश)
-०-

***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

Monday, 30 March 2020

अपनी ताकत को पहचानो (गीत) - अख्तर अली शाह 'अनन्त'


अपनी ताकत को पहचानो 
(गीत)
बना खलीफा तुमको भेजा गया जहाँ में ,
ऐ लोगों तुम अपनी ताकत को पहचानों ।
*****
आदम की योनी तुमने पाई लासानी ।
हर योनी इसके आगे भरती है पानी ।।
भग्यवान हो तुम जो ऐसा अवसर पाया ।
परम पिता ने खुश होकर के तुम्हें बनाया।।
पहचानोगे खुद को तब ही बात बनेगी।
झांको खुद में देखो तुम क्या हो दीवानों।।
बना खलीफा तुमको भेजा गया जहाँ में ।
ऐ लोगों तुम अपनी ताकत को पहचानों ।।
*****
खुद रब ने जिसको अपने सांचे में ढ़ाला ।
भला नहीं क्यों होगा वो उसके गुणवाला ।।
वो सामान दृष्टा बन भेद नहीं करता है ।
वो खुशियों से सबकी ही झोली भरता है ।।
करूणा दया शील संतोष आदि गुण सारे ।
हों जिसमें वो शख्स आदमी है ये जानों ।।
बना खलीफा तुमको भेजा गया जहां में।
ऐ लोगो तुम अपनी ताकत को पहचानों।।
********
आदम हैं हम,हैं"अनन्त" उसकी परछाई ।
दूर जो हमसे बैठा है ,हममें है भाई ।।
क्या है गलत सही क्या है हर पल बतलाता।
लेकिन कम अक्लों का उसपे ध्यान न जाता ।।
सबके दिल में बैठा वो,क्योंभटक रहे हम।
पा सकते हैं उसको, ये समझो नादानों ।।
बना खलीफा तुमको भेजा गया जहाँ में।
ऐ लोगों तुम अपनी ताकत को पहचानों ।।
-0-
अख्तर अली शाह 'अनन्त'
नीमच (मध्यप्रदेश)
-०-

***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

Friday, 13 March 2020

मनहरण (घनाक्षरी छंद) - अख्तर अली शाह 'अनन्त'


मनहरण
(घनाक्षरी छंद)
******
लो गुलाल से रंगेंगे ,गालों को तुम्हारे हम,
होली आई है तो खाली,जाने कैसे पाओगे।
मेंहदी के चूर्ण से ये, किया जो तैयार आज ,
हरे रंग से बदन ,को कैसे बचाओगे ।।
पीला रंग हल्दी और,बेसन मिलाके बना,
अपनी त्वचा को आज,तुम चमकाओगे।
अनार के दानों से जो,बनाया है रंग लाल,
भीग गए तो "अनंत, सबको रिझाओगे ।।
*****
लाल गुडहल के ये, फूलों ने तैयार किया,
लाल रंग भाल पे ये ,आज लग जाने दो ।
और फूल गेंदा से जो,पीला रंग बनाया है,
गालों पर बैठ इसे, गीत कोई गाने दो ।।
तुलसी की और गुलमोहर की पत्तियों से,
हरा रंग निकला जो शीश को सजाने दो ।
आ गए "अनंत"यदि,काया न बेरंग रखो,
यार बनाया है मुझे यारी को निभाने दो ।।
*****
बनता है काला रंग,लेडआक्साइड वाला,
करता डेमेज गुर्दे, कभी ना लगाईये ।
कॉपर सल्फेट से जो, हरा रंग बनता है,
बनाता है अंधा कभी, पास मत जाईये।
मर्करी सल्फेट से जो,रंग लाल निकला है,
कैंसर त्वचा का करें ,खुद को बचाईये ।।
रंग रूपहला एल्यूमिनियम ब्रोसाइट ,
बनाता "अनंत" इसे, टाटा कर आईये ।।-0-
अख्तर अली शाह 'अनन्त'
नीमच (मध्यप्रदेश)
-०-

***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

Tuesday, 10 March 2020

पर्व रंगों का (गजल) - अख्तर अली शाह 'अनन्त'


पर्व रंगों का
(गजल)
होली के मौके पर
शेर....
होली में आजादी है दिल खोल के हम बोलें ।
लेकिन बहुत जरूरी है पर तोल के हम बोलें।।
****
गजल
नफरते सारे जमाने की मिटाएं आओ।
पर्व रंगों का, मोहब्बत से मनाएं आओ ।।
ःःःः
प्यार विश्वास वफा ,आस्था समर्पण के ।
भक्त प्रह्लाद को ,सीने से लगाएं आओ ।।
ःःःः
हों न बेशर्म ,न लूटवाएं न लूटें इज्जत ।
राम के देश की ,मर्यादा निभाए आओ ।।
ःःःः
वफा के रंग से, रंगीन बना दें दुनिया ।
रंग छूटे ना कभी ,ऐसा लगाए आओ ।।
ःःः
फाग फूटा है जिन्दगी में ,करें कुछ ऐसा ।
एक दूजे के लिये ,मर के दिखाएं आओ ।।
ःःः
भंग का रंग न ,भटका दे कहीं राहों से ।
अपने संबंधों को, सूली से बचाएं आओ।। -0-
अख्तर अली शाह 'अनन्त'
नीमच (मध्यप्रदेश)
-०-

***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

Sunday, 8 March 2020

सब की भाग्य विधाता है (कविता) - अख्तर अली शाह 'अनन्त'


सब की भाग्य विधाता है
(कविता)
धन की दाता, विद्या की दाता, ये शक्ति प्रदाता है ।
शिल्पकार है नारी जग में सब की भाग्य विधाता है ।।
नारी का सम्मान करो ये शक्ति भक्ति की मूरत है।
दया धर्म का मूल यही है ये करुणा की सूरत है ।।
नारी को पहचाना जिसने शक्ति स्वरूपा जाना है।
मिली सफलता उसको सारा जग उसका दीवाना है।।
जननी पद पर रही प्रतिष्ठित गोदी में अवतार रहे ।
उस गोदी का क्या कहना जिसमें खुद तारणहार रहे।।
पैदा करना और पालना उसको बेहद भाता है । 
शिल्पकार है नारी जग में सब की भाग्य विधाता है।।

खून पिलाकर के बच्चों को अमर बनाया नारी ने।
कभी बनाया शिवा ,कभी राणा जैसा महतारी ने ।।
जीजाबाई को लोगों इतिहास भुला कब पाया है ।
सुत की देह बना फौलादी अपना फर्ज निभाया है।।
गुस्से में आकर जब नारी चंडी रूप दिखाती है ।
अच्छे अच्छों की छाती टुकड़े टुकड़े हो जाती है।।
दुर्गा के गुण धर्म रूप की महिमा ये जग गाता है। 
शिल्पकार है नारी जाग में सबकी भाग्यविधाता है।।

विद्या चाहो ,सरस्वती से मांग लो विद्या देती है ।
बच्चे हों या बड़े सभी को भाती बढ़ी चहेती है ।।
कलमकार इससे वर पाकर मंजिल को छू पाते हैं ।
मंचों पर इसकी पूजा करते हैं ,नहीं अघाते हैं ।।
धन की चाहत रखने वाले लक्ष्मी का पूजन करते। 
करके राजी विष्णुप्रिया को धन से घर अपने भरते।।
पार्वती जननी गणेश की रिद्धि सिद्धि की दाता है । 
शिल्पकार है नारी जग में सब की भाग्य विधाता है।।

लाखों से हथियार डलाकर रण में धाक जमाई है ।
इंदिरा गांधी की सूरत अब तक जहनों पर छाई है ।।
किये पाक के टुकड़े जिसने बांग्लादेश बना डाला ।
बनी विश्व की नेता ऐसा काम किया है मतवाला ।।
जनजन का दुःख था जिसका ऐसा मनआंगन देखा था।
लोगों ने जिस दिन इंदिरा का ,चंडी नर्तन देखा था।।
नारी का वो रोद्र रूप ,ही तो काली कहलाता है । 
शिल्पकार हैं नारी जग में, सबकी भाग्यविधाता है ।।

तुलसीदास के पीछे नारी ,सीख बड़ी अनमोल रही। 
लिखवा दी रामायण, खुशियां जो घरघर में घोल रही।।
राम बने आज्ञा पालक तो दुष्टों का संहार किया ।
शबरी के झूठे फल खाएं पतितों का उद्धार किया ।।
प्यार किया राधा बनकर ,तो बैठ गई अंतर्मन में ।
सेवा का संकल्प लिया तो सीता साथ गई वन में।।
कृष्ण यशोदा की ममता की छांया में सुख पाता है। 
शिल्पकार है नारी जग में सबकी भाग्य विधाता है।।

फूलन देवी कभी बनी तो मार गिराया लोगों को ।
संसद में पहुंची तो जाकर गले लगाया लोगों को।।
नाम महादेवी का भी तो, एक चमकता तारा है ।
हिंदी की बिंदी से जिसने मां का भाल संवारा है।।
अंतरिक्ष में गई कल्पना ,जीत गया कद नारी का ।
था जुनून उसके मन में लोगों केवल सरदारी का।।
परम पिता को भी नारी का रूप बड़ा मन भाता है। 
शिल्पकार है नारी जग में, सबकी भाग्य विधाता है।।

मरियम ने ईसा को पैदा करके अमर निशानी दी।
मानवता फैलाने वाली अनुपम नई कहानी दी ।।
बनी फातिमा जन्नत की मालिक ये सबने माना है।
वो माँ है हसनैन की लोगों भूला नहीं जमाना है ।।
माता बनी आमना बीबी नूर खुदा का फैलाया ।
गोदी में रेहमत खेली तो ,नारी ने गौरव पाया ।।
ये सब ऐसी माएं हैं जिनके गुण खुद रब गाता है। 
शिल्पकार नारी है जग में सबकी भाग्यविधाता है।।

मीराबाई बन, नारी ने भक्ति का संचार किया ।
विष पीकर वो अमर हो गई कैसा उसने प्यार किया।।
झांसी की रानी ने ,अंग्रेजों को खूब छकाया है ।
लक्ष्मी बाई ने नारी का, यश परचम फहराया है।।
पद्मावती नहीं जब पाई दुश्मन हाथ मसलते थे ।
जौहर की ज्वाला में उनके,अरमां धूं धूं जलते थे।।
नूरजहाँ है आविष्कारक सबको इत्र बुलाता है ।
शिल्यकार है नारी जग में सबकी भाग्यविधाता है।।

राष्ट्रपति के पद पर बैठी ,प्रतिभा पाटिल नारी थी।
लोकतंत्र की ताकत थी, सब के वोटों पर भरी थी।।
भले सोनिया भले सुमित्रा जयललिता हो या सुषमा। 
इनके सम्मुख कौन खड़ा होगा किसमे इतनी उष्मा।।
माया ,ममता ,वसुंधरा या कहो राबड़ी जानेंगे ।
उमाभारती कहो सानिया मिर्जा सब पहचानेंगे।।
मदर टेरेसा का सेवा परचम जग में लहराता है । 
शिल्पकार है नारी जग में सबकी भाग्यविधाता है।।-0-
अख्तर अली शाह 'अनन्त'
नीमच (मध्यप्रदेश)
-०-

***
मुख्यपृष्ठ पर जाने के लिए चित्र पर क्लिक करें 

सृजन रचानाएँ

गद्य सृजन शिल्पी - नवंबर २०२०

गद्य सृजन शिल्पी - नवंबर २०२०
हार्दिक बधाई !!!

पद्य सृजन शिल्पी - नवंबर २०२०

पद्य सृजन शिल्पी - नवंबर २०२०
हार्दिक बधाई !!!

सृजन महोत्सव के संपादक सम्मानित

सृजन महोत्सव के संपादक सम्मानित
हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ